‘गिरिराज’ यानी पहाड़ों के राजा कहलाने वाले गोवर्धन पर्वत से जुड़ी धार्मिक मान्यताएं इस पर्वत को ब्रज क्षेत्र का सबसे पूजनीय स्थान बनाती हैं. यह वही गोवर्धन पर्वत है, जिसे बाल-गोपाल श्री कृष्ण ने अपनी सबसे छोटी अंगुली पर उठाकर गोकुलवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था. श्रीकृष्ण के बाल्यकाल से जुड़ी कई ऐसी घटनाएं जो चमत्कार से कम नहीं हैं लेकिन श्रीकृष्ण लीलाओं और ब्रज की संस्कृति में गोवर्धन पर्वत की जो महिला और मौन्यता है वो आलौकिक है. देशभर में दिवाली के बाद गोवर्धन पूजा का उत्सव मनाया जाता है. लेकिन पूजा का महातम सिर्फ धार्मिक मान्यताओं पर टिका नहीं है. धार्मिक मान्यताओं से इतर अगर इस त्योहार के प्राकृतिक अर्थ को समझने की कोशिश करें तो सबसे पहला सवाल आता है कि आखिर ‘गोवर्धन’ पर गोय-बैल की पूजा, गोबर का इस्तेमाल ही क्यों? क्सा इस उत्सव के पीछे प्राचीन ग्रामीण संस्कृति, खेती-किसानी और प्रकृति-मनुष्य के सहअस्तित्व की कहानी छिपी है…?
‘द जरनल ऑफ कल्चरल जियोग्राफी’ में लेखक डेरिक ओ. लॉड्रिक ने आर्टिकल लिखा है, ‘Gopashtami and Govardhan Puja: Two Krishna Festivals of India’. इसमें वह कहते हैं, ‘गोपाअष्टमी और गोवर्धन पूजा की कहानियां और रीति-रिवाज कृष्ण और गाय के बीच के मजबूत ऐतिहासिक रिश्तों को दिखाते हैं. साथ ही गाय की पवित्रता से जुड़ी पारंपरिक हिंदू सोच को भी मजबूत करते हैं. यूं तो भारतीय संस्कृति में श्रीकृष्ण को कई रूपों में पूजा जाता है. लेकिन ‘गोवर्धन’ का ये त्योहार उनके एक ग्वाले यानी ‘गोपाल’ के स्वरूप की पूजा करता है.
गोवर्धन की परिक्रमा का बहुत ही महत्व माना जाता है. (Image- Canva)
कृष्ण और गोवर्धन पर्वत की पूजा की कहानी क्या है?
श्रीमद्भागवत महापुराण के दसवें स्कंध में गोवर्धन पूजा और उससे जुड़े प्रसंग मिलते हैं. इसके अध्याय 24 से 27 तक भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत से जुड़ी कथा का वर्णन है. द्वापर युग में ब्रज के लोग पूरी तरह खेती-किसानी और गौपाल पर निर्भर थे. ऐसे में वर्षा के देवता इंद्र को प्रसन्न करने के लिए वह रह साल यज्ञ और पूजा करते थे. क्योंकि बारिश से ही खेतों में फसल उगती थी, घास मिलती थी और गायों के लिए चारा उपलब्ध होता था. इसलिए उनके लिए इंद्र की कृपा से सर्वोपरी थी. पर श्रीकृष्ण ने अपने पिता नंद बाबा से पूछा कि आखिर वे इंद्र की पूजा क्यों कर रहे हैं? जब नंद बाबा ने उन्हें बताया कि इंद्र वर्षा करते हैं और बारिश से ही उनकी आजीविका चलती है, तो कृष्ण ने उन्हें एक अलग दृष्टिकोण समझाया. उन्होंने कहा कि ब्रज के लोगों का जीवन गायों, जंगलों, पहाड़ों और वहां मिलने वाले प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर है. गायों को गोवर्धन पर्वत से हरी घास और पानी मिलता है. इसलिए उन्हें सिर्फ वर्षा करने वाले इंद्र देव को नहीं बल्कि उस पर्वत, गायों और प्रकृति के प्रति कृतज्ञ होना चाहिए, जो वास्तव में उनके जीवन का आधार हैं.
कृष्ण की बात मानकर ब्रजवासियों ने इंद्र यज्ञ के बजाय गोवर्धन पर्वत की पूजा की. उन्होंने तरह-तरह के पकवान बनाए, गायों को सजाया और उन्हें भोजन कराया. इसके बाद गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा की गई. कृष्ण ने स्वयं गोवर्धन का विशाल रूप धारण कर लोगों के चढ़ावे को स्वीकार किया. लेकिन जब इंद्र को पता चला कि ब्रज के लोगों ने उनकी पूजा बंद करके गोवर्धन पर्वत की पूजा की है, तो उन्हें बहुत क्रोध आया. उन्होंने ब्रज में भयंकर बारिश और तूफान भेज दिया. लगातार बारिश से गांव में बाढ़ जैसे हालात बन गए. लोगों के साथ उनके पशुधन की जान पर भी संकट आ गया. तब श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया. उन्होंने सभी ब्रजवासियों और उनके पशुओं को पर्वत के नीचे आश्रय दिया. मान्यता है कि कृष्ण ने सात दिनों तक पर्वत को अपनी उंगली पर उठाए रखा. आखिरकार इंद्र को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने बारिश रोक दी.
