Last Updated:
Bangladesh-Pakistan Alliance Tension for India: बांग्लादेश में जब से सरकार बदली है, तब से यहां कुछ अलग ही किस्म की पॉलिसी चल रही है. पहले जो देश निरपेक्ष पॉलिसी लेकर चलता था, वो अब पाकिस्तान की कठपुतली बना हुआ है. एक तरफ तो वो भारत से रिश्ते सुधारना भी चाहता है और वहीं दूसरी तरफ बिना अपने आका पाकिस्तान के एक कदम भी आगे नहीं बढ़ाता.
बांग्लादेश के खुफिया प्रमुख पहुंचे पाकिस्तान.
Bangladesh-Pakistan Alliance Tension for India: बांग्लादेश के नागरिक खुफिया एजेंसी एनएसआई के महानिदेशक मेजर जनरल अबू मोहम्मद सरवर फरीद भारत से लौटने के महज 11 दिन बाद पाकिस्तान पहुंच गए हैं. न्यूज18 को मिली जानकारी के मुताबिक यह दौरा ढाका की क्षेत्रीय सुरक्षा और कूटनीतिक गतिविधियों पर ध्यान खींच सकता है. बांग्लादेश के सुरक्षा प्रतिष्ठान के सूत्रों ने बताया कि फरीद 9 नवंबर को एमिरेट्स की फ्लाइट 587 से इस्लामाबाद के लिए रवाना हुए.
ये दौरा महत्वपूर्ण इसलिए है क्योंकि फरीद अक्टूबर के अंत में दिल्ली में 8वें दक्षिण एशियाई आतंकवाद विरोधी सम्मेलन में शामिल होने गए थे. वहां उन्होंने कई दक्षिण एशियाई देशों के अधिकारियों से मुलाकात की थी. वे 28 अक्टूबर को ढाका लौटे थे और इसके बाद ही पाकिस्तान पहुंच गए. हालांकि उनके पाकिस्तान दौरे का एजेंडा अभी स्पष्ट नहीं है. इस्लामाबाद में वे किन अधिकारियों या एजेंसियों से मिलेंगे, इसकी भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
क्यों बांग्लादेश के खुफिया एजेंसी के चीफ पहुंचे पाकिस्तान?
बांग्लादेश सरकार ने इस यात्रा को पूरी तरह गुप्त रखा है. फरीद के भारत और पाकिस्तान के ये लगातार दौरे ऐसे समय में हुए हैं जब ढाका की क्षेत्रीय सुरक्षा गतिविधियों पर नजरें टिकी हुई हैं. 17 फरवरी 2026 को तारिक रहमान के सत्ता संभालने के बाद बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सैन्य सहयोग तेजी से बढ़ा है. 9 नवंबर को ही पाकिस्तानी सेना का चार सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मेजर जनरल कासिफ अब्दुल्लाह के नेतृत्व में ढाका पहुंचा. उन्होंने बांग्लादेश के सशस्त्र बल डिवीजन प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मीर मुशफिकुर रहमान से A2AST समझौते को लागू करने पर चर्चा की.
भारत के लिए क्यों टेंशन की बात?
A2AST समझौते में खुफिया जानकारी साझा करना, सीमा सुरक्षा बढ़ाना, संयुक्त प्रशिक्षण और सैन्य अभ्यास जैसे बिंदु शामिल हैं. इससे पहले अगस्त 2026 में बांग्लादेश की सैन्य खुफिया एजेंसी डीजीएफआई का 6 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल पाकिस्तान गया था. उस समय पाकिस्तान की आईएसआई और ढाका की खुफिया एजेंसियों के बीच बढ़ते संपर्क की रिपोर्टें आई थीं, लेकिन बैठकों के विवरण सार्वजनिक नहीं किए गए. इन गतिविधियों से साफ है कि बांग्लादेश अपनी क्षेत्रीय सुरक्षा रणनीति में नए समीकरण बना रहा है.