Last Updated:
Who is Dinesh Bhatt Haridwar : चहचहाते परिंदों की आवाज किसे नहीं अच्छी लगती. क्या आपने कभी सोचा है कि पक्षी क्यों और कैसे गाते हैं और इनकी इन मीठी धुनों का मतलब क्या होता है. हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. दिनेश भट्ट ने इसका पता लगा लिया है. उन्होंने अपने शोध के दौरान कई देशों की यात्रा की और दुनिया भर के पक्षी वैज्ञानिकों के साथ मिलकर परिंदों की भाषा को डिकोड किया. डॉ. भट्ट कहते हैं कि साल 1990 में एक शाम जब वे प्रयोगशाला से बाहर निकले तो उन्हें किसी के सीटी बजाने जैसी मधुर आवाज सुनाई दी. पास जाकर देखा तो एक पक्षी अपनी चोंच खोलकर गा रहा था. यहीं से उन्हें पक्षियों के गीत और संगीत पर शोध करने का फैसला किया.
हरिद्वार. सुबह की पहली किरण के साथ चहचहाते परिंदों की आवाज हर किसी को सुकून देती है, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि ये पक्षी क्यों और कैसे गाते हैं और इनकी इन मीठी धुनों का असली मतलब क्या होता है. अब इस अनसुलझे रहस्य से पर्दा उठ चुका है. हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. दिनेश भट्ट ने पक्षियों के संगीत यानी बर्ड सिंगिंग पर देश का पहला ऐतिहासिक शोध पूरा किया है. केंद्र सरकार की एक विशेष परियोजना के तहत उन्होंने इस अनोखे विषय पर कई वर्षों तक गहराई से शोध किया. अपने इस लंबे शोध के दौरान उन्होंने कई देशों की यात्रा की और दुनिया भर के पक्षी वैज्ञानिकों के साथ मिलकर परिंदों की भाषा को डिकोड किया जो भारत में आज तक किसी ने नहीं किया था. आखिर कैसे शुरू हुआ यह अनोखा सफर और क्या है पक्षियों के गाने का असली राज? चलिए जानते हैं खुद पूर्व प्रोफेसर डॉ. दिनेश भट्ट से.
1984 में बने असिस्टेंट प्रोफेसर
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ. दिनेश भट्ट बताते हैं कि उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से पीएचडी करने के बाद गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में साल 1984 में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर जॉइन किया था. उस समय यहां प्रयोगशाला की सुविधा नहीं थी इसलिए उन्होंने प्रकृति के बीच रहकर पक्षियों के व्यवहार पर काम करने का मन बनाया. साल 1990 में एक शाम जब वे प्रयोगशाला से बाहर निकले तो उन्हें किसी के सीटी बजाने जैसी मधुर आवाज सुनाई दी. पास जाकर देखा तो एक पक्षी अपनी चोंच खोलकर गा रहा था. यहीं से उन्हें पक्षी गीत और संगीत पर शोध करने की प्रेरणा मिली. इसके बाद डॉ. भट्ट ने विदेशों से शोध साहित्य मंगाया और भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग को एक परियोजना भेजी, जिसे 1991 में मंजूरी मिल गई.
डॉ. दिनेश भट्ट बताते हैं कि इस परियोजना पर उन्होंने और उनके शोध छात्रों ने सबसे पहले मैगपाई रॉबिन यानी दयाल पक्षी पर काम किया. दयाल पक्षी की मीठी आवाज के कारण पत्रकारों ने इसे मोहम्मद रफी भी कहा है. इसके बाद इंडियन चैट, बुलबुल और पाइड बुश चैट जैसे कई पक्षियों के संवाद और संगीत के वैज्ञानिक महत्व को उजागर किया गया. यह शोध साल 2021 तक चला और फिर प्रोफेसर एमेरिटस के रूप में तीन साल का विस्तार मिलने के बाद साल 2024 में पूरा हुआ. गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय की लैब भारत में पक्षी संगीत पर काम करने वाली पहली लैब बनी. इस ऐतिहासिक शोध के कारण डॉ. दिनेश भट्ट ने करीब 22 देशों की यात्रा की और उनके कई शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय जर्नल के मुख्य पृष्ठ पर भी छपे हैं.