क्या है प्रकृति-पशुधन-प्राणी का अनूठा संबंध (Image- AI)
शोषण नहीं, दोहन की प्रवृति को बढ़ावा
असल में भारतीय संस्कृति प्राकृतिक संसाधनों के ‘शोषण’ नहीं ‘दोहन’ को महत्ता देती है. ‘शोषण’ का अर्थ प्रकृति का अपने फायदे के लिए अनुचित लाभ उठाना है. यह नैतिक रूप से गलत और अन्यायपूर्ण होता है. जबकि ‘दोहन’ किसी संसाधन का उपयोग करना है. दोहन प्रकृति के सार्थक इस्तेमाल पर जोर देता है, न कि उसे पूरी तरह ‘निचोड़ने’ का. प्रकृति के साथ ‘को-एग्जिस्टेंस’ की ये भावना और प्रकृति को पूजने उसकी शक्तियों को सम्मान करने की ये भावना ‘छठ पर्व’ में भी ऐसे ही नजर आती है और ‘मकर संक्रांति’ में भी.
ये कथा महज श्रीकृष्ण के बाल्यकाल की कई लीलाओं की तरह वर्णित एक लीला नहीं है. बल्कि ये एक बड़ा संदेश है मानव और प्रकृति के रिश्ते और उनकी परस्पर निर्भरता का. जिस पहाड़ से पानी मिलता है, जिस जमीन पर घास उगती है और जिस जंगल से पशुओं को भोजन मिलता है, उनका संरक्षण भी उतना ही जरूरी है जितना किसी देवता की पूजा करना. यही वजह है कि गोवर्धन पूजा में पर्वत, गाय और अन्न तीनों को विशेष महत्व दिया जाता है. श्रीमद्भागवत महापुराण के दसवें स्कंध के 24वें अध्याय में कृष्ण ब्रजवासियों को गायों की देखभाल और उनके पालन-पोषण का महत्व समझाते हैं. गोवर्धन पर्वत की पूजा के साथ गायों को चारा खिलाने और सजाने का भी वर्णन मिलता है.
पुराने ग्रामीण समाज में गाय-बैल आर्थिक संपत्ति क्यों थे?
पुराने भारतीय ग्रामीण समाज में गाय और बैल सिर्फ धार्मिक आस्था के प्रतीक नहीं थे. वे परिवार की आर्थिक स्थिति और आजीविका का बड़ा आधार थे. भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की किताब ‘Indian Agriculture after Independence’ में भारतीय इतिहास में पशुपालन के महत्व का जिक्र किया गया है. इसमें बताया गया है कि वैदिक काल में गायों को संपत्ति का प्रतीक माना जाता था. गायों की संख्या से किसी व्यक्ति की आर्थिक समृद्धि का अंदाजा लगाया जाता था. गाय से दूध, दही, घी, मक्खन और छाछ मिलती थी. इन चीजों का इस्तेमाल घर में खाने के लिए भी होता था और इन्हें बेचकर कमाई भी की जाती थी. वहीं बैल खेती के काम में बेहद जरूरी थे. खेत जोतने, बैलगाड़ी खींचने, अनाज ढोने और कुओं से पानी निकालने जैसे कामों में बैलों का इस्तेमाल होता था. इसी के साथ ही गाय के गोबर को भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा माना गया. इसका इस्तेमाल खेतों में जैविक खाद के रूप में किया जाता था. घरों में उपले बनाकर ईंधन के तौर पर भी इसका उपयोग होता था. यानी गाय और बैल से मिलने वाली चीजें सीधे तौर पर खेती, भोजन, परिवहन और घरेलू जरूरतों से जुड़ी थीं. उस समय जब आज की तरह ट्रैक्टर, आधुनिक मशीनें और रासायनिक खाद उपलब्ध नहीं थे, तब पशुधन किसान की सबसे बड़ी संपत्तियों में शामिल था.
‘गोवर्धन पूजा’ जैसे त्योहार पूरे जनमानस को इस भावना से जोड़ देते हैं और लोग पूरी प्राकृतिक व्यवस्था के प्रति आभार जताते हैं.
(गोवर्धन पर्वत Image- Canva)
गोवर्धन पूजा में छिपा है प्रकृति और खेती को बचाने का संदेश
हाल ही में अरावली की पहाड़ियों को बचाने को लेकर बड़ा जनअंदोलन हुआ. लोग सड़क पर उतरे, लोगों को अपील करनी पड़ी. यही नहीं, उत्तराखंड समेत कई इलाकों में पहाड़ों को विकास के नाम पर काट-काट कर होटल-रेस्तरां बनाए जा रहे हैं, और फिर प्रकृति से हुई इस छेड़छाड़ का खामियाजा भी हमें भुगतना पड़ता है. आज इतने संचार के साधन होने के बाद भी लोगों को यह समझाना मुश्किल हो जाता है कि कैसे पहाड़ हमारे जीवन और प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने का जरूरी हिस्सा हैं. लेकिन दूसरी तरफ ‘गोवर्धन पूजा’ जैसे त्योहार पूरे जनमानस को इस भावना से जोड़ देते हैं और लोग पूरी प्राकृतिक व्यवस्था के प्रति आभार जताते हैं.
श्रीकृष्ण ने हजारों साल पहले ब्रजवासियों को समझाया कि जिस प्रकृति से उन्हें जीवन और आजीविका मिलती है, उसका सम्मान करना जरूरी है. आज के दौर में इसी कहानी के आधार पर हम ये त्योहार मना रहे हैं पर इस भावना को कहीं भूल रहे हैं. आज के दौर में जब जंगलों की कटाई, जलस्रोतों का सूखना, मिट्टी की उर्वरता में कमी और चरागाहों का घटना बड़ी चुनौतियां हैं, तब इस त्योहार का संदेश और महत्वपूर्ण हो जाता है. यही वजह है कि ‘गोवर्धन’ महज एक धार्मिक त्योहार नहीं है. ये प्रकृति-पशुधन-प्राणी के बीच उस गहरे और नाजुक रिश्ते को दिखाता है जिसे आज समझने पहले से भी ज्यादा जरूरी है.