Last Updated:
पूर्वांचल के विकास को और रफ्तार देने के लिए योगी सरकार 32 प्रोजेक्ट्स की लॉन्चिंग की तैयारी कर रही है, जिसकी कुल लागत करीब 5000 करोड़ रुपये है. ये 32 प्रोजेक्ट्स पूर्वांचल के 7 जिलों में तैयार होंगे. इसमें सबसे ज्यादा फायदा वाराणसी को होगा. वाराणसी में कुल 7 प्रोजेक्ट्स लॉन्च किए जाएंगे.
पूर्वांचल के जिलों की बदलेगी तस्वीर.
लखनऊः पूर्वांचल कुछ ही सालों में टूरिज्म के साथ-साथ इंडस्ट्री, रियल एस्टेट और एजुकेशन हब के मामले में एनसीआर से सटे जिलों को टक्कर देने वाला है. दरअसल, काशी-विंध्य क्षेत्र को सिटी इकोनॉमिक रीजन के तौर पर विकसित करने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए करीब 5000 करोड़ रुपये में 32 प्रोजेक्ट्स जमीन पर उतारे जाएंगे. इसके तहत सात जिलों में इंडस्ट्री, रियल एस्टेट और एजुकेशन के अलग-अलग हब बनाए जाएंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इन परियोजनाओं के लिए वर्ल्ड बैंक 70 फीसदी रकम देगा और केंद्र सरकार 30 फीसदी रकम देगी.
कौन-कौन से जिलों को होगा लाभ
वाराणसी विंध्य क्षेत्र के सिटी इकोनॉमिक जोन में वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर, मिर्जापुर, भदोही और सोनभद्र को जोड़ा गया है. इन जिलों में टूरिज्म, इंडस्ट्री, एजुकेशन, हेल्थ, आवास और ट्रांसपोर्ट की सुविधाओं का पूरा नेटवर्क विकसित किया जाएगा. तय योजना के मुताबिक वाराणसी में गंगा किनारे टूरिज्म सिटी तैयार की जाएगी. मिर्जापुर में इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल एरिया और सोनभद्र में 11 गीगावॉट का पावर प्लांट लगाने का भी प्रस्ताव है.
32 प्रोजेक्ट्स के लिए नोडल विभाग भी तय
7 जिलों में प्रस्तावित सभी 32 प्रोजेक्ट्स के लिए नोडल विभाग भी तय कर दिए गए हैं. शासन स्तर पर बीते दिनों हुई मीटिंग में चार नोडल विभागों को छोड़कर बाकी सभी विभागों ने इन प्रोजेक्ट्स के लिए सहमति दे दी है. बाकी अन्य विभाग भी जल्द औपचारिक सहमति देंगे.
वाराणसी में कौन-कौन से 7 प्रोजेक्ट्स
500 एकड़ में एजुकेशन, हेल्थकेयर और स्किलिंग हब का निर्माण.
1000 एकड़ में गंगा किनारे टूरिज्म सिटी.
400 एकड़ में काशी-थीम आधारित टूरिज्म सिटी.
260 एकड़ में सारनाथ सिटी
1000 एकड़ का रामनगर में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर
300 एकड़ का रामनगर में आर्टिजनल पार्क.
100 एकड़ का रामनगर में मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स हब बनेगा.
वहीं भदोही में 100 एकड़ में आर्टिजनल मैन्यूफैक्चरिंग पार्क.
मीरजापुर में 1000 एकड़ का इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल एरिया चुनार और 500 एकड़ का इंडस्ट्रियल एरिया और मिक्सड यूज टाउनशीप
सोनभद्र में 800 से 900 एकड़ में क्लिंकल व सीमेंट ग्राइंडिंग प्लांट और 100 से 150 एकड़ में डाउनस्ट्रीम एल्युमीनियम पार्क.