पटना. बिहार के मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों चर्चा में है. दामाद को डिफेंडर कार देने, बेटे को BMW गिफ्ट करने और शादी में लाखों मेहमानों के स्वागत की तैयारियों के बीच विधायक की संपत्ति को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है. आखिर ‘छोटे सरकार’ के पास कितनी दौलत है और उनकी संपत्ति में क्या-क्या शामिल है? 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में दाखिल चुनावी हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह और उनकी पत्नी नीलम देवी की संयुक्त घोषित संपत्ति 100 करोड़ रुपये से अधिक है. इसमें जमीन-जायदाद, लग्जरी गाड़ियां, बैंक जमा और अन्य निवेश शामिल हैं.
2025 के विधानसभा चुनाव में मोकामा सीट से जेडीयू उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करते समय अनंत सिंह ने अपनी कुल संपत्ति 37.88 करोड़ रुपये घोषित की थी. इसमें 26.66 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 11.22 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है. वहीं, उनकी पत्नी नीलम देवी ने 62.72 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की थी. इस तरह दोनों की संयुक्त संपत्ति करीब 100.60 करोड़ रुपये होती है. एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) के MyNeta पोर्टल पर भी हलफनामे के आधार पर कुल संपत्ति 100.61 करोड़ रुपये दर्ज है.
पत्नी नीलम देवी के पास ज्यादा जमीन-जायदाद
संपत्ति के मामले में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी उनसे आगे हैं. अनंत सिंह के पास 11.22 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है, जबकि नीलम देवी के नाम 49.65 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति घोषित है. इसमें कृषि भूमि, गैर-कृषि जमीन, व्यावसायिक भवन और आवासीय संपत्तियां शामिल हैं. अनंत सिंह के नाम पटना में व्यावसायिक संपत्ति और कृषि भूमि भी दर्ज है. दोनों की अचल संपत्ति का कुल मूल्य करीब 60.87 करोड़ रुपये है.
लग्जरी गाड़ियों के भी शौकीन हैं अनंत सिंह
अनंत सिंह की संपत्ति में महंगी गाड़ियां भी शामिल हैं. चुनावी हलफनामे के मुताबिक, उनके पास तीन लग्जरी SUV गाड़ियां हैं, जिनकी घोषित कीमत करीब 3.23 करोड़ रुपये है. वहीं, उनकी पत्नी नीलम देवी के नाम भी तीन लग्जरी गाड़ियां दर्ज हैं, जिनकी कीमत करीब 77.62 लाख रुपये बताई गई है. इसके अलावा अनंत सिंह के पास 15 लाख रुपये के सोने के गहने और नीलम देवी के पास करीब 76.61 लाख रुपये के सोने के गहने घोषित हैं.
25 करोड़ से ज्यादा की देनदारी भी
करोड़ों की संपत्ति के साथ अनंत सिंह और उनकी पत्नी पर कर्ज भी है. चुनावी हलफनामे के मुताबिक, अनंत सिंह पर करीब 2.47 करोड़ रुपये की देनदारी है. वहीं, उनकी पत्नी नीलम देवी पर करीब 23.51 करोड़ रुपये का कर्ज दर्ज है. इस तरह दोनों की कुल देनदारी करीब 25.99 करोड़ रुपये है. यानी परिवार की घोषित कुल संपत्ति और देनदारियों के बीच करीब 74.62 करोड़ रुपये का अंतर है.
बिजनेस, खेती और मकान के किराये से होती है कमाई
चुनावी हलफनामे में अनंत सिंह ने अपनी आय के स्रोतों में बिजनेस, कृषि, विधानसभा से मिलने वाला वेतन और पेंशन तथा मकान का किराया बताया है. वहीं, उनकी पत्नी नीलम देवी ने भी बिजनेस, कृषि, मकान के किराये और विधायक के रूप में मिलने वाले वेतन को आय का स्रोत बताया है. वित्त वर्ष 2024-25 के आयकर रिटर्न में अनंत सिंह ने 39.66 लाख रुपये की आय दिखाई थी, जबकि नीलम देवी की घोषित आय 88.89 लाख रुपये थी.
हाथी, घोड़े और गाय भी संपत्ति का हिस्सा
अनंत सिंह का नाम आते ही घोड़े और पशुओं की चर्चा भी होती है. उनके चुनावी हलफनामे में गाय, घोड़े, हाथी और भैंस जैसे पशुओं का भी जिक्र है. उनकी संपत्ति का यह पहलू भी लोगों के बीच चर्चा का विषय रहता है. बेटी शिवांगी की शादी में घुड़दौड़ और विजेताओं को इनाम देने की तैयारी को लेकर भी अनंत सिंह सुर्खियों में हैं.