JEE Main 2027 : जेईई मेन की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए अहम खबर है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2027 के आवेदन फॉर्म में कैटेगरी के चयन को लेकर स्पष्टीकरण जारी किया है. एजेंसी ने भारतीय नागरिकों, विदेशी नागरिकों, ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्डधारकों और आधार कार्ड के बिना रहने वाले NRI उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग कैटेगरी निर्धारित की है. एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपनी नागरिकता और आधार की स्थिति के अनुसार ही आवेदन फॉर्म में विकल्प चुनें. एनटीए ने अभ्यर्थियों को निर्देश दिया है कि आवेदन में चुनी गई कैटेगरी उनके आधिकारिक पहचान दस्तावेजों से मेल खानी चाहिए.
जेईई मेन 2027 सेशन 1 के लिए आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर 2026 से शुरू हुई थी. उम्मीदवार 22 नवंबर 2026 तक बिना लेट फीस के आवेदन कर सकते हैं. आवेदन के लिए आधिकारिक वेबसाइट jeemain.nta.nic.in पर जाना होगा.
JEE Main 2027: किस कैटेगरी में करें आवेदन?
एनटीए की एडवाइजरी के अनुसार उम्मीदवारों को निम्नलिखित आधार पर कैटेगरी का चयन करना होगा-
इंडियन नेशनल्स: भारतीय नागरिकों के साथ वे NRI उम्मीदवार भी इस कैटेगरी में आएंगे, जिनके पास आधार कार्ड है.
फॉरेन नेशनल्स: विदेशी नागरिक और OCI कार्डधारकों को इस विकल्प का चयन करना होगा.
बिना आधार कार्ड वाले एनआरआई: ऐसे NRI उम्मीदवार जिनके पास भारतीय पासपोर्ट है, लेकिन आधार कार्ड नहीं है, उन्हें इस कैटेगरी में आवेदन करना होगा.
JEE Main 2027: महत्वपूर्ण तारीखें
जेईई मेन सेशन 1 के लिए आवेदन और परीक्षा का शेड्यूल इस प्रकार है:
आवेदन शुरू : 24 अक्टूबर 2026
बिना लेट फीस आवेदन की अंतिम तारीख: 22 नवंबर 2026
लेट फीस के साथ आवेदन : 23 से 26 नवंबर 2026
आवेदन में सुधार : 27 से 29 नवंबर 2026
एग्जाम सिटी स्लिप : 30 दिसंबर 2026
एडमिट कार्ड : 13 जनवरी 2027
परीक्षा : 20-24 और 28 जनवरी 2027
दो शिफ्ट में होगी परीक्षा
जेईई मेन परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित होगी. पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक होगी.
आवेदन करते समय इन निर्देशों का रखें ध्यान
एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि रजिस्ट्रेशन के लिए अपने DigiLocker, JanParichay या e-Pramaan क्रेडेंशियल का इस्तेमाल करें. जहां जरूरी हो, DigiLocker की Re-KYC प्रक्रिया भी पूरी करें. आवेदन फॉर्म में दर्ज नाम और जन्मतिथि कक्षा 10वीं के सर्टिफिकेट या मार्कशीट में दिए गए विवरण से मेल खाने चाहिए. फॉर्म सबमिट करने से पहले व्यक्तिगत और शैक्षणिक जानकारी अच्छी तरह जांच लें. जिन उम्मीदवारों ने पहले ही एप्लीकेशन नंबर जनरेट कर लिया है या परीक्षा शुल्क जमा कर दिया है, उन्हें भी एनटीए के नए निर्देशों का पालन करना चाहिए.