किराये की कोख पर सख्त हुई चीन की सरकार, 21 को धर लिया, दी कड़ी वॉर्निंग
Last Updated:
China gets tough Action: चीन की सरकार ने अपने देश में सरोगेसी को अपराध घोषित कर दिया है. चीन ने ये साफ कर दिया है कि सरोगेसी पर देश में सख्त कानून है और अगर कोई इसका उल्लंघन करेगा तो उसे कड़ी सजा भी मिलेगी. इतना ही नहीं चीन ने इससे जुड़े हुए 21 लोगों को गिरफ्तार भी किया है.
सरोगेसी पर सख्त हुआ चीन. (सांकेतिक तस्वीर)
सरोगेसी को लेकर हर देश में अपना अलग कानून है. कहीं पर ये वैध है तो कहीं कानूनी रूप से अपराध. चीन ने 13 नवंबर को अपने देश में सरोगेसी को अपराध घोषित करते हुए इससे जुड़े नियमों को और कड़ा कर दिया. अवैध रूप से इस तरह की सर्विस ऑफ करने वालों की जानकारी मिलने के बाद सरकार की ओर से ये कदम उठाया गया है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के प्रवक्ता यांग जिनरुई ने कहा कि चीन में हर तरह की किराए की कोख पर सख्त प्रतिबंध है और ऐसी व्यवस्था कराना एक अपराध है.
चीन में सरोगेसी को नैतिक मानदंडों का उल्लंघन करता है तथा इसके लिए कड़ी कानूनी सजा दी जाएगी. सरकारी मीडिया ने यांग के हवाले से कहा कि सो कॉल्ड सरोगेसी समझौतों को कानून का संरक्षण प्राप्त नहीं है और ऐसी सर्विस में शामिल लोगों को कानूनी जवाबदेही का सामना करना पड़ सकता है. यह चेतावनी सेंट्रल चीन के हुनान प्रांत की राजधानी चांग्शा में अवैध केंद्रों के सरोगेसी सेवाएं उपलब्ध कराने संबंधी खबरों के बाद दी गई है.
21 लोगों को लिया गया हिरासत में
सरकारी अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ की खबर के मुताबिक इन अवैध गतिविधियों की जांच के दौरान 21 लोगों को हिरासत में लिया गया और प्रक्रियाओं में इस्तेमाल की जाने वाली दवाएं जब्त की गईं. चीन ने 2001 में सरोगेसी पर प्रतिबंध लगा दिया था और चिकित्सा संस्थानों तथा स्वास्थ्य पेशेवरों को किसी भी प्रकार की सरोगेसी तकनीक अपनाने से रोक दिया था. राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग का कहना है कि इस तरह का ट्रेंड महिलाओं के स्वास्थ्य और अधिकारों के लिए गंभीर खतरा पैदा करती है, उनके शरीर को वस्तु बना देती है और उन्हें महज बच्चा पैदा करने के साधन तक सीमित कर देती है. ये महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला है.
सरोगेसी चीन में है अपराध
चीन ने सरोगेसी को अपराध घोषित करते हुए इससे जुड़े नियमों को और कड़ा कर दिया. अवैध रूप से सर्विस देने वाले भूमिगत केंद्रों की खबरों के बाद यह कदम उठाया गया है. चीन में इसे नैतिकता के विरुद्ध माना जाता है और इस तरह की प्रैक्टिस को रोकने के लिए कानून बनाए गए हैं. बावजूद इसके कई इलाकों में चोरी-छिपे ऐसे सेंटर चलते हैं, जिन्हें लेकर अब सरकार सख्त है.