श्रद्धा, परंपरा और अंधविश्वास में क्या अंतर है? कैसे पहचानें कि आप धर्म के नाम पर भ्रम में हैं?

श्रद्धा, परंपरा और अंधविश्वास में क्या अंतर है? कैसे पहचानें कि आप धर्म के नाम पर भ्रम में हैं?


Shraddha Aur Parampara Mein Antar: धर्म में श्रद्धा रखना अच्छी बात है, लेकिन क्या हर उस बात पर विश्वास कर लेना सही है जिसे धर्म या पूजा-पाठ से जोड़कर बताया जाए? कई बार लोग परंपरा के नाम पर ऐसी बातें मानने लगते हैं, जिनका आधार उन्हें खुद भी पता नहीं होता. वहीं, कुछ लोग पूजा-पाठ और ज्योतिष के नाम पर दूसरों के मन में डर पैदा करते हैं.

ऐसे में सवाल उठता है कि सच्ची श्रद्धा और अंधविश्वास के बीच फर्क कैसे समझें? News18 के एंकर किशोर अजवानी ने इंटरव्यू में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी से यही सवाल पूछा. इस पर स्वामी जी ने विश्वास, कर्तव्य और ज्योतिष के उदाहरण देकर अपनी बात समझाई.

श्रद्धा और अंधविश्वास के बीच क्या है अंतर?

किशोर अजवाणी के सवाल पर स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी ने कहा कि कहीं न कहीं व्यक्ति को विश्वास करना ही पड़ता है. उन्होंने माता-पिता का उदाहरण देते हुए समझाया कि बच्चे को अपने माता-पिता के बारे में उनकी बात पर भरोसा करना पड़ता है. इसी तरह पढ़ाई में भी विद्यार्थी शुरुआत में शिक्षक की बताई बातों को स्वीकार करता है. वह हर चीज पर पहले ही सवाल उठाने लगे तो सीखने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाएगी.

स्वामी जी की इस बात का मतलब है कि जीवन में विश्वास की अपनी जगह है. हर बात को खुद जांचकर ही स्वीकार करना संभव नहीं होता. लेकिन इसका मतलब यह भी नहीं है कि बिना सोचे-समझे किसी की हर बात मान ली जाए. उन्होंने साफ किया कि अंधविश्वास को कर्तव्य नहीं माना जा सकता. यानी विश्वास और आंख बंद करके किसी बात को मान लेने में फर्क समझना जरूरी है.

धर्म के नाम पर डर दिखाना कितना सही?

इस बातचीत में किशोर अजवाणी ने ज्योतिषियों के उस दावे पर भी सवाल किया, जिसमें कहा जाता है कि कोई संकट खास पूजा कराने से दूर हो जाएगा. इस पर स्वामी जी ने कहा कि अगर ग्रह-नक्षत्र प्रतिकूल हैं और ज्योतिषी को विधिवत ज्ञान है, तो वह उसके आधार पर बात बता सकता है. लेकिन केवल पैसे कमाने के लिए लोगों को डर दिखाना सही नहीं है.

उनकी बातों से यह समझ आता है कि किसी भी धार्मिक या ज्योतिषीय सलाह को बिना जांचे स्वीकार नहीं करना चाहिए. अगर कोई व्यक्ति हर परेशानी का हल किसी खास पूजा में बताकर पैसे मांग रहा है, तो उसके ज्ञान और दावे के आधार को समझना जरूरी है. सिर्फ डर के कारण कोई फैसला लेना सही नहीं है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

श्रद्धा के साथ विवेक रखना भी जरूरी

स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी की बातों में विश्वास और अंधविश्वास के बीच एक अहम अंतर सामने आता है. श्रद्धा व्यक्ति को अपने धर्म और परंपरा से जोड़ सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वह अपनी समझ का इस्तेमाल करना छोड़ दे.

किसी धार्मिक परंपरा को निभाते समय उसके पीछे की मान्यता और उद्देश्य समझना चाहिए. पूजा-पाठ करना व्यक्तिगत आस्था का विषय हो सकता है, लेकिन उसके नाम पर डर पैदा करना या बिना आधार के दावे करना अलग बात है.

इसलिए धर्म के नाम पर किसी बात को मानने से पहले खुद से सवाल करें कि क्या इसका कोई आधार है? क्या इसे बताने वाला व्यक्ति सही जानकारी रखता है या सिर्फ अपने फायदे के लिए बात कर रहा है? यही समझ श्रद्धा और अंधविश्वास के बीच अंतर पहचानने में मदद कर सकती है.



Source link