Last Updated:
Guyana Oil Offer To India: गुयाना ने भारत को रोजाना 10 लाख बैरल तेल खरीदने का बड़ा ऑफर दिया है. गुयाना भारत के साथ एनर्जी कॉरिडोर और रिफाइनरी सेक्टर में भी पार्टनरशिप करना चाहता है. कभी एग्रीकल्चर के भरोसे अपनी इकॉनमी चलाने वाला यह देश इस वक्त दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते तेल प्रोडक्शन हब के रूप में उभर रहा है.
गुयाना ने भारत को तेल खरीदने का ऑफर दिया. (Reuters)
ईरान में रोज टेंशन है. रूस से तेल खरीदने पर अमेरिका के नखरे हैं. इन सबके बीच छोटे से देश गुयाना ने भारत को बड़ा ऑफर दे डाला है.भारत में गुयाना के उच्चायुक्त धर्मकुमार सीराज ने कहा, हम भारत का स्ट्रेटजिक पार्टनर बनना चाहते हैं. हम चाहते हैं कि भारत रोज गुयाना से 10 लाख बैरल ले आए. हम रिफाइनरी में भी पार्टनर बनने के लिए तैयार हैं. साथ मिलकर एनर्जी कॉरिडोर बनाना चाहते हैं ताकि भारत के साथ यह डील सकें. गुयाना जितना तेल ऑफर कर रहा है, उतना भारत की डेली खपत का 20 फीसदी हिस्सा है.
भारत में गुयाना के राजदूत ने कहा, यह भारत के लिए एक बड़ा और शानदार अवसर है. खासकर ऐसे समय में जब दुनिया में संकट है. तेल का मार्केट हिल रहा है. कुछ समय पहले तक गुयाना पूरी तरह से कृषि पर निर्भर एक छोटी अर्थव्यवस्था वाला देश था. लेकिन 2015 में स्टैब्रोक ब्लॉक के समुद्री इलाके में कच्चे तेल के विशाल भंडार मिलने के बाद इसकी किस्मत बदल गई. 2019 में यहां तेल का प्रोडक्शन शुरू हुआ और यह दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते तेल उत्पादक देशों में से एक बन गया. अभी कई समुद्री तेल क्षेत्रों का डेवलप होना बाकी है. गुयाना अपनी प्रोडक्शन कैपेसिटी बढ़ाकर 17 लाख बैरल प्रतिदिन करना चाहता है.
गुयाना भारत को क्यों चुन रहा?
यह नई साझेदारी सिर्फ कच्चे तेल के निर्यात तक ही सीमित नहीं है. गुयाना चाहता है कि ओएनजीसी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) और एचपीसीएल (HPCL) जैसी भारतीय कंपनियां उसके तेल क्षेत्रों में निवेश करें, हिस्सेदारी खरीदें और तेल की खोज और उत्पादन में भागीदार बनें.
गुयाना चाहता है कि भारत अपनी शानदार इंजीनियरिंग विशेषज्ञता का इस्तेमाल करके वहां घरेलू रिफाइनरियां स्थापित करने में उसकी मदद करे. भारत के पास रिफाइनरी बनाने की विशेषज्ञता हासिल है.
गुयाना अटलांटिक महासागर में एक बड़ा डीप-वाटर बंकरिंग हब बनाना चाहता है. बंकरिंग का मतलब समुद्री जहाजों में ईंधन भरने की सुविधा से है. फिलहाल इस ग्लोबल इंडस्ट्री पर सिंगापुर, फुजैरा और रॉटरडैम जैसे हब का दबदबा है. चूंकि भारत के पास पोर्ट का इंफ्रास्ट्रक्चर और समुद्री ईंधन सुविधाएं विकसित करने का बेहतरीन अनुभव है, इसलिए गुयाना एक शानदार डील करना चाहता है.