45.90 करोड़ रुपये में बिकी 46 साल पुरानी फिल्मी धरोहर, हॉलीवुड के शौकीन झट से पहचान जाएंगे क्या है ये

45.90 करोड़ रुपये में बिकी 46 साल पुरानी फिल्मी धरोहर, हॉलीवुड के शौकीन झट से पहचान जाएंगे क्या है ये


Last Updated:

80 के दशक में आई फिल्म ‘स्टार वॉर्स’ के आज भी करोड़ों दीवाने हैं. इस फ्रेंचाइजी ने सिनेमा को देखने का नजरिया बदल दिया था. आज भी फिल्म से जुड़ी चीजों से दर्शक गहरे से जुड़े हैं. इसी का नतीजा है कि फ्रेंचाइजी की दर्जनों चीजें महंगे दामों में नीलाम हो रही हैं. डार्थ वेडर की लाइटसेबर (तलवार) की नीलामी 45.90 करोड़ रुपये में हुई है. यह स्टार वॉर्स फ्रेंचाइजी का सबसे महंगा बिका आइटम बन गया है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

फेमस डायलॉग बोलते समय एक्टर ने इस तलवार का इस्तेमा किया था. (फोटो साभार: IMDb)

नई दिल्ली: 1980 में आई फिल्म ‘स्टार वॉर्स’ ने दर्शकों पर गहरा असर डाला था. सिनेमा प्रेमी 46 साल बाद भी इसे देखते और सराहते हैं. इसकी हर एक चीज से खुद को कनेक्ट करते हैं. फिल्म से जुड़ी अनूठी चीजें नीलामी में रखी गईं. अगर आपने फिल्म देखी है, तो आपको डार्थ वेडर की तलवार लाइटसेबर याद होगी. वह एक ऑक्शन में 45.90 करोड़ रुपये में बिकी है, जो अपने-आप में एक रिकॉर्ड है. यह ‘स्टार वॉर्स’ फ्रेंचाइजी का सबसे महंगा बिका आइटम है. डार्थ वेडर ने यह लाइटसेबर उस वक्त थामी हुई थी, जब वे लड़ाई के बीच अपना मशहूर डायलॉग ‘आई एम योर फादर’ बोलते हैं. सीएनएनस्टाइल की रिपोर्ट के अनुसार, पहले यह रिकॉर्ड ल्यूक स्काईवॉकर के लाइटसेबर के नाम था, जो 35.35 करोड़ रुपये में बिका था.

डार्थ वेडर की इस तलवार में आज वो निशान हैं, जो फाइट सीन के दौरान लगे थे. हेरिटेज ऑक्शन ने इसे किरदार की ‘अहम लाइटसेबर’ बताया है. इस तलवार का इस्तेमाल एक्टर डेविड प्राउस और उनके स्टंट डबल ओलंपिक फेंसर बॉब एंडरसन ने कई लड़ाई के सीन्स में किया था. इसे 1980 की फिल्म ‘द एम्पायर स्ट्राइक्स बैक’ में क्लाउड सिटी की लड़ाई में ल्यूक स्काईवॉकर के खिलाफ इस्तेमाल किया गया था. इसी लड़ाई में डार्थ वेडर अपने बेटे का हाथ काट देते हैं और फिर वह चौंकाने वाला सच सामने लाते हैं, जो फ्रेंचाइजी का यादगार सीन है.

‘स्टार वॉर्स’ से जुड़ी 200 चीजों की लगी बोली
‘स्टार वॉर्स’ फेंचाइजी के कई लाइटसेबर विशेष तौर पर नहीं बनाए गए थे, बल्कि वे पुराने कैमरों के ‘फ्लैश होल्डर’ थे जिन्हें दोबारा इस्तेमाल के लिए तैयार किया गया था. लड़ाई के सीन्स में इस्तेमाल होने वाले लाइटसेबर को इस तरह बनाया गया था कि उनमें ‘नकली ब्लेड’ लगाए जा सकें और वे लड़ाई के दौरान होने वाले दबाव को झेल सकें. नीलामी में ‘स्टार वॉर्स’ से जुड़ी 200 चीजों पर बोली लगाई गई. बोबा फेट की राइफल को अच्छी खासी रकम में खरीदा गया. इस नीलामी में 27 अन्य लाइटसेबर भी शामिल थे, जिनमें इवान मैकग्रेगर के ‘ओबी वान केनोबी’ और डेजी रिडले के किरदार ‘रे स्काईवॉकर’ के इस्तेमाल किए गए लाइटसेबर भी थे.



Source link