Varanasi Ropeway: काशी रोपवे के सफर में बिजली नहीं बनेगी रुकावट, बिना रुके चलते रहेंगे गंडोले, जानें खूबियां

Varanasi Ropeway: काशी रोपवे के सफर में बिजली नहीं बनेगी रुकावट, बिना रुके चलते रहेंगे गंडोले, जानें खूबियां


Last Updated:

Varanasi Ropeway Project: वाराणसी में देश के पहले शहरी रोपवे ट्रांसपोर्ट के संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं. अब रोपवे को निर्बाध बिजली आपूर्ति देने के लिए विद्यापीठ के ललित कला विभाग परिसर में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से अलग बिजली उपकेंद्र बनाया गया है. खास बात यह है कि एक उपकेंद्र से बिजली सप्लाई में तकनीकी दिक्कत आने पर रोपवे को ऑटोमैटिक तरीके से दूसरे स्रोत से बिजली मिलने लगेगी. वहीं, रोपवे के पहले फेज का काम पूरा हो चुका है और कैंट से रथयात्रा के बीच संचालन की तैयारी है. इस रोपवे से कैंट से गोदौलिया तक का सफर महज 15 मिनट में पूरा किया जा सकेगा.

वाराणसी में रोपवे के सुचारु संचालन के लिए अलग बिजली उपकेंद्र बनाया गया है. इसे विद्यापीठ के ललित कला विभाग परिसर में तैयार किया गया है. रोपवे को बिना किसी रुकावट के बिजली मिलती रहे, इसके लिए इस उपकेंद्र को 220 केवी भेलूपुर और 132 केवी कज्जाकपुरा ट्रांसमिशन सब स्टेशन से जोड़ा गया है. इससे रोपवे के संचालन के लिए बिजली की व्यवस्था मजबूत होगी.

इस बिजली उपकेंद्र की खास बात यह है कि अगर किसी तकनीकी खराबी के कारण एक उपकेंद्र से बिजली की सप्लाई रुक जाती है, तो रोपवे की बिजली अपने आप दूसरे स्रोत से जुड़ जाएगी. इसके लिए आरएमयू सिस्टम लगाया गया है. इससे बिजली की सप्लाई बंद नहीं होगी और रोपवे का संचालन जारी रह सकेगा. इस उपकेंद्र का काम भी लगभग पूरा हो चुका है. पिछले साल ही विधिवत पूजन-अर्चन के साथ इसके निर्माण की आधारशिला रखी गई थी. फिलहाल रोपवे का संचालन अलईपुरा उपकेंद्र से किया जा रहा है.

इस बिजली उपकेंद्र के निर्माण पर करीब 20 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. यहां 5-5 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं. फिलहाल उपकेंद्र पर चार एसएसओ तैनात हैं. इसके संचालन के लिए 10 और कर्मचारियों की मांग की जा रही है. चौकाघाट डिवीजन के अधिशासी अभियंता कुमार सौरभ ने बताया कि रोपवे के संचालन के लिए विभाग की ओर से 2870 किलोवाट का बिजली कनेक्शन जारी किया गया है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

वाराणसी रोपवे ट्रांसपोर्ट के पहले चरण का काम पूरा हो चुका है. इस चरण में कैंट से रथयात्रा के बीच रोपवे का संचालन होना है. इसके लिए अलग-अलग स्तर पर टेस्टिंग का काम भी पूरा कर लिया गया है. वहीं, रथयात्रा से गोदौलिया के बीच अभी ट्रायल चल रहा है. गोदौलिया और गिरजाघर स्टेशन का करीब 75 फीसदी काम भी पूरा हो चुका है.

रोपवे शुरू होने के बाद काशी आने वाले पर्यटकों को आसमान से शहर का नजारा देखने के साथ ही रोमांचक सफर का अनुभव मिलेगा. इसके जरिए श्रद्धालु और पर्यटक आसानी से काशी विश्वनाथ धाम भी पहुंच सकेंगे. रोपवे से करीब 4 किलोमीटर की दूरी महज 15 मिनट में तय की जा सकेगी. फिलहाल सड़क मार्ग से इतनी दूरी तय करने में 35 से 45 मिनट तक लग जाते हैं.

वाराणसी में देश के पहले रोपवे ट्रांसपोर्ट का निर्माण 807 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है. इसके लिए शहर में कुल पांच स्टेशन बनाए गए हैं. इनमें कैंट, विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरजाघर और गोदौलिया स्टेशन शामिल हैं. इन स्टेशनों को इस तरह तैयार किया गया है कि यहां आने वाले यात्रियों को काशी के घाटों की झलक भी देखने को मिलेगी. इसके अलावा यात्रियों की सुविधा के लिए कई खास इंतजाम किए गए हैं.

वाराणसी के रोपवे स्टेशन देखने में एयरपोर्ट जैसे हैं. यहां यात्रियों के लिए लिफ्ट, स्वचालित सीढ़ियां, लगेज काउंटर, कैंटीन और वेटिंग हॉल जैसी सुविधाएं दी गई हैं. स्टेशनों को इस तरह बनाया गया है कि यहां आने वाले लोगों को मंदिर जैसा अनुभव भी हो. इन स्टेशनों की मदद से यात्री आसानी से एक जगह से दूसरी जगह पहुंच सकेंगे. किराये की बात करें तो एक स्टेशन से दूसरे स्टेशन तक जाने के लिए 10 रुपये देने होंगे. वहीं, कैंट से गोदौलिया तक का किराया 50 रुपये होगा.

वाराणसी में शुरू होने वाले इस रोपवे से हर दिन करीब 90 हजार यात्री सफर कर सकेंगे. इसके हर गंडोला में 10 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. रोपवे का संचालन रोजाना करीब 16 घंटे होगा. वहीं, हर घंटे लगभग 6 हजार यात्री इससे सफर कर पाएंगे. इससे शहर में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने में सुविधा मिलेगी.

लेटेस्ट कॉमर्स डील्स, खास डिस्काउंट और बेहतरीन शॉपिंग ऑफर देखने के लिए कंपेयर इंड‍ियादेखें.



Source link