OPINION: रामलला के दर पर अखिलेश यादव, लेकिन सपा नेताओं के अकड़ू बयानों का क्या?

OPINION: रामलला के दर पर अखिलेश यादव, लेकिन सपा नेताओं के अकड़ू बयानों का क्या?


लखनऊ. सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 12 दिसंबर 2026 को पूरे परिवार के साथ अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन करेंगे. लेकिन क्या अखिलेश का यह दौरा सपा नेताओं के उन पुराने बयानों पर उठ रहे सवालों का जवाब बन पाएगा, जो उन्होंने अयोध्या, सनातन और राम मंदिर पर दिए थे? एक तरफ अखिलेश का यह दौरा उनकी निजी आस्था से जुड़ा है, तो दूसरी तरफ पार्टी के कुछ नेताओं के ऐसे पुराने बयान भी हैं, जिनका इस्तेमाल बीजेपी अक्सर सपा की धार्मिक राजनीति को घेरने के लिए करती है. हाल ही में राजकुमार भाटी और एस.टी. हसन जैसे नेताओं के बयानों ने राजनीतिक गलियारों में काफी हलचल मचा दी थी. ऐसे में सवाल यह उठता है कि क्या अखिलेश यादव इन नेताओं के बयानों को पार्टी का आधिकारिक रुख नहीं मानेंगे? क्या वह सपा के उन नेताओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए कहेंगे, जिनके बयानों की वजह से बड़ा विवाद खड़ा हुआ था?

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जब से अयोध्या जाने का कार्यक्रम घोषित किया है. उसके बाद से ही यूपी की राजनीति में खलबली मची हुई है. 12 दिसंबर को वह पत्नी डिंपल यादव और बेटा-बेटियों के साथ पहले हनुमानगढ़ी और फिर रामलला के दर्शन करेंगे. सपा नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडेय उर्फ पवन पांडेय ने इस कार्यक्रम की जानकारी दी है. यह जनवरी 2024 में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के बाद अखिलेश यादव का पहला राम मंदिर दौरा होगा. 36 साल बाद सपा का कोई टॉप नेता रामलला का दर्शन करने पहुंच रहा है. सपा के संस्थापक और पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में अय़ोध्या में गोलीकांड हुआ था.

सीएम योगी बनाम अखिलेश यादव | यूपी चुनाव 2027 | कौन बनेगा यूपी का अगला सीएम

अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे का साइड इफेक्ट्स

अखिलेश यादव का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब यूपी की राजनीति में राम मंदिर, सनातन और धार्मिक पहचान को लेकर बीजेपी और सपा के बीच बयानबाजी तेज है. सवाल यह है कि अखिलेश यादव जब परिवार के साथ रामलला के दरबार में पहुंचेंगे, तब क्या उनकी पार्टी के उन नेताओं के पुराने बयान भी चर्चा में नहीं आएंगे, जिन पर बीजेपी ने धार्मिक भावनाओं को लेकर सवाल उठाए हैं?

एसटी हसन का बयान, जिस पर अखिलेश से पूछे जा सकते हैं सवाल

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और मुरादाबाद के पूर्व सांसद एसटी हसन का जुलाई 2026 में दिया गया बयान इस बहस का अहम हिस्सा है. उन्होंने कहा था कि कुछ मुस्लिम विद्वानों के अनुसार भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण दुनिया में आए 1 लाख 24 हजार पैगंबरों में शामिल हो सकते हैं. उन्होंने इस विचार का समर्थन भी किया था. बीजेपी नेताओं ने इसे हिंदू देवी-देवताओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी बताते हुए सपा नेतृत्व को घेरा. इस बयान का राजनीतिक महत्व इसलिए भी बढ़ गया, क्योंकि उसी दौर में यूपी में राम मंदिर और सनातन को लेकर बीजेपी और सपा के बीच राजनीतिक बहस चल रही थी.

यूपी चुनाव 2027 में इन पांच नेताओं को निकल सकती लॉटरी.

