टी20-वनडे सीरीज जीतकर गदगद अय्यर, लास्ट मैच में किसके सिर बांधा जीत का सेहरा?
Last Updated:
न्यूजीलैंड में टी20 और वनडे सीरीज में टीम इंडिया की जीत को श्रेयस अय्यर ने खास बताया. उन्होंने वनडे सीरीज को गेंदबाजों की सीरीज करार दिया। बता दें कि 5 मैचों की वनडे सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा. वहीं, गेंदबाजों ने कमाल का प्रदर्शन किया. आखिरी वनडे में भी भारत को जीत गेंदबाजों के दम पर ही मिली.
वनडे सीरीज जीतकर क्या बोले अय्यर?
नई दिल्ली. न्यूजीलैंड की धरती पर भारतीय टीम ने टी20 के बाद वनडे सीरीज भी अपने नाम कर ली. आखिरी मुकाबले में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने बेहद निराश किया, लेकिन गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को जीत दिला दी. भारत ने महज 209 रन बनाने के बावजूद न्यूजीलैंड को 187 रन पर समेटकर 22 रन से मुकाबला जीत लिया. सीरीज जीत के बाद भारतीय टीम के कार्यवाहक कप्तान श्रेयस अय्यर काफी खुश नजर आए. उन्होंने जीत का पूरा श्रेय गेंदबाजों को देते हुए कहा कि पूरी सीरीज में गेंदबाजों ने मुश्किल परिस्थितियों में आगे बढ़कर जिम्मेदारी निभाई.
आखिरी दो वनडे मैचों में टीम की कप्तानी संभाल रहे श्रेयस ने कहा, ‘न्यूजीलैंड में टी20 और वनडे दोनों सीरीज जीतना टीम के लिए बड़ी उपलब्धि है. इस दौरे पर खिलाड़ियों को लगातार बदलते मौसम और अलग-अलग परिस्थितियों का सामना करना पड़ा. इसके बावजूद टीम ने हर चुनौती का सामना किया और जीत हासिल की.’
आखिरी वनडे में जीत पर क्या बोले?
सीरीज के पांचवें और अंतिम वनडे में मिली जीत पर अय्यर ने कहा, ‘कम स्कोर बनने के बाद भी खिलाड़ियों का भरोसा कायम था. उन्हें विश्वास था कि गेंदबाज किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं.’ श्रेयस ने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने एक जैसी सोच रखी और मैदान पर उसे सही तरीके से लागू किया.
‘यह बल्लेबाजों की नहीं, गेंदबाजों की सीरीज थी’
श्रेयस अय्यर ने पूरी वनडे सीरीज में गेंदबाजों के प्रदर्शन को खास बताया. उन्होंने कहा, ‘इस सीरीज में बल्लेबाजों के लिए परिस्थितियां आसान नहीं थीं. भारतीय गेंदबाजों ने हर मौके पर अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाई. उन्हें भरोसा था कि चाहे परिस्थितियां कैसी भी हों, वे टीम को जीत दिलाने में सफल रहेंगे.’ श्रेयस ने आगे कहा, ‘टीम के हर खिलाड़ी में मुश्किल समय में लड़ने का जज्बा दिखाई दिया. यही वह सोच और चरित्र है, जिसकी एक टीम को जरूरत होती है. आखिरी वनडे में भी गेंदबाजों ने इसी आत्मविश्वास के साथ प्रदर्शन किया और कम स्कोर का बचाव कर दिखाया.’