Indian Railway Parcel Train Mystery: जम्मू कश्मीर के बडगाम में रेलवे पुलिस ने एक पार्सल ट्रेन से करीब 1,600 किलोग्राम सड़ा हुआ मांस बरामद किया है. यह जानकारी शनिवार को एक अधिकारी ने दी. यह मांस दिल्ली से लाया गया था और कथित तौर पर घाटी में इसका वितरण किया जाना था. रेलवे पुलिस थाना प्रभारी बेनजीर इकबाल ने पत्रकारों को बताया कि उन्हें विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि दिल्ली से बडगाम पहुंची एक पार्सल ट्रेन के अगले डिब्बे में सड़ा हुआ मांस रखा हुआ है.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने डिब्बे से सड़े हुए मांस के 44 बक्से बरामद किए. उनके अनुसार, इसे सामान्य पैकेटों में लाया जा रहा था और इसके लिए आवश्यक प्रशीतन की कोई व्यवस्था नहीं थी.
इंडियन रेलवे का बड़ा एक्शन.
इकबाल ने कहा, ‘जब एक बक्से की सील खोलकर उसे देखा गया तो उसके अंदर मांस मिला. उस पर ‘भैंस का मांस’ लिखा हुआ था, लेकिन उसमें बर्फ के टुकड़े नहीं थे. यदि कोई व्यक्ति ट्रेन से मांस ले जा रहा है तो उसके पास उचित दस्तावेज होने चाहिए.’
उन्होंने कहा, ‘सबसे पहले, उसमें फ्रीजर की कोई व्यवस्था नहीं थी. दूसरा, इस बात का प्रमाणपत्र होना चाहिए कि पशु का वध कहां किया गया है. तीसरा, पशु चिकित्सा प्रमाणपत्र होना चाहिए. चौथा, भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) का प्रमाणपत्र होना चाहिए. इनमें से कोई भी दस्तावेज मौजूद नहीं था. इस खेप के साथ कोई प्रमाणपत्र या दस्तावेज नहीं था.’
रेलवे ने दर्ज की एफआईआर
थाना प्रभारी ने बताया कि रेलवे पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 271 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है. उन्होंने कहा, ‘हमने खाद्य सुरक्षा एवं मानक विभाग को इसकी सूचना दी. विभाग के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. बडगाम के तहसीलदार भी वहां पहुंचे. इसके बाद मांस को जब्त कर लिया गया और अब इसे नष्ट किया जा रहा है.’
इकबाल ने बताया कि मांस का वजन करीब 1,600 किलोग्राम था. उन्होंने कहा, ‘इस मांस को यहां घाटी में वितरित किया जाना था.’ पिछले साल भी कश्मीर घाटी में कई स्थानों और खानपान प्रतिष्ठानों से सड़ा हुआ मांस बरामद होने के बाद विवाद खड़ा हो गया था. उस दौरान पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पूरी घाटी में छापेमारी की थी, जिसमें 12,000 किलोग्राम से अधिक सड़ा हुआ मांस बरामद किया गया था, जो मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त था.