Last Updated:
फिल्मों में काम करने का सपना देखने वाले लोगों को कास्टिंग और ऑडिशन के नाम पर ठगने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. अब इस फर्जीवाड़े को लेकर सुपरस्टार कमल हासन की प्रोडक्शन कंपनी राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने बड़ा कदम उठाया है. कंपनी ने साफ कर दिया है कि उसकी किसी भी फिल्म के लिए कोई कास्टिंग एजेंट नियुक्त नहीं किया गया है. साथ ही चेतावनी दी है कि अगर कोई उसके नाम का गलत इस्तेमाल करता पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
नई दिल्ली. फिल्मों में काम करने का सपना देखने वाले लोगों को अक्सर कास्टिंग कॉल और ऑडिशन के नाम पर ठगी का शिकार बनाया जाता है. अब इस तरह के फर्जीवाड़े को लेकर दिग्गज अभिनेता और निर्माता कमल हासन की प्रोडक्शन कंपनी राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने लोगों को सतर्क किया है. कंपनी ने साफ कर दिया है कि उसकी किसी भी फिल्म के लिए कोई कास्टिंग एजेंट नियुक्त नहीं किया गया है. अगर कोई व्यक्ति या एजेंसी कंपनी के नाम का इस्तेमाल करके लोगों को ऑडिशन या फिल्म में काम दिलाने का झांसा देती है, तो उसके खिलाफ कानूनी कदम उठाए जाएंगे.
दरअसल, कमल हासन की आने वाली फिल्म ‘संदियार’ की शूटिंग शुरू होने के ठीक एक दिन बाद प्रोडक्शन हाउस ने यह चेतावनी जारी की है.उन्होंने पोस्ट शेयर की है, कंपनी ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया है. इसके जरिए लोगों को फर्जी ई-मेल, मैसेज और सोशल मीडिया पोस्ट से सावधान रहने की सलाह दी गई है.फोटो साभार :x@RKFI.
राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने अपने बयान में बताया कि उसने अपनी किसी भी फिल्म के लिए किसी कास्टिंग एजेंट को हायर नहीं किया है. ऐसे में अगर किसी को कंपनी के नाम से ऑडिशन या कास्टिंग से जुड़ा कोई मैसेज, ई-मेल या सोशल मीडिया पोस्ट मिलता है, तो उस पर भरोसा करने से बचें.
Add News18 as
Preferred Source on Google
प्रोडक्शन हाउस ने यह भी साफ किया कि अगर कोई व्यक्ति या एजेंसी बिना अनुमति के उसके नाम का इस्तेमाल करते हुए पकड़ी जाती है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. कंपनी का मकसद लोगों को ऐसे फर्जीवाड़े से बचाना है, जिसमें फिल्म में काम दिलाने के नाम पर लोगों को गुमराह किया जाता है.
यह पहली बार नहीं है जब कमल हासन की कंपनी को इस तरह की चेतावनी जारी करनी पड़ी है. पिछले साल नवंबर में भी राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने फर्जी कास्टिंग कॉल को लेकर लोगों को आगाह किया था. कंपनी ने उस समय भी स्पष्ट किया था कि उसकी फिल्मों के लिए कोई अनधिकृत कास्टिंग प्रक्रिया नहीं चल रही है.
हालांकि, फिल्म इंडस्ट्री में इस तरह की धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आते रहते हैं. सिर्फ कमल हासन ही नहीं, दूसरे बड़े सितारों और फिल्ममेकर्स की फिल्मों के नाम पर भी फर्जी ऑडिशन कॉल किए जाते हैं.
इस साल सितंबर में मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की फिल्म ‘एल370’ के मेकर्स ने भी फर्जी ऑडिशन को लेकर चेतावनी जारी की थी. फिल्म के निर्देशक जूड एंथनी जोसेफ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर बताया था कि फिल्म के नाम पर फर्जी ऑडिशन पोस्टर, मैसेज और फोन कॉल किए जा रहे हैं. उन्होंने साफ किया था कि फिल्म के लिए अभी किसी तरह की कास्टिंग या ऑडिशन प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है.
इससे पहले प्रभास की फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के मेकर्स को भी इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा था. फिल्म का निर्माण करने वाली कंपनी वैजयंती मूवीज ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा था कि उसने कास्टिंग या ऑडिशन के लिए किसी बाहरी एजेंसी, व्यक्ति या प्रतिनिधि को जिम्मेदारी नहीं दी है.
कुल मिलाकर, फिल्म इंडस्ट्री में कास्टिंग के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचने के लिए कलाकारों और नए चेहरों को सतर्क रहने की जरूरत है. किसी भी फिल्म के नाम पर ऑडिशन का ऑफर मिलने पर उसकी आधिकारिक पुष्टि जरूर कर लेनी चाहिए.