Last Updated:
Rare Snake Rescue: बैतूल शहर के गौठाना वैष्णवी नगर क्षेत्र में एक घर के बगीचे से दुर्लभ और जहरीला बैंबू पिट वाइपर सांप मिला है. स्नेक कैचर ने कड़ी मशक्कत के बाद इसे सुरक्षित रेस्क्यू कर सतपुड़ा वनक्षेत्र के जंगल में छोड़ दिया है. बैतूल में 3-4 साल बाद यह दुर्लभ सरीसृप दिखाई दिया है.
Betul News: बैतूल शहर के बीच स्थित गौठाना क्षेत्र के वैष्णवी नगर में एक घर के बगीचे में दुर्लभ ‘बैंबू पिट वाइपर’ सांप दिखाई देने से हड़कंप मच गया. स्नेक कैचर ने काफी देर तक ढूंढने के बाद इस जहरीले सांप को सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर लिया. रेस्क्यू के बाद इस दुर्लभ सांप को सतपुड़ा वनक्षेत्र के प्राकृतिक वातावरण में सुरक्षित छोड़ दिया गया है.
15 साल के करियर में पहली बार मिला यह सांप
स्नेक कैचर ने बताया कि अपने 15 साल के रेस्क्यू करियर में उन्होंने पहली बार बैंबू पिट वाइपर को देखा और रेस्क्यू किया है. यह सांप बेहद जहरीला होता है और अक्सर पेड़ों की डालियों व बेलों पर रहता है. इसका रंग हरा होता है और पीछे की तरफ पीला पैटर्न होता है. हरा रंग होने के कारण यह पेड़ों और पत्तियों के बीच आसानी से छिप जाता है. स्नेक कैचर ने आगाह किया कि अक्सर लोग इसे बिना जहर वाला ‘घास स्नेक’ या ‘बेल सांप’ समझ लेते हैं, जिससे अनजाने में जान गंवाने का खतरा बना रहता है.
3-4 साल बाद बैतूल में फिर दिखा दुर्लभ वाइपर
बैतूल जिले में इस प्रजाति के सांप का मिलना बेहद दुर्लभ माना जाता है. इससे पहले वर्ष 2021 में स्नेक कैचर जमाल ने बैतूल में बैंबू पिट वाइपर का रेस्क्यू किया था. इसके करीब 3-4 साल बाद अब फिर से शहर के बीच यह दुर्लभ सरीसृप दिखाई दिया है.
सतपुड़ा वनक्षेत्र में पाए जाते हैं दुर्लभ जीव
सतपुड़ा वनक्षेत्र में स्थित बैतूल जिले में कई दुर्लभ सरीसृप और जीव पाए जाते हैं. स्नेक कैचर ने इस जहरीले सांप को सुरक्षित डिब्बे में पैक किया और सतपुड़ा के घने जंगल में सकुशल रिहा कर दिया.