Delhi To Purvanchal Bus Service: छठ महापर्व पर दिल्ली-एनसीआर से घर लौटने वाले यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है. इसी भीड़ को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने के लिए यूपी रोडवेज 14,000 से अधिक बसें चला रही है. बता दें कि सांझ के अर्ध्य से पहले वाले यानी 14 नवंबर की रात 2 लाख से भी अधिक लोग 5,000 बसों पर सफर कर रहे हैं.
योगी सरकार का जोर ऐसे सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल को मजबूत करने पर है, जहां महिलाएं और पुरुष दोनों अपनी जरूरत के मुताबिक दिन या रात में सफर कर सकें. योगी सरकार ने महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन और पुलिस की सक्रियता जैसी व्यवस्थाओं को मजबूत किया है. वहीं, सार्वजनिक परिवहन सेवाओं के विस्तार से रात में आवागमन के विकल्प भी बढ़े हैं.
इसका लाभ नौकरीपेशा महिलाओं, छात्राओं और परिवार के साथ यात्रा करने वाली महिलाओं को मिल रहा है. रात में बसों की उपलब्धता होने से उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार यात्रा की योजना बनाने में मदद मिलती है. बेहतर कानून-व्यवस्था और परिवहन सुविधाओं में सुधार ने रात्रिकालीन सफर को लेकर सकारात्मक माहौल तैयार किया है. नाइट सर्विस महिलाओं के लिए भी उपयोगी साबित हो रही है. नौकरी या दूसरे जरूरी कामों के बाद घर लौटने वाली महिलाएं अपनी सुविधा के अनुसार बस से यात्रा कर सकती हैं. त्योहारों पर मायके या ससुराल जाने वाली महिलाओं के लिए भी रात की बसें सुविधाजनक विकल्प बनती हैं.
योगी सरकार की महिला सुरक्षा को लेकर लगातार सक्रियता और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की कोशिशों से सार्वजनिक आवागमन में भरोसे का माहौल मजबूत हुआ है. इसका उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण के साथ आवागमन की अधिक स्वतंत्रता उपलब्ध कराना है. अपर मुख्य सचिव परिवहन अमृत अभिजात ने बताया कि छठ महापर्व पर पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए 13 से 17 नवंबर तक अधिक से अधिक बसों का संचालन करने के निर्देश दिए हैं.
दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, लखनऊ और दूसरे महानगरों में रहने वाले पूर्वांचलवासियों को अपने घर पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए परिवहन निगम को अतिरिक्त बसें संचालित करने और सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने को कहा गया है. इस व्यवस्था से दिन के साथ रात में भी यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प मिल सकेंगे. खासकर कामकाजी महिलाओं और पुरुषों को अपनी सुविधा के अनुसार घर लौटने में मदद मिलेगी. दीपावली के छह दिनों में एक करोड़ से अधिक यात्रियों ने रोडवेज बसों से सफर किया.
6 नवंबर को 18.06 लाख, 7 नवंबर को 16.72 लाख, 8 नवंबर को 17.36 लाख, 9 नवंबर को 14.12 लाख, 10 नवंबर को 16.42 लाख और 11 नवंबर को 19.45 लाख से अधिक यात्रियों ने यात्रा की.
महिला सुरक्षा और सहायता के प्रति यूपी-112 की तत्परता लगातार जरूरतमंदों को राहत पहुंचा रही है. वर्ष 2019 से अब तक 5,274 महिलाओं को एस्कॉर्ट फॉर सेफ्टी सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है. इसी क्रम में सुल्तानपुर के कादीपुर क्षेत्र में 31 अक्टूबर की रात कोई साधन न मिलने से परेशान पति-पत्नी को पीआरवी-9391 ने अपने वाहन से बारी हमीदपुर स्थित उनके घर सकुशल पहुंचाया.