Last Updated:
हज-2027 को लेकर भारत और सऊदी अरब ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने जेद्दा में हज सम्मेलन में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने हज यात्रियों की सुविधा और बेहतर इंतजामों को लेकर भारत की प्रतिबद्धता दोहराई.
हज-2027 को लेकर भारत का बड़ा प्लान
दुबई: हज पर जाने वाले भारतीयों के लिए हर साल बेहतर इंतजाम हो सकें, इसके लिए भारत और सऊदी अरब मिलकर काम कर रहे हैं. इसी सिलसिले में केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने सऊदी अरब के जेद्दा में आयोजित हज सम्मेलन में हिस्सा लिया. यहां उन्होंने हज यात्रियों की सुविधा और हज-2027 के सफल आयोजन को लेकर भारत की प्रतिबद्धता दोहराई.
किरेन रीजीजू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा की. इसमें उन्होंने भारत और सऊदी अरब के बीच मजबूत साझेदारी की बात कही. उन्होंने कहा कि दोनों देश हज यात्रियों के कल्याण और हज-2027 के सफल आयोजन के लिए प्रतिबद्ध हैं. मंत्री ने कहा कि भारत और सऊदी अरब इस दिशा में मिलकर काम कर रहे हैं. दोनों देशों की साझेदारी से हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने में मदद मिलेगी.
सऊदी अरब के हज मंत्री से हुई मुलाकात
किरेन रीजीजू ने रविवार को विभिन्न देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों की आधिकारिक बैठक में भी हिस्सा लिया. इस बैठक की अध्यक्षता सऊदी अरब के हज एवं उमरा मंत्री डॉ. तौफीक बिन फवजान अल राबिया ने की. इस बैठक में कई देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे. सभी ने हज से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की.
सऊदी नेतृत्व के प्रयासों की सराहना
जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के अनुसार, रीजीजू ने मंत्रिस्तरीय सम्मेलन के दौरान सऊदी नेतृत्व के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने हज यात्रियों की सुविधा और उनके कल्याण के लिए किए जा रहे कामों को महत्वपूर्ण बताया.मंत्री ने भारत और सऊदी अरब के बीच मजबूत संबंधों को बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई.
मक्का क्षेत्र के उप-गवर्नर से भी मिले
रीजीजू ने मक्का क्षेत्र के उप-गवर्नर प्रिंस सऊद बिन मिशाल बिन अब्दुलअजीज अल सऊद के साथ अन्य देशों के मंत्रियों की बैठक में भी हिस्सा लिया.इस दौरान भारत के महावाणिज्य दूत फहाद सूरी और हज विभाग के संयुक्त सचिव मोहम्मद अफजल भी मौजूद थे. भारत का कहना है कि हज यात्रियों की सुविधा और बेहतर इंतजाम उसकी प्राथमिकता है. हज-2027 के सफल आयोजन के लिए भारत और सऊदी अरब मिलकर काम करेंगे.