आईटी की नौकरी छोड़ केले के तने से साड़ियां और बैग बना रहीं आनंदा कुमारी
Last Updated:
Ananda Kumari Success Story: सॉफ्टवेयर इंजीनियर की नौकरी छोड़कर आनंदा कुमारी ने केले के तने से साड़ियां, बैग और अन्य उत्पाद बनाने का स्टार्टअप शुरू किया है। इस पहल से किसानों को अतिरिक्त कमाई हो रही है और ग्रामीण महिलाओं को रोजगार मिल रहा है।
हैदराबाद: आमतौर पर युवा लाखों के पैकेज और कॉरपोरेट दफ्तरों की आरामदायक नौकरी को ही सफलता मानते हैं. लेकिन मधुरानगर की रहने वाली आनंदा कुमारी ने लीक से हटकर अपनी पहचान बनाई है. करीब पांच साल तक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करने के बाद उन्होंने अपनी जमी-जमाई नौकरी छोड़ दी. उनका मकसद पर्यावरण के अनुकूल काम करते हुए स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार से जोड़ना था.
अक्सर खेतों में केले की फसल कटने के बाद उसके तने कचरा समझकर फेंक दिए जाते हैं या जला दिए जाते हैं. आनंदा कुमारी ने इसी बेकार हिस्से में संभावना तलाशी. उन्होंने अपने पति श्रीनिवास के साथ मिलकर देश भर के कई इलाकों का दौरा किया और केले के रेशे की गुणवत्ता व निर्माण तकनीकों को समझा. इसके बाद 2022 में उन्होंने प्राकृतिक रेशों से उत्पाद बनाने वाले स्टार्टअप की नींव रखी.
प्राकृतिक रेशों से भी घर की सजावट का सामान तैयार
आनंदा कुमारी बताती हैं कि वह सीधे किसानों से केले के तने खरीदकर उनसे रेशा निकालती हैं. शुरुआत छोटे हैंडीक्राफ्ट्स से हुई थी, लेकिन अब वे केले के रेशे से बेहतरीन फैब्रिक तैयार कर आकर्षक साड़ियां, ट्रेंडी हैंडबैग, फाइल फोल्डर, डायरियां और हैंडमेड पेपर बना रही हैं. इसके अलावा नारियल का रेशा, जलकुंभी, सबाई घास और जूट जैसे सात प्राकृतिक रेशों से भी घर की सजावट का सामान तैयार किया जा रहा है.
किसानों को सीधा आर्थिक लाभ हो रहा
इस पहल से किसानों को सीधा आर्थिक लाभ हो रहा है. जिस तने को किसान फेंक देते थे, अब उसे बेचकर उन्हें प्रति एकड़ 40,000 से 60,000 रुपये तक की अतिरिक्त कमाई हो रही है. साथ ही, उन्होंने ग्रामीण इलाकों की 350 से अधिक महिलाओं को मुफ्त में काम की ट्रेनिंग दी है. ये महिलाएं अपने घरों में रहकर ही बैग और सजावटी सामान तैयार करती हैं, जिन्हें सीधे उचित दामों पर खरीद लिया जाता है.
सैकड़ों परिवारों की आजीविका का सहारा बन चुका
आज उनके पास 11 प्रोसेसिंग यूनिट्स और क्लस्टर्स का एक बड़ा नेटवर्क तैयार हो चुका है. हाल ही में प्रसिद्ध कनक दुर्गा मंदिर के उत्सवों के लिए भी केले के रेशे से बने खास इको-फ्रेंडली लैंप्स और सजावटी सामग्री तैयार की गई. कॉरपोरेट नौकरी की सुरक्षा छोड़कर प्रकृति और समाज के लिए कुछ नया करने का यह फैसला आज सैकड़ों परिवारों की आजीविका का सहारा बन चुका है.