लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में बड़ी संख्या में किसान खेती-किसानी के साथ पशुपालन भी करते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन किसानों की आय का एक महत्वपूर्ण जरिया है. ऐसे में सर्दियों का मौसम शुरू होते ही पशुओं की देखभाल करना बेहद जरूरी हो जाता है. तापमान में अचानक गिरावट, ठंडी हवाएं और बदलते मौसम का सीधा असर पशुओं की सेहत पर पड़ता है.कई बार लापरवाही के कारण पशु बीमार हो जाते हैं, जिसका असर उनके दूध उत्पादन पर भी दिखाई देता है. ऐसे में पशुपालकों को सर्दियों के मौसम में पशुओं के खानपान, साफ-सफाई और रहने की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देना चाहिए.
पशुओं को रोजाना करीब 5 से 6 घंटे तक धूप जरूरी
पशु चिकित्सकों के मुताबिक, सर्दियों में पशुओं को पर्याप्त धूप देना बेहद जरूरी है. पशुओं को रोजाना करीब 5 से 6 घंटे तक धूप में रखने का प्रयास करना चाहिए. इससे उन्हें सूर्य की रोशनी मिलती है और शरीर में विटामिन डी के निर्माण में मदद मिलती है. विटामिन डी पशुओं की हड्डियों को मजबूत रखने और शरीर में कैल्शियम के बेहतर अवशोषण के लिए महत्वपूर्ण होता है. इसके अलावा पशुओं को ठंड से बचाने के साथ उनकी दिनचर्या में भी सुधार होता है.
बातचीत करते हुए पशु चिकित्सक डॉ. हेमंत सिंह ने बताया कि सर्दियों के मौसम में पशुओं की देखभाल करना बेहद जरूरी होता है. पशुपालकों को चाहिए कि वे अपने पशुओं को रोजाना कम से कम 5 से 6 घंटे तक धूप में रखें, जिससे उन्हें पर्याप्त सूर्य की रोशनी मिल सके. उन्होंने बताया कि कई बार किसान रातभर पशुओं को पशुशाला में बांधकर रखते हैं और सुबह होने के बाद भी उन्हें बाहर नहीं निकालते. लगातार पशुशाला में बांधे रखने से वहां नमी और कीचड़ जमा होने लगता है. ऐसी स्थिति में पशुओं को कई तरह की परेशानियां हो सकती हैं. इसलिए पशुशाला की नियमित सफाई करना और पशुओं को धूप में रखना बेहद आवश्यक है.
पशुशाला में न होने दें कीचड़ और गंदगी
सर्दियों के मौसम में पशुओं को स्वस्थ रखने के लिए उनकी रहने वाली जगह का साफ और सूखा होना बेहद जरूरी है.अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों में पशुओं को ऐसे स्थानों पर बांध दिया जाता है, जहां पानी जमा रहता है या जमीन पर कीचड़ बना रहता है. ठंड के मौसम में ऐसी जगह पशुओं के लिए परेशानी का कारण बन सकती है. लगातार गीली जमीन पर खड़े रहने या बैठने से पशुओं को ठंड का अधिक एहसास होता है. साथ ही उनके शरीर और खुरों से जुड़ी समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है. पशुपालकों को चाहिए कि वे पशुशाला की नियमित सफाई करें. पानी की निकासी के लिए उचित नाली बनवाएं, पशुओं के बैठने वाली जगह पर सूखा भूसा या पुआल बिछाया जा सकते हैं.इससे जमीन की ठंडक से बचाव करने में मदद मिलती है. समय-समय पर गंदे और गीले भूसे को हटाकर उसकी जगह नया सूखा भूसा डालना चाहिए.
ठंडी हवाओं से बचाव करना भी जरूरी
सर्दियों में सुबह और रात के समय तापमान काफी कम हो जाता है. ऐसे में छोटे बछड़ों, कमजोर पशुओं और गर्भवती पशुओं का विशेष ध्यान रखने की जरूरत होती है. पशुशाला ऐसी जगह होनी चाहिए, जहां ठंडी हवाओं का सीधा प्रभाव पशुओं पर न पड़े. दरवाजों और खिड़कियों से आने वाली तेज ठंडी हवा को रोकने के लिए उचित व्यवस्था करनी चाहिए. हालांकि पशुशाला में हवा के आवागमन की व्यवस्था पूरी तरह बंद नहीं करनी चाहिए, क्योंकि साफ हवा भी पशुओं की सेहत के लिए जरूरी है.
कई पशुपालक ठंड से बचाने के लिए पशुओं को पूरी तरह बंद कमरे में रखते हैं.ऐसा करने से पशुशाला में नमी और दुर्गंध बढ़ सकती है. इसलिए पशुओं को ठंड से बचाने के साथ साफ-सुथरा और हवादार वातावरण देना भी जरूरी है.