2027 में मिल सकता है खुशखबरी, कर्मचारियों को मिल सकता है ₹5.14 लाख का एरियर
Last Updated:
8वें वेतन आयोग के तहत 44,900 रुपये बेसिक सैलरी पाने वाले केंद्रीय कर्मचारी को 2.57 फिटमेंट फैक्टर के आधार पर करीब 1,15,393 रुपये नई बेसिक सैलरी मिल सकती है. अगर नई वेतन व्यवस्था 1 जनवरी 2026 से लागू होती है, तो 12 महीने का संभावित एरियर करीब 5.14 लाख रुपये हो सकता है. हालांकि, यह केवल अनुमान है. अंतिम एरियर फिटमेंट फैक्टर, वेतन आयोग की सिफारिशों और सरकार के फैसले पर निर्भर करेगा.
केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार है. कर्मचारियों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि नई वेतन व्यवस्था लागू होने पर उनकी सैलरी कितनी बढ़ेगी और पिछले महीनों का कितना एरियर मिल सकता है. इसी बीच 44,900 रुपये बेसिक सैलरी पाने वाले एक कर्मचारी के लिए एरियर का एक अनुमान सामने आया है. अगर फिटमेंट फैक्टर 2.57 माना जाए और नई सैलरी 1 जनवरी 2026 से लागू होती है, तो 12 महीने का एरियर करीब 5.14 लाख रुपये हो सकता है.
हालांकि, यह समझना जरूरी है कि 5.14 लाख रुपये कोई तय भुगतान नहीं है. यह कुछ मान्यताओं के आधार पर तैयार किया गया उदाहरण है. अभी 8वें वेतन आयोग ने अपनी रिपोर्ट नहीं सौंपी है और न ही सरकार ने नए फिटमेंट फैक्टर या वेतन में बढ़ोतरी की आधिकारिक घोषणा की है. इसलिए कर्मचारियों को इस रकम को संभावित कैलकुलेशन के तौर पर ही देखना चाहिए. वास्तविक एरियर इस बात पर निर्भर करेगा कि सरकार नई वेतन व्यवस्था कब से लागू करती है और आयोग की सिफारिशों को किस रूप में मंजूरी मिलती है.
मिंट की रिपोर्ट के अनुसार, 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया गया था. इसकी अध्यक्षता जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं. आयोग में प्रोफेसर पुलक घोष को पार्ट टाइम सदस्य और पंकज जैन को सदस्य सचिव बनाया गया है. सरकार ने आयोग को अपनी सिफारिशें तैयार करने के लिए 18 महीने का समय दिया है. इस हिसाब से आयोग को मई 2027 तक अपनी रिपोर्ट देनी है. हालांकि, रिपोर्ट आने के बाद सरकार इसे कब और किस तारीख से लागू करेगी, इस पर अंतिम फैसला लेगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google
एरियर का अनुमान समझने के लिए एक उदाहरण के तौर पर मान लीजिए पे मैट्रिक्स लेवल 6 के एक कर्मचारी की मौजूदा बेसिक सैलरी 44,900 रुपये है. अगर 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.57 रखा जाता है, तो नई बेसिक सैलरी निकालने के लिए 44,900 को 2.57 से गुणा (Multiple) करना होगा. इस हिसाब से नई बेसिक सैलरी 1,15,393 रुपये आएगी. इसे करीब 1,15,400 रुपये माना जा सकता है. ध्यान रहे कि 2.57 फिटमेंट फैक्टर अभी सिर्फ कैलकुलेशन का आधार है, सरकार की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हुई है.
अगर नई बेसिक सैलरी करीब 1,15,400 रुपये मानें, तो जनवरी से जून तक पुरानी बेसिक और DA सहित मिलने वाली रकम से करीब 43,560 रुपये का अंतर होगा. इस तरह छह महीने का एरियर लगभग 2,61,360 रुपये बनेगा. जुलाई से दिसंबर तक DA बढ़ने के कारण हर महीने का अंतर करीब 42,213 रुपये रह जाएगा. इन छह महीनों का एरियर करीब 2,53,278 रुपये होगा. दोनों रकम जोड़ने पर 12 महीने का कुल एरियर 5,14,638 रुपये यानी करीब 5.14 लाख रुपये होगा.
यह समझना जरूरी है कि 5.14 लाख रुपये के इस अनुमान में HRA यानी मकान किराया भत्ता, ट्रांसपोर्ट अलाउंस और दूसरे भत्तों को शामिल नहीं किया गया है. इसके अलावा इनकम टैक्स, नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS), CGHS और अन्य कटौतियों का भी हिसाब नहीं लगाया गया है. कर्मचारी की सालाना सैलरी इंक्रीमेंट, प्रमोशन या MACP का फायदा मिलने पर भी एरियर की रकम में बदलाव हो सकता है.
सबसे अहम बात यह है कि 8वें वेतन आयोग की सिफारिशें अभी लागू नहीं हुई हैं. सरकार ने भी नई सैलरी और एरियर को लेकर कोई अंतिम आदेश जारी नहीं किया है. नई वेतन व्यवस्था 1 जनवरी 2026 से लागू होगी या नहीं, यह भी ऑफिशियल रूप से नहीं बताया गया है. इसलिए 5.14 लाख रुपये को कंफर्म एरियर नहीं माना जा सकता है. हमने केवल 2.57 फिटमेंट फैक्टर के आधार पर लगाया गया एक अनुमान बताया है.