Hormuz Strait News: होर्मुज स्ट्रेट में फिर भड़की आग, एक और तेल टैंकर में धमाका, ईरान ने दी सख्त चेतावनी

Hormuz Strait News: होर्मुज स्ट्रेट में फिर भड़की आग, एक और तेल टैंकर में धमाका, ईरान ने दी सख्त चेतावनी


Last Updated:

Hormuz Strait News: होर्मुज स्ट्रेट में एक और तेल टैंकर में विस्फोट के बाद आग लग गई. ईरान की IRGC नौसेना का दावा है कि यह जहाज नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकराए थे. ईरान के मुताबिक, टैंकर अपने नेविगेशन और पहचान संबंधी सिस्टम बंद करके अनधिकृत रास्तों से गुजर रहे थे.

Zoom

होर्मुज स्ट्रेट में रविवार को एक और तेल टैंकर में विस्फोट के बाद आग लग गई. (फाइल फोटो)

दुनिया के सबसे अहम समुद्री तेल मार्गों में शामिल होर्मुज स्ट्रेट में एक बार फिर बड़ा हादसा हुआ है. रविवार तड़के एक और तेल टैंकर में विस्फोट के बाद आग लग गई. इसके साथ ही इस जलमार्ग में ऐसे मामलों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है. ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) नौसेना का दावा है कि तीनों जहाज नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकराए थे. ईरान ने आरोप लगाया है कि ये टैंकर अपने नेविगेशन और पहचान संबंधी सिस्टम बंद करके अनधिकृत रास्तों से गुजरने की कोशिश कर रहे थे.

तीन टैंकरों में विस्फोट और आग, धुएं से ढका आसमान

इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (IRNA) की रिपोर्ट के मुताबिक, IRGC नेवी ने अपने आधिकारिक सूचना पोर्टल पर जारी बयान में बताया कि होर्मुज स्ट्रेट में तीन जहाज नौसैनिक माइंस की चपेट में आए. इसके बाद उनमें विस्फोट हुआ और आग लग गई. हादसों के चलते समुद्री क्षेत्र के ऊपर धुएं का गुबार छा गया.

रिपोर्ट के अनुसार, रविवार तड़के एक और तेल टैंकर में विस्फोट के बाद आग लगने की घटना सामने आई. इसके बाद ईरानी नौसेना ने जहाजों की आवाजाही को लेकर अपनी चेतावनी दोहराई है.

‘नेविगेशन सिस्टम बंद कर गुजर रहे थे जहाज’

IRGC नेवी का आरोप है कि ये टैंकर होर्मुज स्ट्रेट से गुजरते समय अपने नेविगेशन और पहचान से जुड़े सिस्टम बंद किए हुए थे. ईरान का दावा है कि जहाज अमेरिकी सेना के उकसावे और कथित तस्करी गतिविधियों के तहत निर्धारित समुद्री मार्गों के बजाय अनधिकृत रास्तों का इस्तेमाल कर रहे थे.

ईरान की जहाजों को चेतावनी

IRGC ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट में लागू ईरानी नियमों के बारे में सभी जहाजों को कई बार जानकारी दी जा चुकी है. जहाजों को सलाह दी गई है कि किसी भी हादसे से बचने के लिए वे पर्शियन गल्फ स्ट्रेट अथॉरिटी के समन्वय से तय और अधिकृत समुद्री मार्गों का ही इस्तेमाल करें.

ईरानी नौसेना ने चेतावनी दी है कि जो जहाज इन नियमों का उल्लंघन करेंगे या अमेरिकी सेना के साथ मिलकर जलडमरूमध्य में अनधिकृत रास्तों से गुजरने की कोशिश करेंगे, उन्हें भी इसी तरह के परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं.

होर्मुज स्ट्रेट में लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. यह जलमार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम है, ऐसे में यहां जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने का असर अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर भी पड़ सकता है.



Source link