Last Updated:
Padma Shri Pandit Manilal Nag death News: भारतीय शास्त्रीय संगीत की दुनिया ने अपना एक अनमोल सितारा खो दिया है. सितार की धुनों से पांच दशकों से अधिक समय तक संगीत प्रेमियों के दिलों में जगह बनाने वाले पंडित मणिलाल नाग अब हमारे बीच नहीं रहे. पश्चिम बंगाल के विष्णुपुर घराने की परंपरा को आगे बढ़ाने में उनका बड़ा योगदान रहा. उनकी कला ने देश ही नहीं, विदेशों में भी भारतीय संगीत की पहचान मजबूत की.
पंडित मणिलाल नाग विष्णुपुर घराने के ऐसे पहले संगीतकार थे जिन्हें पद्म श्री से नवाजा गया था. फोटो साभार-IANS
नई दिल्ली. पद्म श्री से सम्मानित मशहूर सितार वादक पंडित मणिलाल नाग का 88 वर्ष की आयु में निधन हो गया. मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी. सीएम सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सितार वादक पंडित मणिलाल नाग की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें उन्होंने सितार वादक पंडित मणिलाल के निधन को युग का अंत बताया.
उन्होंने लिखा, ‘पद्म श्री से सम्मानित मशहूर सितार वादक पंडित मणिलाल नाग का निधन हो गया है. उन्होंने सोमवार देर रात कोलकाता में अंतिम सांस ली.’
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने जताया दुख
उन्होंने आगे लिखा, ‘पंडित मणिलाल नाग पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक विष्णुपुर घराने के बड़े नाम थे. उन्होंने ध्रुपद शैली से सजे हमारे शास्त्रीय संगीत को दुनियाभर में पहचान दिलाई. उन्हें पद्म श्री, संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार समेत कई बड़े सम्मान मिले थे. संगीत के प्रति उनका लगाव, सितार बजाने में उनकी महारत और नई पीढ़ी को सिखाने का उनका जुनून ही उन्हें सबसे अलग बनाता था. उनके जाने से एक बड़े युग का अंत हो गया है.’ मुख्यमंत्री ने अपनी बात को खत्म करते हुए लिखा, ‘पश्चिम बंगाल और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की दुनिया में एक ऐसी कमी आ गई है, जिसे पूरा करना मुश्किल है. मैं उनके परिवार, शिष्यों और दुनियाभर में फैले उनके चाहने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं.’
16 अगस्त 1939 में हुआ था जन्म
16 अगस्त 1939 को पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में जन्मे सितार वादक पंडित मणिलाल नाग बंगाल के प्रसिद्ध 400 साल पुराने विष्णुपुर घराना के महान प्रतिपादक और प्रमुख वाहक थे. उन्हें संगीत की शुरुआती शिक्षा उनके पिता और गुरु संगीत आचार्य गोकुल चंद्र नाग से मिली थी.
2020 में पद्म श्री से किया गया था सम्मानित
उन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत में उनके योगदान के लिए वर्ष 2020 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था. वे विष्णुपुर घराने के ऐसे पहले संगीतकार थे जिन्हें पद्म श्री से नवाजा गया था. उन्होंने पांच दशकों से अधिक समय तक ऑल इंडिया रेडियो के लिए वादन किया था.