‘आरजी कर के दोषियों का हो एनकाउंटर’, बीजेपी MLA रत्ना देबनाथ का बड़ा बयान
Last Updated:
उत्तर 24 परगना से बीजेपी विधायक और आरजी कार रेप पीड़िता की मां रत्ना देबनाथ ने पुलिस एनकाउंटर का समर्थन किया है. अपनी बेटी की मौत के पुराने मामले और आरजी कर अस्पताल में हुई बर्बरता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों और बलात्कारियों को जीने का कोई अधिकार नहीं है और आरजी कर मामले के दोषियों को भी एनकाउंटर में खत्म कर देना चाहिए.
कोलकाता. उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों की तर्ज पर पश्चिम बंगाल में भी ‘अपराधियों के एनकाउंटर’ को लेकर राजनीतिक बयानबाजी चरम पर पहुंच गई है. उत्तर 24 परगना जिले से भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने पुलिस द्वारा अपराधियों पर की जाने वाली एनकाउंटर कार्रवाई का खुलकर समर्थन किया है. अपनी बेटी की मौत के पुराने मामले और आरजी कर अस्पताल में हुई बर्बरता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अपराधियों और बलात्कारियों को जीने का कोई अधिकार नहीं है. आरजी कर मामले के दोषियों को भी एनकाउंटर में खत्म कर देना चाहिए. उन्होंने कहा है कि बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने हमेशा अपराधियों को संरक्षण दिया है, जिसके चलते राज्य की कानून-व्यवस्था इस बदहाल स्थिति में पहुंची है.
भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने मीडिया से बात करते हुए अपनी बात रखते हुए कहा, ‘मैं पुलिस एनकाउंटरों का पूरी तरह समर्थन करती हूं. मेरी अपनी बेटी की मौत के मामले में मैंने खुद देखा था कि किस तरह सबूतों को नष्ट कर दिया गया था. जैसा कि कई अन्य मामलों में होता आया है. अगर उस समय के मौजूदा मुख्यमंत्री संवेदनशील होते, तो हमें इस दर्द से नहीं गुजरना पड़ता और सभी अपराधियों को एनकाउंटर के जरिए खत्म कर दिया गया होता.’
RG कर केस में फिर गरमाई सियासत
आरजी कार रेप पीड़िता की मां का बड़ा बयान
पुलिस द्वारा अपराधियों पर की जाने वाली कार्रवाई की वकालत करते हुए विधायक ने कहा, ‘पुलिस को अपनी रक्षा के लिए ये एनकाउंटर करने पड़ते हैं, क्योंकि ये अपराधी इतने खतरनाक होते हैं कि वे पुलिस पर भी हमला कर देते हैं. ऐसे मामलों में पुलिस के पास अपनी सुरक्षा और कानून बनाए रखने के लिए एनकाउंटर करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता.’
महिलाओं के प्रति अपराध पर कड़ा रुख
रत्ना देबनाथ ने कहा कि जो लोग महिलाओं का सम्मान करना नहीं जानते, उन्हें इस धरती पर जीने का कोई अधिकार ही नहीं है. राज्य से अपराधियों का खात्मा बेहद जरूरी है. कोलकाता के चर्चित आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ हुई बर्बरता और हत्या के मामले पर बोलते हुए विधायक रत्ना देबनाथ ने यह बात कही.
बंगाल पुलिस (फाइल फोटो)
ममता बनर्जी पर सीधा हमला
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री का पद संभालने वालीं ममता बनर्जी हमेशा अपराधियों के पक्ष में खड़ी रहीं. उन्होंने कभी अपराध पर लगाम लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, जिसका नतीजा आज पूरा पश्चिम बंगाल भुगत रहा है. इसलिए मैं चाहती हूं कि आरजी कर बलात्कार और हत्या कांड के दोषियों का भी एनकाउंटर किया जाए. चूंकि इस मामले की जांच सीबीआई कर रही है, इसलिए मैं आरोपियों के नाम नहीं लूंगी, लेकिन मुझे अच्छी तरह पता है कि इसके पीछे कौन-कौन शामिल हैं.
आरजी कर अस्पताल मामले की चल रही सीबीआई जांच और राज्य की कानून-व्यवस्था के बीच भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ के इस बयान ने पश्चिम बंगाल की राजनीति में नया उबाल ला दिया है. एक तरफ जहां मानवाधिकार समूह एनकाउंटर की संस्कृति पर सवाल उठाते रहे हैं, वहीं विधायक का यह आक्रामक रूप महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर आम जनता और नेताओं के बढ़ते आक्रोश को दर्शाता है.