Last Updated:
Strawberry Farming: स्ट्रॉबेरी की खेती के लिए अब बड़े खेत की जरूरत नहीं है. बघेलखंड के किसान कम जमीन में भी इस विदेशी फल की खेती करके अच्छी कमाई कर सकते हैं. नवंबर में पछेती रोपाई, सही किस्मों का चुनाव और आधुनिक सिंचाई तकनीक अपनाकर किसान अप्रैल तक बाजार में ताजे फल बेच सकते हैं.
Strawberry Farming: नवंबर का महीना आमतौर पर रबी फसलों की तैयारी का समय माना जाता है लेकिन बघेलखंड के किसानों के लिए यह कम क्षेत्र में ज्यादा कमाई वाली स्ट्रॉबेरी की खेती का भी मौका बन सकता है. अगर खेत में पानी की निकासी अच्छी हो, ड्रिप सिंचाई और मल्चिंग की सुविधा हो तो नवंबर के पहले सप्ताह से दूसरे सप्ताह तक स्ट्रॉबेरी की पछेती रोपाई की जा सकती है. खास बात यह है कि बघेलखंड की ठंडी रातें स्ट्रॉबेरी के फलों में मिठास, रंग और गुणवत्ता विकसित करने में मदद कर सकती हैं. यही वजह है कि कम जमीन में प्रीमियम भाव देने वाली यह फसल किसानों के लिए अच्छी कैश क्रॉप बन सकती है.
बघेलखंड में नवंबर तक क्यों कर सकते हैं स्ट्रॉबेरी की रोपाई
लोकल 18 से बातचीत में किसान अंशुमान सिंह ने बताया कि बघेलखंड में नवंबर के दूसरे सप्ताह तक भी स्ट्रॉबेरी की पछेती रोपाई की जा सकती है. हालांकि इसके लिए खेत का चुनाव और शुरुआती तैयारी सही होना जरूरी है. स्ट्रॉबेरी को ऐसी जमीन चाहिए जहां पानी रुकता न हो. बलुई दोमट मिट्टी इसके लिए बेहतर मानी जाती है और मिट्टी का पीएच 5.5 से 6.5 के बीच बनाए रखना होता है.
खेत तैयार करने का सही तरीका
स्ट्रॉबेरी लगाने से पहले खेत की अच्छी तरह गहरी जुताई करें. इसके बाद करीब 2 फीट चौड़े और 30 से 40 सेंटीमीटर ऊंचे बेड तैयार किए जाते हैं. दो बेड के बीच लगभग डेढ़ से 2 फीट की जगह रखी जाती है ताकि सिंचाई, निराई और फलों की तुड़ाई के समय किसान आसानी से खेत में काम कर सके.
बेड तैयार करने के बाद ड्रिप इरिगेशन की पाइप लाइन बिछाई जाती है. ड्रिप से पानी सीधे पौधों की जड़ों तक पहुंचता है और जरूरत के मुताबिक खाद भी फर्टिगेशन के जरिए दी जा सकती है. इसके बाद बेड के ऊपर करीब 30 माइक्रोन की प्लास्टिक मल्चिंग की जाती है. मल्चिंग से खरपतवार कम होते हैं, मिट्टी की नमी बनी रहती है और फल सीधे मिट्टी के संपर्क में आने से बचते हैं.
इन किस्मों से मिल सकता है अच्छा उत्पादन
स्ट्रॉबेरी की खेती के लिए विंटर डॉन, कामारोसा, नाबिला और स्वीट चार्ली जैसी उन्नत किस्मों का इस्तेमाल किया जा सकता है. एक एकड़ में करीब 20 हजार से 24 हजार पौधे लगाए जा सकते हैं. वहीं पौधे से पौधे की दूरी लगभग 30×30 सेंटीमीटर रखने से बेहतर उत्पादन मिलता है.
नवंबर से अप्रैल तक चलेगा फसल का चक्र
नवंबर में पौधों की रोपाई के बाद उनका शुरुआती विकास शुरू होता है. इस दौरान पौधों को बढ़वार के लिए पोषण की जरूरत होती है. दिसंबर में फूल आने की अवस्था शुरू होती है, इसलिए इस समय पोटाश की जरूरत बढ़ जाती है. जनवरी से अप्रैल के बीच फल पकने लगते हैं और तैयार फलों की तुड़ाई हर 2 से 3 दिन में करनी पड़ती है.
एक एकड़ से लाखों की कमाई का दावा
एक्सपर्ट के मुताबिक स्ट्रॉबेरी की खेती में पौधे, ड्रिप, मल्चिंग और खाद समेत शुरुआती खर्च करीब 2.5 से 3 लाख रुपये प्रति एकड़ तक आता है. अच्छी देखभाल में एक पौधे से करीब 500 से 700 ग्राम तक फल मिलने का अनुमान बताया गया है जिससे एक एकड़ में लगभग 10 से 12 टन उत्पादन संभव माना गया है.
बाजार में स्ट्रॉबेरी की कीमत गुणवत्ता और मांग के हिसाब से करीब 150 से 300 रुपये किलो तक मिलती है. एक्सपर्ट के मुताबिक लागत निकालने के बाद एक एकड़ से करीब 8 से 12 लाख रुपये तक का शुद्ध लाभ संभव होता है.