Last Updated:
दुनिया के अलग-अलग महाद्वीपों और शांत द्वीपों पर प्रकृति ने एक से बढ़कर एक अजीबोगरीब जीव बनाए हैं. इन्हीं में से एक है ‘कोकोनट क्रैब’. ये दुनिया में जमीन पर रहने वाला सबसे बड़ा केकड़ा माना जाता है. अपनी बेहिसाब ताकत, खौफनाक साइज और नारियल फोड़ने की क्षमता की वजह से ये जीव अच्छे-अच्छों को डरा देता है.
कोकोनट क्रैब का शरीर कई हिस्सों में बंटा होता है और इनके पास कुल 10 ताकतवर टांगें होती हैं. इनके सामने के दो पंजे इतने मजबूत होते हैं कि ये करीब 27 किलोग्राम तक का वजन आसानी से उठा सकते हैं. इनकी बाकी टांगों के नुकीले सिरे इन्हें सीधे पेड़ों और चट्टानों पर आसानी से चढ़ने में मदद करते हैं. यही नहीं, इनकी चौथी जोड़ी टांगों में चिमटी जैसे पंजे होते हैं, जिनका इस्तेमाल ये अंडे देने, घोंसला बनाने और सेंसेटिव कामों के लिए करते हैं. (रॉयटर्स)
यूं तो ये केकड़े ज्यादातर नारियल और सड़े-गले फल खाते हैं, लेकिन मौका मिलने पर ये खतरनाक शिकारी बन जाते हैं. ये मुर्गियों, बिल्ली के बच्चों और तटों पर बैठने वाले परिंदों का शिकार करने से भी पीछे नहीं हटते. साल 2017 में वैज्ञानिकों ने पहली बार इस केकड़े को एक जिंदा चिड़िया का शिकार करते हुए कैमरे में कैद किया था. सबसे अजीब बात ये है कि ये केकड़े अपनी त्वचा बदलने के बाद अपना ही पुराना कंकाल चबा जाते हैं, जिससे इनके शरीर को अपनी ग्रोथ के लिए भारी मात्रा में कैल्शियम मिलता है. (AI कॉन्सेप्ट इमेज)
साल 1937 में प्रशांत महासागर के ऊपर प्लेन उड़ाते वक्त गायब हुईं मशहूर अमेरिकी पायलट अमेलिया इयरहार्ट की गुमशुदगी को भी इस केकड़े से जोड़ा जाता है. कुछ साल बाद उस इलाके के एक आइलैंड पर कुछ हड्डियां मिली थीं, जिसके आधार पर रिसर्चर्स ने अंदेशा जताया कि शायद प्लेन क्रैश के बाद अमेलिया समुद्र तट पर बेहोश पड़ी होंगी और इन केकड़ों ने उन पर हमला कर दिया होगा. वैज्ञानिकों ने जब सूअर के शवों पर प्रयोग किया, तो देखा कि ये केकड़े कुछ ही समय में हड्डियों को चबाकर उन्हें इधर-उधर बिखेर देते हैं, बिल्कुल उसी तरह जैसे अमेलिया के अवशेष मिले थे. (AI कॉन्सेप्ट इमेज)
Add News18 as
Preferred Source on Google
इन केकड़ों के पंजों में इतनी जबरदस्त पकड़ और ताकत होती है कि अगर ये किसी इंसान की उंगली या पैर का अंगूठा जकड़ लें, तो हड्डी के दो टुकड़े कर सकते हैं. इनकी इसी पकड़ की वजह से माइक्रोनेशिया के स्थानीय लोग इन्हें शांत करने के लिए एक अनोखी तरकीब अपनाते हैं, वो पेड़ की पतली टहनी से केकड़े के पेट के निचले मुलायम हिस्से में सहलाते हैं, जिससे केकड़ा ढीला पड़ जाता है. नारियल का सख्त खोल तोड़ने के लिए ये अपने हथौड़े जैसे पंजों से नारियल की ‘आंख’ में सुराख करते हैं, उसका पानी पीते हैं और फिर उसे पूरा तोड़कर अंदर की मलाई बड़े चाव से खाते हैं. (AI कॉन्सेप्ट इमेज)
कोकोनट क्रैब की जिंदगी की शुरुआत समुद्र के पानी से होती है, जहां इनके छोटे बच्चे तैरते हुए अपने लिए एक मजबूत शंख या खोल ढूंढते हैं. लगभग एक साल तक अलग-अलग खोल बदलकर रहने के बाद, ये केकड़े जमीन पर आ जाते हैं और अपने खोल को हमेशा के लिए त्याग देते हैं. इसके बाद इनका शरीर ‘रीकैल्सीफिकेशन’ प्रक्रिया के तहत बेहद सख्त और मजबूत ढाल में बदल जाता है. फिर ये किसी फिल्मी सुपरहीरो या विलेन की तरह विशालकाय आकार ले लेते हैं और जमीन पर बेखौफ होकर घूमते हैं. (AI कॉन्सेप्ट इमेज)
कोकोनट क्रैब को अपनी पर्सनल लाइफ में किसी का दखल बिल्कुल पसंद नहीं होता और ये बेहद गुस्सैल स्वभाव के होते हैं. धूप से बचने के लिए ये पेड़ों की जड़ों या ठंडी रेत में गहरे गड्ढे बनाकर छिपे रहते हैं और अपनी ही प्रजाति के दूसरे केकड़ों से भी दूरी बनाकर रखते हैं. अगर कोई दूसरा केकड़ा इनके इलाके में या इनके खाने के पास आता है, तो ये अपने बड़े-बड़े पंजे हवा में लहराकर हमला करने की चेतावनी देते हैं. मेटिंग के मौसम को छोड़ दें, तो ये पूरी जिंदगी बिल्कुल अकेले ही गुजारना पसंद करते हैं. (AI कॉन्सेप्ट इमेज)
आम केकड़ों से अलग, कोकोनट क्रैब ने खुद को जमीन पर रहने के लिए इतना ढाल लिया है कि अगर इन्हें ज्यादा देर तक पानी में डुबोकर रखा जाए, तो ये डूबकर मर जाएंगे. इनके पास फेफड़ों जैसी विशेष संरचना होती है जिसे नमी की जरूरत होती है, जिसके लिए ये अपनी टांगों को समुद्र के पानी में भिगोकर अपने शरीर पर छिड़काव करते हैं. हालांकि, जब मादा केकड़े को अंडे देने होते हैं, तब वो वापस समुद्र के किनारे जाती है और पानी में अंडों को छोड़ देती है, जहां से इनकी नई पीढ़ी का साइकल फिर से शुरू होता है. (AI कॉन्सेप्ट इमेज)