बांग्‍लादेश में यह चल क्‍या रहा है…भारत ने तरेरी आंख तो एक्‍शन में आया ढाका, चीन का कनेक्‍शन – Bangladesh steps up surveillance of Chinese vloggers

बांग्‍लादेश में यह चल क्‍या रहा है…भारत ने तरेरी आंख तो एक्‍शन में आया ढाका, चीन का कनेक्‍शन – Bangladesh steps up surveillance of Chinese vloggers


Last Updated:

India-Bangladesh News: चीन के साथ भारत का रिश्‍ता हमेशा से ही खट्टा-मीठा रहा है. पड़ोसी देश के साथ जंग भी हो चुकी है. इसके अलावा बॉर्डर पर झिटपुट घटनाएं होती रहती हैं, पर अब बीजिंग ने हैरान करने वाली साजिश रची है. इसके लिए बांग्‍लादेश को मीडियम बनाया गया है.

Zoom

बांग्‍लादेश में कुछ चाइनीज वॉल्‍गर वहां के पिछड़े इलाकों का वीडियो बनाकर उसे भारत का बताते हुए शेयर कर रहे हैं. अब नई दिल्‍ली ने रिपोर्ट सामने आने के बाद ढाका पर दबाव बनाया है.

ढाका. भारत की आपत्ति के बाद बांग्लादेश में चीनी व्लॉगर्स और सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर्स की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है. इन चीनी नागरिकों पर आरोप है कि वे बांग्लादेश की राजधानी ढाका के गरीब और पिछड़े इलाकों में वीडियो बनाकर उन्हें भारत की राजधानी नई दिल्ली के रूप में पेश कर रहे थे. इन वीडियो के जरिए भारत की छवि खराब करने और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच देश को लेकर नकारात्मक धारणा बनाने की कोशिश की जा रही थी. भारत ने इस मामले को बांग्लादेश की सरकार के सामने उठाया था, जिसके बाद वहां की पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने इन लोगों की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया.

थाईलैंड के दैनिक समाचार पत्र ‘पेज 3 न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ढाका में 100 से अधिक चीनी नागरिक कथित तौर पर रोजाना इस तरह के वीडियो बना रहे थे. इनमें से कुछ लोग स्थानीय निवासियों को भी पैसे देकर वीडियो बनाने में मदद लेते थे. रिपोर्ट में बांग्लादेश के प्रमुख अखबार ‘प्रथम आलो’ के हवाले से बताया गया है कि भारतीय हस्तक्षेप के बाद चीनी व्लॉगर्स की गतिविधियों में कमी आई है. ढाका के उत्तरा वेस्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने भी इन गतिविधियों में गिरावट की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पुलिस और खुफिया विभाग के कर्मचारी चीनी नागरिकों की गतिविधियों और उनकी आवाजाही पर करीबी नजर रख रहे हैं. सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी बढ़ाए जाने के बाद ऐसे वीडियो बनाने की घटनाएं कम हुई हैं.

भारत ने जताई थी कड़ी आपत्ति
भारत के विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इस पूरे मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में आयोजित साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में कहा था कि किसी देश की गलत और विकृत तस्वीर पेश करने के प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण हैं. उन्होंने कहा कि ढाका को दिल्ली बताने के लिए विदेशी तत्वों को पैसे देकर इस तरह की गतिविधियों में शामिल करना गलत है. जायसवाल ने कहा कि झूठे विमर्श को आगे बढ़ाने से ऐसा करने वाले लोगों और उनके पीछे मौजूद लोगों की विश्वसनीयता ही कमजोर होती है. उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह भी किया था.

मई से चल रहा था खेल
रिपोर्ट के मुताबिक, ढाका के टेकपारा और उत्तरा इलाकों में चीनी कंटेंट क्रिएटर्स की ऐसी गतिविधियां मई 2026 से सामने आ रही थीं. ये लोग सुबह से देर रात तक वीडियो रिकॉर्ड करने और सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण करने में सक्रिय रहते थे. पहले इनकी संख्या 100 से अधिक बताई गई थी, जबकि कुछ रिपोर्टों में 150 से ज्यादा चीनी नागरिकों के इस गतिविधि में शामिल होने का दावा किया गया. इन वीडियो में भारत के रहन-सहन, साफ-सफाई, खानपान और गरीबी को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की जाती थीं. एक नवंबर को ‘मियानमियान’ नाम की एक चीनी महिला ने ढाका के उत्तरा सेक्टर-12 में एक नहर के किनारे से लाइव प्रसारण किया था. उसने अपने दर्शकों को बताया कि यह नई दिल्ली है. उसने वहां के मकानों और आसपास के इलाके को गंदा, पिछड़ा और अस्वच्छ बताया था.

बांग्‍लादेशी अखबार की क्‍या थी रिपोर्ट
बांग्लादेशी अखबार ‘प्रथम आलो’ के अनुसार, महिला ने लाइव प्रसारण के दौरान कहा था कि यह नई दिल्ली है और यहां के घर बेहद गंदे हैं. उसने दावा किया था कि टिन की छत वाले मकानों में पंखे तक नहीं हैं और यहां की कानून-व्यवस्था भी खराब है. इसी तरह टेकपारा इलाके में एक अन्य चीनी नागरिक ने चाय की दुकानों पर लाइव वीडियो बनाते हुए स्थानीय लोगों के खानपान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. उसने वहां मिलने वाली चाय को ‘गाय के पेशाब से बनी चाय’ बताया था. इसके अलावा स्थानीय निवासियों की जीवनशैली, स्वच्छता और रहन-सहन को लेकर भी अपमानजनक टिप्पणियां की गई थीं.

सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार को लेकर चिंता
इस घटनाक्रम ने सोशल मीडिया के जरिए भ्रामक सूचनाएं फैलाने और जानबूझकर किसी देश की छवि खराब करने की कोशिशों को लेकर चिंता बढ़ा दी है. डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ऐसे वीडियो तेजी से प्रसारित होते हैं और कई बार उनकी वास्तविकता की पुष्टि होने से पहले ही बड़ी संख्या में लोग उन्हें देख लेते हैं. ढाका के इलाकों को नई दिल्ली बताकर पेश करने का मामला इसी तरह के भ्रामक डिजिटल प्रचार का उदाहरण माना जा रहा है. भारत की आपत्ति के बाद बांग्लादेशी एजेंसियों की निगरानी बढ़ने से फिलहाल ऐसी गतिविधियों में कमी आने की बात कही जा रही है.



Source link