बागपत: पटाखे फोड़ने के विवाद में राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ को लगी गोली, हालत नाजुक, 2 पर केस दर्ज

बागपत: पटाखे फोड़ने के विवाद में राष्ट्रपति के अंगरक्षक सौरभ को लगी गोली, हालत नाजुक, 2 पर केस दर्ज


Last Updated:

Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत में दीपावली पर पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद में राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षाकर्मी सौरभ को गोली मार दी गई. बीच-बचाव में उनके भाई विनीत भी घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल सौरभ का मेरठ के अस्पताल में ऑपरेशन कर गोली निकाल ली गई है, जहां वे आईसीयू में भर्ती हैं. परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर 3 टीमें गठित की हैं.

Zoom

बागपत में दीपावली पर खूनी संघर्ष, राष्ट्रपति भवन में तैनात सुरक्षाकर्मी सौरभ को लगी गोली (फोटो-AI)

Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में दीपावली के अवसर पर पटाखे जलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. रमाला थाना क्षेत्र के गोपालपुर खड़ाना गांव में रविवार रात पड़ोसियों ने राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में तैनात अंगरक्षक सौरभ पर फायरिंग कर दी. गोली सिर में लगने से जवान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद से गांव में तनाव फैल गया और पुलिस आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश दे रही है.

छुट्टी पर घर आए थे अंगरक्षक सौरभ
गोपालपुर खड़ाना निवासी सौरभ वर्ष 2021 में राष्ट्रपति के अंगरक्षक के रूप में भर्ती हुए थे और वर्तमान में राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में सेवारत हैं. वह परिजनों के साथ दीपावली मनाने के लिए दो दिन पूर्व ही छुट्टी लेकर अपने पैतृक गांव आए थे. 8 नवंबर 2026 की रात करीब 9:45 बजे सौरभ अपने भाई विनीत और मिंटू के साथ घर के बाहर गली में पटाखे जला रहे थे. उसी दौरान पड़ोस में रहने वाले धीरज और मोनू उर्फ प्रवीण वहां पहुंचे और पटाखे फोड़ने का कड़ा विरोध करने लगे.

गाली-गलौज के बाद तमंचे से चलाई गोली
शिकायत के अनुसार, विरोध के साथ ही आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर धीरज ने अवैध तमंचा निकालकर फायरिंग कर दी. गोली दीवार से टकराकर (रिकोचिट होकर) सीधे सौरभ के सिर में कान के पीछे जा धंसी, जिससे वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े. बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई विनीत के सिर पर आरोपियों ने डंडे से प्रहार कर उसे भी घायल कर दिया. वारदात को अंजाम देकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए.

मेरठ में ऑपरेशन, आरोपियों की तलाश में 3 टीमें गठित
परिजन आनन-फानन में सौरभ को बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेरठ रेफर किया गया. मेरठ के एक निजी अस्पताल में चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर सौरभ के सिर में फंसी गोली निकाल दी है. फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं. सूचना पाकर एएसपी प्रवीण कुमार चौहान और सीओ अंशु जैन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. थाना रमाला पुलिस ने पीड़ित के पिता जनकराज की तहरीर पर धीरज व मोनू उर्फ प्रवीण के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस के अनुसार अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए 3 टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है.



Source link