पाकिस्तान से मिली हार अब सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगा भारत? ये है पूरा समीकरण
Last Updated:
India U19 Asia Cup Semi Final Equation: भारतीय अंडर-19 टीम 10 नवंबर को यूएई के खिलाफ अपना आखिरी ग्रुप मैच खेलेगी. यह भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल के लिहाज से करो या मरो मैच होगा. इस मैच में मिली जीत उसे टॉप-4 में पहुंचा देगी, जबकि हार टूर्नामेंट से बाहर कर देगी.
पाकिस्तान से हार के बाद अंडर-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में कैसे पहुंचेगा भारत?
नई दिल्ली. अंडर 19 एशिया कप के आठवें मुकाबले में भारतीय टीम को पाकिस्तान से शिकस्त झेलनी पड़ी. ग्रुप ए का यह मुकाबला ओमान के अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया, जहां भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 208 रन बनाए थे. लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान ने तीन विकेट से मैच जीत लिया. अर्जुन राजपूत (107) के शतक पर पाकिस्तान के हमजा जरूर की नॉट आउट सेंचुरी भारी पड़ी. पाकिस्तान से मिली हार के साथ भारतीय टीम प्वाइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर खिसक गई है, जबकि पाकिस्तान की टीम टॉप पर है. फैंस यह जानने के लिए बेताब हैं कि भारतीय टीम क्या अब टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बना पाएगी? चलिए इसके समीकरण पर नजर डालते हैं.
भारत की पहली हार
भारत का टूर्नामेंट में यह दूसरा मुकाबला था. पहले मैच में उसने नेपाल को 10 विकेट से धूल चटाई थी. इस तरह भारत की अंडर-19 टीम को दो मैचों में एक जीत और एक हार मिली है. भारतीय टीम का एक ग्रुप मुकाबला बचा हुआ है, जो 10 नवंबर को यूएई के खिलाफ खेला जाएगा. इस मैच की हार-जीत भारत के सेमीफाइनल पहुंचने का रास्ता तय कर देगी.
ग्रुप टॉपर है पाकिस्तान
दूसरी ओर, पाकिस्तान की टीम ग्रुप ए की अंकतालिका में टॉपर बनी हुई है. उसने अब तक खेले अपने दोनों मुकाबले जीते हैं. पहले मैच में पाकिस्तान ने यूएई को 9 विकेट से हराया था, जबकि दूसरे मैच में उसने चिर प्रतिद्वंदी भारत को तीन विकेट से हराकर सेमीफाइनल में अपनी जगह लगभग तय कर ली. उसके दो मैचों में दो जीत के साथ चार अंक हैं.
भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए क्या करना होगा?
भारतीय टीम को अगर टॉप-4 में जगह बनानी है तो उसे अपने बचे हुए ग्रुप मुकाबले में यूएई को हराना होगा. ऐसा होता है तो भारतीय टीम के तीन मैचों में चार अंक हो जाएंगे और वह पाकिस्तान के साथ ग्रुप ए से सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लेगी. इसके विपरीत अगर टीम इंडिया यूएई के खिलाफ उलटफेर का शिकार होती है तो उसका सफर टूर्नामेंट में यहीं समाप्त हो जाएगा, क्योंकि इस परिस्थिति में यूएई चार अंक लेकर पाकिस्तान के साथ टॉप पर में पहुंच जाएगी. बता दें कि ग्रुप मुकाबलों के बाद टॉप-2 में रहने वाली टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करती हैं.