रिंकूसिंह-प्रिया सरोज 4 दिसंबर को लेंगे सात फेरे, लखनऊ में होगी शाही शादी, अलीगढ़ में रिसेप्शन, शाहरुख-अखिलेश से लेकर गेस्ट लिस्ट में कौन-कौन?

रिंकूसिंह-प्रिया सरोज 4 दिसंबर को लेंगे सात फेरे, लखनऊ में होगी शाही शादी, अलीगढ़ में रिसेप्शन, शाहरुख-अखिलेश से लेकर गेस्ट लिस्ट में कौन-कौन?


Rinku Singh Priya Saroj Wedding Date: आईपीएल में लगातार पांच छक्के लगाकर दुनियाभर में अपनी एक अलग पहचान बनाने वाले रिंकू सिंह अब जल्दी ही अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. जैसे-जैसे रिंकू सिंह की शादी की तारीख करीब आ रही है, उनके घर में तैयारियां भी तेज हो गई है. 04 दिसंबर 2026 को मछलीशहर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की युवा सांसद प्रिया सरोज के साथ वो शादी के बंधन में बंधेंगे. दोनों की शादी के कार्ड छपकर तैयार हो चुके हैं और रिश्तेदारों तथा खास मेहमानों को निमंत्रण पत्र भेजने का सिलसिला शुरू हो गया है. ऐसे में अब हर किसी की जुबां पर सिर्फ और सिर्फ एक ही सवाल है कि रिंकू सिंह की शादी की तैयारियां कहा होगी? अलीगढ़ से कितने लोग बरात लेकर जाएंगे और क्रिकेट की दुनिया से कौन-कौन इस खास मौके का हिस्सा बन सकता है?

कहां लेंगे सात फेरे, तय हुआ लखनऊ का वेन्यू
रिंकू सिंह और सांसद प्रिया सरोज का विवाह समारोह नवाबों के शहर लखनऊ में आयोजित होगा. दोनों 4 दिसंबर 2026 को लखनऊ के रमाडा होटल में सात फेरे लेकर एक-दूजे के होंगे. इससे पहले दोनों ने 8 जून 2025 को लखनऊ के सेंट्रम होटल में एक समारोह के दौरान सगाई की थी, जिसमें खेल और राजनीति के कई बड़े चेहरे पहुंचे थे. सगाई के बाद पहले दिसंबर 2025 और फिर फरवरी 2026 में शादी की तारीख तय करने पर विचार हुआ था. हालांकि, 27 फरवरी 2026 को रिंकू के पिता खानचंद के असामयिक निधन और रिंकू के व्यस्त क्रिकेट शेड्यूल के चलते शादी को आगे टालना पड़ा था. अब सभी रस्में पूरी गरिमा के साथ लखनऊ में संपन्न होंगी.

कहां होगा ग्रैंड रिसेप्शन, अलीगढ़ के इन होटलों पर नजर
लखनऊ में विवाह की मुख्य रस्में पूरी होने के बाद रिंकू सिंह के गृह जनपद अलीगढ़ में एक भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा. अलीगढ़ में रिसेप्शन वेन्यू के लिए रिंकू के घर के नजदीकी प्रमुख होटलों के नाम पर विचार चल रहा है. मीडियो रिपोर्ट्स के मुताबिक होटल यश रेजीडेंसी, पारस ज्योति या होटल गोल्डन स्टोन में से किसी एक स्थान को रिसेप्शन पार्टी के लिए फाइनल किया जा सकता है. लखनऊ में भले ही मुख्य समारोह हो, लेकिन रिंकू और प्रिया ने अपने ग्रामीण और क्षेत्रीय जुड़ाव का ध्यान रखते हुए गांव व आसपास के करीब 1500 परिवारों को शादी का विशेष न्योता भेजा है.

शाहरुख-अखिलेश से लेकर गेस्ट लिस्ट में कौन-कौन शामिल?
इस हाई-प्रोफाइल शादी समारोह में खेल, राजनीति और बॉलीवुड की कई जानी-मानी हस्तियां नजर आएंगी. विवाह का सबसे बड़ा आकर्षण बॉलीवुड सुपरस्टार और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के मालिक शाहरुख खान की मौजूदगी होगी. केकेआर से ही खेलकर रिंकू ने शोहरत हासिल की है. हाल ही में प्रिया सरोज ने स्पष्ट किया था कि शाहरुख खान को समारोह में शामिल करने के लिए रिंकू ने उन्हें तारीख पहले ही नोट करा दी है.

राजनीतिक गलियारे से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे. इसके अलावा रिंकू सिंह अपनी मां और भाई के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शादी का न्योता देने के लिए समय मांग चुके हैं, जिनसे 14 या 15 नवंबर के आसपास मुलाकात संभावित है. क्रिकेट जगत से टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर, स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, रोहित शर्मा और बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला को कार्ड भेजा जा रहा है, हालांकि क्रिकेट हस्तियों की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि बाकी है.

अलीगढ़ से कितने लोग जाएंगे बरात में?
रिंकू सिंह की बरात अलीगढ़ से लखनऊ के लिए रवाना होगी, जिसमें खास मेहामन शामिल होंगे. बरात को लेकर परिवार ने काफी सादगी और सतर्कता बरती है. बरातियों की सूची में मुख्य रूप से परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और रिंकू के बचपन के करीबी दोस्त शामिल रहेंगे. अलीगढ़ से लगभग 50 से 100 बेहद करीबी लोगों की बरात लखनऊ जाएगी.

रिंकू की मां ने बहू के लिए खरीबी साड़ी, बहन के साथ फाइनल किया था कार्ड
घर में शादी की शॉपिंग को लेकर भारी उत्साह है. रिंकू की मां ने अपनी होने वाली बहू सांसद प्रिया सरोज के लिए एक बेहद खूबसूरत ‘पीले रंग की खास साड़ी’ खरीदी है. इस दौरान रिंकू की बड़ी भाभी और बहन नेहा भी उनके साथ रहीं. बच्चों के लिए भी कपड़े पसंद किए गए हैं. रिंकू ने खुद अपनी बहन नेहा के साथ बैठकर शादी के कार्ड का डिजाइन फाइनल किया था. दिवाली पर घर आए रिंकू ने बहन को एक स्कूटी भी उपहार में दी थी.

क्रिकेट करियर की बात करें तो रिंकू को भारत-ए टीम का उपकप्तान बनाया गया है और वह कतर रवाना हुए थे. इसके बाद 15 नवंबर के आसपास उन्हें क्रिकेट के सिलसिले में दुबई भी जाना है. विदेश रवानगी से पहले रिंकू खुद परिवार के साथ मिलकर शादी के कार्ड बांटने और जरूरी इंतजाम पूरे करने में हाथ बंटा रहे हैं.



Source link