Laptop Keyboard Shortcuts for Students: लैपटॉप चलाते हैं तो आज ही सीख लें 5 जादुई शॉर्टकट, मिनटों में निपटेंगे घंटों वाले काम

Laptop Keyboard Shortcuts for Students: लैपटॉप चलाते हैं तो आज ही सीख लें 5 जादुई शॉर्टकट, मिनटों में निपटेंगे घंटों वाले काम


नई दिल्ली (Laptop Keyboard Shortcuts for Students). डिजिटल दौर में लैपटॉप सिर्फ ऑफिस के काम तक सीमित नहीं रह गया है. ऑनलाइन क्लासेस से लेकर असाइनमेंट बनाने, रिसर्च करने और प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने तक, यह हर स्टूडेंट के डेली रूटीन का अहम हिस्सा बन चुका है. लेकिन अक्सर बच्चे छोटी-छोटी चीजों के लिए बार-बार माउस या ट्रैकपैड का इस्तेमाल करते हैं. इससे न केवल काम की स्पीड धीमी होती है, बल्कि घंटों का काम और भी लंबा खिंच जाता है.

अगर आप अपनी पढ़ाई या ऑफिस का काम स्मार्ट तरीके से निपटाना चाहते हैं तो कीबोर्ड के कुछ खास शॉर्टकट्स सीखना गेम-चेंजर साबित हो सकता है. ये स्मार्ट ट्रिक्स आपकी प्रोडक्टिविटी को कई गुना बढ़ा सकती हैं. इनसे आपका टाइम बचेगा, जिसे आप सेल्फ स्टडी या एक्सट्रा स्किल्स सीखने में लगा सकते हैं. जनरल नॉलेज सेक्शन में आज जानिए विंडोज लैपटॉप के 5 ऐसे दमदार शॉर्टकट्स, जो घंटों का काम कुछ मिनटों में समेट देंगे.

बहुत काम आएंगे लैपटॉप के ये 5 स्मार्ट शॉर्टकट्स

हर स्मार्ट स्टूडेंट को अपना काम आसान बनाने के लिए लैपटॉप के शॉर्टकट्स यानी स्मार्ट ट्रिक्स की जानकारी होनी चाहिए. इन्हें दिमाग में सेव कर लें और अपने दोस्तों-परिजनों के साथ शेयर भी करें.

1. खुल जाएगा गलती से बंद हुआ टैब (Ctrl+Shift+T)

पढ़ाई या रिसर्च करते समय ब्राउजर में एक साथ दर्जनों टैब खुल जाते हैं. ऐसे में कई बार हड़बड़ी में कोई सबसे जरूरी वेबसाइट या नोट्स वाला टैब गलती से बंद हो जाता है. दोबारा हिस्ट्री में जाकर उसे ढूंढना काफी समय बर्बाद करता है. इससे बचने के लिए बस Ctrl + Shift + T दबाएं. ऐसा करते ही आखिरी बार बंद हुआ टैब तुरंत खुल जाएगा. अगर आपने एक से ज्यादा टैब बंद किए हैं तो इस शॉर्टकट को बार-बार दबाकर आप उन सभी को क्रम से वापस ला सकते हैं.

2. बार-बार कॉपी-पेस्ट का झंझट खत्म (Windows + V)

आमतौर पर हम किसी टेक्स्ट को कॉपी करने के लिए Ctrl+C और पेस्ट करने के लिए Ctrl+V का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन इस तरीके में एक बार में सिर्फ एक ही चीज सेव रहती है. अगर अलग-अलग जगहों से 4-5 डिटेल्स कॉपी करनी हों तो Windows Key+V दबाएं. इससे लैपटॉप की ‘क्लिपबोर्ड हिस्ट्री’ खुल जाएगी. यहां पहले कॉपी किए गए सभी टेक्स्ट और इमेज की लिस्ट दिखती है, जिसे आप जरूरत के हिसाब से कभी भी पेस्ट कर सकते हैं. (नोट: पहली बार इस्तेमाल करने पर इसे ‘Turn On’ करना होता है.)

3. एक ही स्क्रीन पर करें 2 काम (Windows+Left/Right Arrow)

ऑनलाइन लेक्चर देखते हुए नोट्स बनाना हो या एक फाइल से डेटा देखकर दूसरी फाइल में लिखना हो, बार-बार विंडो बदलना बेहद थकाऊ हो जाता है. इसके लिए Windows Key + Left Arrow या Right Arrow दबाएं. इससे आपकी मौजूदा विंडो स्क्रीन के आधे हिस्से में सेट हो जाएगी और बचे हुए आधे हिस्से में आप दूसरी विंडो खोल सकते हैं. यह स्प्लिट-स्क्रीन फीचर मल्टीटास्किंग के लिए सबसे बेहतरीन है. इससे आप मल्टी-टास्कर बन जाएंगे.

4. स्क्रीन के खास हिस्से का स्क्रीनशॉट (Windows+Shift+S)

अगर आपको पूरी स्क्रीन के बजाय किसी खास नोट्स, ग्राफ या इमेज के केवल एक स्पेसिफिक हिस्से का स्क्रीनशॉट लेना है तो Windows Key + Shift + S दबाएं. इससे विंडोज का इन-बिल्ट ‘स्निपिंग टूल’ एक्टिव हो जाएगा. आप माउस से जितना हिस्सा चुनेंगे, सिर्फ उतने का ही स्क्रीनशॉट क्लिपबोर्ड में सेव हो जाएगा. इसके बाद आप इसे सीधे वर्ड फाइल, ईमेल या WhatsApp चैट में Ctrl + V करके पेस्ट कर सकते हैं. इससे आपको बाद में इमेज क्रॉप करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

5. एक क्लिक में पहुंचें सीधे डेस्कटॉप पर (Windows + D)

काम के दौरान जब स्क्रीन पर बहुत सारे फोल्डर और ऐप्स खुल जाते हैं तो डेस्कटॉप पर रखी किसी फाइल को खोलने के लिए हर विंडो को अलग-अलग मिनिमाइज करना पड़ता है. इसकी जगह सीधे Windows Key + D दबाएं. यह एक ही झटके में सारी खुली हुई विंडोज को मिनिमाइज करके डेस्कटॉप पर ले आएगा. दोबारा यही बटन दबाने पर सारी विंडोज फिर से पहले जैसी खुल जाएंगी.



Source link