पटना. बिहार की राजधानी पटना के शहरी विकास और आर्थिक मजबूती की दिशा में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 का दिन अहम रहा. पटना नगर निगम (PMC) के 200 करोड़ रुपये के म्युनिसिपल बॉन्ड की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर आधिकारिक लिस्टिंग हुई. इस मौके पर होटल ताज सिटी सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ाना सरकार का प्रमुख लक्ष्य है. उन्होंने राज्य में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल को बढ़ावा देने, 12 टाउनशिप विकसित करने और बड़े पैमाने पर निवेश लाने की योजना का भी ऐलान किया.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि पटना म्युनिसिपल बॉन्ड का आकार 100 करोड़ रुपये से बढ़कर 200 करोड़ रुपये होना बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि बिहार बंटवारे के बाद राज्य को काफी नुकसान हुआ था, लेकिन 2005 के बाद नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी के प्रयासों से बिहार ने विकास की दिशा में आगे बढ़ना शुरू किया. उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री के रूप में भी उन्होंने बिहार के विकास में योगदान दिया है और अब मुख्यमंत्री के तौर पर विकसित बिहार बनाने के लिए काम कर रहे हैं.
PPP मॉडल से बदलेगी बिहार की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार से बिहार को भरपूर मदद मिल रही है. राज्य में काम करने की शैली में बदलाव आया है और कई क्षेत्रों में पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत काम किया जा रहा है. उन्होंने सभी विभागों के मंत्रियों और अधिकारियों को सरकारी और निजी क्षेत्र के सहयोग से PPP मॉडल पर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है.
उन्होंने कहा कि जिन विभागों में राजस्व का सृजन नहीं हो पा रहा है, उन्हें भी बॉन्ड जारी करने और PPP मॉडल अपनाने की दिशा में काम करना चाहिए. सरकार अपनी ओर से प्रयास कर रही है, लेकिन अधिकारियों और संबंधित पक्षों को भी इसमें सहयोग करना होगा.
मुख्यमंत्री ने सरकारी अस्पतालों का उदाहरण देते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों के संचालन में कई तरह की मुश्किलें आती हैं, जबकि निजी अस्पताल बेहतर तरीके से संचालित हो रहे हैं. ऐसे में स्वास्थ्य क्षेत्र में भी PPP मॉडल लागू करने की संभावनाओं पर काम किया जाएगा, ताकि आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें.
बिहार में बनेंगी 12 टाउनशिप, 5 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में 12 टाउनशिप विकसित की जाएंगी. ये टाउनशिप राज्य को विकसित बिहार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी. उन्होंने नगर विकास विभाग से पटना में प्रस्तावित टाउनशिप का निर्माण जल्द शुरू कराने का आग्रह किया. मुख्यमंत्री के अनुसार, इन योजनाओं के माध्यम से करीब 5 लाख करोड़ रुपये का निवेश आने की संभावना है.
NSE ने भी बताया बिहार के लिए बड़ी उपलब्धि
इस मौके पर NSE के सदस्य सुब्रमण्यम अय्यर ने कहा कि पटना नगर निगम के म्युनिसिपल बॉन्ड की NSE पर लिस्टिंग पटना नगर निगम के साथ-साथ पूरे बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण है. बिहार के पहले म्युनिसिपल बॉन्ड की लिस्टिंग राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है.
उन्होंने कहा कि बिहार ने कम समय में विकास के नए आयाम छुए हैं. इसके लिए उन्होंने पटना नगर निगम को बधाई दी. उन्होंने कहा कि बॉन्ड के माध्यम से जुटाई गई राशि से आने वाले समय में पटना नगर निगम नागरिक सुविधाओं का विस्तार कर सकेगा. साथ ही शहर में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी यह मददगार साबित होगा.