यह पहला मौका नहीं था जब एसटी हसन ने राम मंदिर और अखिलेश यादव के धार्मिक दृष्टिकोण पर टिप्पणी की हो. जनवरी 2024 में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम को लेकर उन्होंने कहा था कि सभी हिंदुओं का ठेका बीजेपी के पास नहीं है. उन्होंने अखिलेश यादव को बीजेपी नेताओं से बड़ा हिंदू बताते हुए कहा था कि वह भगवान राम को मानते हैं, लेकिन उनके नाम का राजनीतिक इस्तेमाल नहीं करते.

राजकुमार भाटी के बयान भी बन सकते हैं सवाल

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी भी अलग-अलग मौकों पर विवादों में रहे हैं. मई 2026 में ब्राह्मण समाज को लेकर उनकी एक टिप्पणी पर विवाद हुआ था. इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया. विवाद बढ़ने के बाद भाटी ने सफाई दी और कहा कि उनके भाषण के कुछ हिस्सों को संदर्भ से अलग करके पेश किया गया है. इसके बाद अखिलेश यादव ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को भाषा और व्यवहार में संयम बरतने की नसीहत दी थी. उन्होंने कहा था कि कोई ऐसी बात न कहे जिससे किसी को अपमानित या आहत महसूस हो. यह संदेश ऐसे समय आया था जब भाटी की टिप्पणी को लेकर सपा की आलोचना हो रही थी.

अक्टूबर 2026 में राजकुमार भाटी एक बौद्ध दीक्षा समारोह में शामिल हुए थे. वहां उन्होंने आयोजकों के आग्रह पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की 22 प्रतिज्ञाएं पढ़ीं. इनमें हिंदू देवी-देवताओं और परंपराओं से संबंधित प्रतिज्ञाएं भी शामिल थीं. इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके धर्म परिवर्तन की चर्चा शुरू हो गई. भाटी ने वीडियो जारी कर इन दावों को खारिज किया और कहा कि वह हिंदू धर्म में ही हैं तथा धर्म परिवर्तन का उनका कोई इरादा नहीं है.

अखिलेश के सामने दोहरी चुनौती

अखिलेश यादव का अयोध्या जाना व्यक्तिगत आस्था का विषय भी है. किसी नेता के मंदिर जाने या पूजा करने को केवल चुनावी चश्मे से देखना उचित नहीं होगा. लेकिन जब यही नेता एक बड़े राजनीतिक दल का अध्यक्ष हो और विधानसभा चुनाव करीब हों, तब उसके धार्मिक कार्यक्रम का राजनीतिक अर्थ भी निकाला जाता है. अखिलेश यादव अब तक राम मंदिर जाने को लेकर अलग-अलग मौकों पर अपनी बात रख चुके हैं. उन्होंने कहा था कि वह परिवार के साथ दर्शन करेंगे. अक्टूबर 2026 में अयोध्या दौरे के दौरान भी उन्होंने संकेत दिया था कि केदारेश्वर धाम का निर्माण पूरा होने के बाद रामलला के दर्शन करेंगे. अब 12 दिसंबर की तारीख तय होने के बाद बीजेपी के पास उनके पुराने रुख पर सवाल उठाने का एक नया अवसर है.

यूपी चुनाव 2027 से पहले सवाल अखिलेश यादव के मंदिर जाने का नहीं है. पार्टी के नेताओं के बयानों पर उनकी प्रतिक्रिया भी राजनीतिक बहस का हिस्सा बनेगी. क्या सपा अध्यक्ष अपने नेताओं को सार्वजनिक मंच से संयमित और जिम्मेदार बयान देने की नसीहत देंगे? क्या वह यह स्पष्ट करेंगे कि राम, कृष्ण और सनातन पर पार्टी का आधिकारिक रुख क्या है? और क्या पार्टी के भीतर ऐसी टिप्पणियों पर कोई अनुशासनात्मक व्यवस्था लागू होगी? अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे की घोषणा के बाद बीजेपी नेताओं ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले लोगों को अयोध्या आने से पहले उनसे माफी मांगनी चाहिए. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी अखिलेश को सनातन धर्म का अपमान नहीं करने की नसीहत दी.



Source link