IMD Weather Today: बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान विकसित होने की आशंका है. दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटों में डिप्रेशन में बदल सकता है. इसके बाद यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 16 नवंबर की शाम तक दक्षिणी और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के मध्यवर्ती हिस्सों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है. मौसम विभाग (IMD) ने इस मौसमी प्रणाली को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत बताई है. इसके प्रभाव से अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह, आंध्र प्रदेश और ओडिशा समेत कई तटीय क्षेत्रों में आने वाले दिनों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के कारण 15 नवंबर 2026 को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है. मैदानी इलाकों में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. मौसम में इस बदलाव का असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है. उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोहरा का प्रकोप रहने का पूर्वानुमान है.
दिल्ली-एनसीआर समेत मैदानी इलाकों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है. पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इन दोनों दिनों के दौरान छिटपुट बारिश हो सकती है. पूर्वी राजस्थान में 15 नवंबर को कुछ स्थानों पर वर्षा का अनुमान है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की आशंका है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है. उत्तराखंड में 15 नवंबर को 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में भी 15 नवंबर को गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहने की संभावना है.
यूपी में घने कोहरे का अलर्ट, पश्चिमी हिस्सों में ज्यादा असर
बारिश के अलावा उत्तर प्रदेश में कोहरे को लेकर भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 15 से 17 नवंबर के दौरान घना कोहरा छाने की बहुत अधिक संभावना है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 16 और 17 नवंबर को कुछ स्थानों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है. इससे सुबह के समय दृश्यता प्रभावित होने और सड़क तथा रेल यातायात में परेशानी होने की आशंका है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में अगले एक सप्ताह के दौरान किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है. हालांकि, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही प्रणाली के आगे बढ़ने और चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की स्थिति पर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है. तटीय राज्यों में अगले कुछ दिनों के दौरान बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है.
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने का अलर्ट जारी किया है. (फाइल फोटो/Reuters)
यहां 7 दिन तक बारिश का अनुमान
बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम का सबसे अधिक असर अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग ने 20 नवंबर तक यहां अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. 16 नवंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है. हवा के झोंकों की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. झारखंड में 19 और 20 नवंबर को तथा ओडिशा में 18 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. ओडिशा के लिए 19 और 20 नवंबर को विशेष सतर्कता की जरूरत है. इन दोनों दिनों में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की आशंका है. 18 नवंबर को भी राज्य में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा 19 और 20 नवंबर को गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.
भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
दक्षिण भारत में केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 15 से 20 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने की संभावना है. लक्षद्वीप में 17 से 20 नवंबर तक वर्षा हो सकती है. रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना में 19 और 20 नवंबर को बारिश का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 17 और 18 नवंबर के साथ 20 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. हालांकि, 19 नवंबर को यहां व्यापक स्तर पर वर्षा होने की संभावना जताई गई है. उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में 18 और 20 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि 19 नवंबर को बहुत भारी बारिश का अनुमान है. तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 18 और 20 नवंबर को गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. 19 नवंबर को हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका है.