Last Updated:
कुंडा विधायक राजा भैया ने इस्लाम से सीखने की बात कहते हुए कहा कि बहुत से मुस्लिम हैं जो कांग्रेस में हैं, समाजवादी पार्टी में हैं. अन्य दलों में हैं. बहुत से लोग वामपंथी भी हैं लेकिन इस्लाम उनके लिए प्राथमिकता है.
राजा भैया
रघुराज प्रताप सिंह का नाम और बयान आते ही उत्तर प्रदेश में राजनीतिक और सियासी हलचल मच जाती है. कुंडा से विधायक राजा भैया ने फिर से ऐसा बयान दिया है. उन्होंने सियासत में सक्रिय मुस्लिमों का उदाहरण देते हुए इस्लाम से सीखने की बात कही है. उन्होंने कहा कि हिंदू किसी दल में बंधकर ना रहें.
बाबा बागेश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा के आयोजन में लगे राजा भैया ने कहा, ‘इसमें हमको इस्लाम से सीखना चाहिए. बहुत से मुस्लिम हैं जो कांग्रेस में हैं, समाजवादी पार्टी में हैं. अन्य दलों में हैं. बहुत से लोग वामपंथी भी हैं लेकिन इस्लाम उनके लिए प्राथमिकता है. राजा भैया ने कहा अगर कोई मुसलमान इस्लाम की बात करता है तो पूरा मुस्लिम समाज उसका समर्थन करता है.
उन्होंने कहा- हिंदू किसी दल के अंदर बंध के ना रहें. जब बात हिंदुत्व की आए तो उसको यह सोचना चाहिए कि हम हिंदू पहले हैं, बाकी राजनीतिक दल तो आते-जाते रहेंगे. आज सभी राजनीतिक दल एक-दो अपवाद को छोड़कर ऐसे हैं जो यह नहीं चाहते हैं कि हिंदुओं में एकता हो, हिंदुओं में एकजुटता हो.
राजा भैया ने हाल ही में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि अगर कोई हिंदू सनातन की बात करता है तो हिंदू ही चढ़ बैठते हैं. राजा भैया ने हिंदू समाज को ऐसी मानसिकता से दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा कि भारत तभी तक संवैधानिक राष्ट्र बना रहेगा, जब तक यहां हिंदू बहुसंख्यक हैं.
राजा भैया ने इससे पहले इसी साल मई में एक अन्य धार्मिक कार्यक्रम के दौरान बयान दिया था कि भारत में जितने भी मुस्लिम दिखाई देते हैं, वे सब मूल रूप से हिंदू ही थे और अरब या ओमान से नहीं आए थे. उन्होंने कहा कि जो लोग दबाव, लालच या डर के कारण अपना धर्म बदलकर मुसलमान बन गए, जबकि जो लोग धार्मिक और वीर थे, उनकी संतानें आज हिंदू हैं.