Expressway link Project : 7.35 KM लंबाई, तैयार हो रहा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला एलिवेटेड लिंक रोड, सफर में बचेंगे 90 मिनट

Expressway link Project : 7.35 KM लंबाई, तैयार हो रहा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाला एलिवेटेड लिंक रोड, सफर में बचेंगे 90 मिनट


मुंबई और इसके आसपास से सफर करने वालों को बड़ी राहत म‍िलने वाली है. अटल सेतु के बनने के बाद अब इसे सीधे मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे से जोड़ने की तैयारी है. मुंबई नगर न‍िगम ने 7.35 किलोमीटर लंबे और 6 लेन वाले इस नए एलिवेटेड कॉरिडोर का 67 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है. इस रास्ते के खुलते ही साउथ मुंबई से पुणे जाने वालों का सफर बिल्कुल बदल जाएगा. यह सिर्फ एक सड़क नहीं है, बल्कि मुंबई और पुणे जैसे दो बड़े शहरों की दूरियां मिटाने वाला एक शानदार बाईपास है.

जब से देश का सबसे लंबा समुद्री पुल अटल सेतु खुला है, साउथ मुंबई से नवी मुंबई तक पहुंचना चुटकियों का काम हो गया है. लेकिन इस स्पीड पर एक बड़ा ब्रेक पनवेल जंक्शन पर लग रहा था. दरअसल, अटल सेतु से तेजी से आने वाली गाड़ियां जब पनवेल पहुंचती हैं तो वहां पुरानी सड़कों का ट्रैफिक भी उनमें मिल जाता है. पुणे, गोवा या जेएनपीए पोर्ट जाने वाले ट्रकों और कारों की भीड़ से पनवेल में भयंकर जाम लगने लगा. नतीजा यह लोगों का जो समय अटल सेतु पर बचता, वो पनवेल के ट्रैफिक में बर्बाद हो जाता था.

चिर्ले और पलस्पे के बीच बन रहा नया हवाई रास्ता

पनवेल के इस जाम से हमेशा के लिए छुटकारा दिलाने के लिए ही यह नया एलिवेटेड कॉरिडोर बन रहा है. यह रास्ता चिर्ले और पलस्पे के बीच तैयार किया जा रहा है. इसके बन जाने के बाद, आपको पनवेल के जाम में घुसने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी. आप सीधे हवा में बने इस पुल से होकर गुजरेंगे और मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर उतरेंगे. इससे आपका सफर बिना किसी रुकावट के फर्राटेदार हो जाएगा.

इंजीनियरिंग का कमाल तीन मंजिला सड़क

यह पुल थर्ड लेवल का स्ट्रक्चर है. इसका मतलब है कि यह छह लेन वाला नया रास्ता नीचे चल रही मौजूदा सड़कों और पुलों के भी ऊपर से गुजरेगा. इंजीनियरों ने इसे इस तरह डिजाइन किया है कि नीचे का ट्रैफिक बिल्कुल डिस्टर्ब न हो. एमएमआरडीए के मुताबिक, चिर्ले और पलस्पे में बड़े-बड़े खंभे और नींव का काम बहुत तेजी से चल रहा है. 67 प्रतिशत काम खत्म होने का मतलब है कि यह मुश्किल प्रोजेक्ट अब पूरा होने की तरफ तेजी से बढ़ चुका है.

सफर में बचेंगे 60 से 90 मिनट

इस लिंक रोड का सबसे सीधा और बड़ा फायदा उन लोगों को मिलेगा जो मुंबई से पुणे या गोवा जाते हैं. अभी पनवेल के ट्रैफिक में जो वक्त बर्बाद होता है, वो पूरी तरह बच जाएगा. अटल सेतु से सीधे एक्सप्रेसवे पर पहुंचने से आपके सफर के करीब 60 से 90 मिनट बचेंगे. सिर्फ पुणे ही नहीं, बल्कि मुंबई-गोवा हाईवे पर जाने वालों का सफर भी काफी आसान और सुकून भरा हो जाएगा.

नए एयरपोर्ट और बिजनेस को भी मिलेगी रफ्तार

यह नया रास्ता सिर्फ घूमने-फिरने वालों के लिए ही नहीं, बल्कि कारोबारियों के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है. नवी मुंबई में जो नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन रहा है, वहां पहुंचने के लिए यह एक शानदार रास्ता साबित होगा. इसके अलावा मुंबई, पुणे और बेंगलुरु को जोड़ने वाले हाईवे और बंदरगाह की तरफ जाने वाले ट्रकों को भी जाम से मुक्ति मिलेगी. जब माल जल्दी पहुंचेगा, तो कंपनियों का पैसा और समय दोनों बचेगा, जिससे आसपास के इलाकों में बिजनेस तेजी से बढ़ेगा.

मुंबई इन 59 मिनट्स का सपना हो रहा साकार

यह पूरा प्रोजेक्ट एमएमआरडीए के एक खास प्लान का हिस्सा है, जिसे मुंबई इन 59 मिनट्स कहा जा रहा है. इसका लक्ष्य है कि मुंबई और आसपास के इलाकों में कहीं भी पहुंचने में एक घंटे से ज्यादा का वक्त न लगे. अलग-अलग सड़कें या पुल बनाने की बजाय, सरकार मेट्रो, एक्सप्रेसवे, सुरंगों और नए लिंक रोड को आपस में जोड़कर एक ऐसा जाल बिछा रही है, जिससे लोगों का पूरा सफर बिना रुके पूरा हो सके.

देवेंद्र फडणवीस और श‍िंदे गदगद
इस अहम प्रोजेक्ट को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कहना है कि राज्य की तरक्की इस बात पर टिकी है कि हम अपने शहरों, फैक्ट्रियों और बंदरगाहों को कितनी अच्छी तरह आपस में जोड़ते हैं. उन्होंने कहा, अटल सेतु ने कनेक्टिविटी की एक नई कहानी लिखी है और अब यह नया कनेक्टर मुंबई और पुणे जैसे दो बड़े शहरों के बीच एक फास्ट ट्रैक का काम करेगा.

वहीं, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने आम जनता की सहूलियत की बात करते हुए कहा, हमारा जोर इसी बात पर है कि ऐसे बड़े प्रोजेक्ट्स का सीधा फायदा रोज सफर करने वालों को मिले. इस साढ़े सात किलोमीटर लंबे रास्ते से पनवेल का ट्रैफिक कम होगा और लोगों के 90 मिनट तक बचेंगे. बचे हुए इस समय को लोग अपने परिवार के साथ बिता सकेंगे और बिजनेस में ज्यादा काम हो सकेगा.

एमएमआरडीए के कमिश्नर डॉ. संजय मुखर्जी ने भी बताया कि यह प्रोजेक्ट इंजीनियरिंग के लिहाज से बहुत अहम है. उन्होंने कहा, 67 फीसदी काम पूरा होना एक बड़ा माइलस्टोन है. हम अलग-अलग प्रोजेक्ट्स को जोड़कर एक पूरा नेटवर्क बना रहे हैं ताकि लोगों का सफर आसान हो और जाम से मुक्ति मिले.



Source link