भारत के लिए अच्छी खबर, टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया से जुड़ेंगे ऋषभ पंत
Last Updated:
rishabh pant fitness update: ऋषभ पंत न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने के लिए तेजी से फिट हो रहे हैं. ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 12 नवंबर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में उनका आखिरी फिटनेस टेस्ट और मैच की तरह अभ्यास कराया जाएगा, जिसके बाद वह न्यूजीलैंड के लिए उड़ान भरेंगे.
ऋषभ पंत की फिटनेस को लेकर आया अपडेट.
नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर सामने आई है. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत चोट से उबर चुके हैं और जल्द ही टीम इंडिया के साथ जुड़ने के लिए न्यूजीलैंड रवाना होंगे. पंत को अक्टूबर के पहले सप्ताह में ईरानी कप के दौरान साइड स्ट्रेन की समस्या हुई थी. इसके बाद से ही उनकी फिटनेस पर नजर रखी जा रही थी. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) का मेडिकल स्टाफ ने उनकी रिकवरी से संतुष्ट है. पंत बुधवार (12 नवंबर) को मैच सिमुलेशन सेशन (मैच जैसी परिस्थिति) के अभ्यास में हिस्सा लेंगे और गुरुवार को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होंगे.
19 नवंबर से पहला टेस्ट
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जानी है. सीरीज का पहला मुकाबला 19 नवंबर से वेलिंगटन में शुरू होगा. भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ी पहले ही न्यूजीलैंड पहुंच चुके हैं और वहां मैच की तैयारी में जुटे हैं. वहीं, पंत के पास पहले टेस्ट से पहले खुद को तैयार करने के लिए करीब एक सप्ताह का समय होगा.
इंडिया ए के साथ खेलना चाहते थे पंत
ऋषभ पंत ने न्यूजीलैंड दौरे पर गई इंडिया ए टीम में शामिल किए जाने की इच्छा जताई थी. वह टेस्ट सीरीज से पहले कुछ मैच खेलकर अपनी लय हासिल करना चाहते थे. यह सीरीज भारत के लिए काफी अहम है, क्योंकि इसका असर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों पर पड़ सकता है.
टीम मैनेजमेंट से जुड़े सूत्रों का मानना है कि पंत के पास इतना अनुभव है कि वह बिना इंडिया ए के मैच खेले भी पहले टेस्ट के लिए तैयार हो सकते हैं. टीम से जुड़े एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, ‘इस बार भारतीय टेस्ट खिलाड़ियों को विदेशी दौरे की तैयारी के लिए काफी समय मिला है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड जैसे दौरों पर भारतीय टीम को वहां पहुंचने के एक सप्ताह के भीतर ही टेस्ट मैच खेलना पड़ा था.’