सूरन काटते ही हाथों में होने लगती है खुजली? जानें छीलने से लेकर पकाने तक का सही तरीका

सूरन काटते ही हाथों में होने लगती है खुजली? जानें छीलने से लेकर पकाने तक का सही तरीका


सूरन यानी जिमीकंद की सब्जी स्वाद में काफी अच्छी होती है और कई पोषक तत्वों से भरपूर होती है. लेकिन इसे काटना हर किसी के लिए आसान नहीं होता. सूरन छीलते या काटते समय हाथों में तेज खुजली, जलन और चुभन महसूस होने लगती है. इसकी वजह इसमें मौजूद कैल्शियम ऑक्सलेट के छोटे-छोटे क्रिस्टल होते हैं, जो त्वचा के संपर्क में आने पर परेशानी पैदा कर सकते हैं. हालांकि, कुछ आसान सावधानियां अपनाकर आप इस समस्या से बच सकते हैं.

सूरन काटने से पहले हाथों में पहनें दस्ताने

सूरन काटते समय सबसे पहले अपने हाथों की सुरक्षा का ध्यान रखें. इसके लिए रबर या डिस्पोजेबल ग्लव्स पहनें. इससे सूरन सीधे त्वचा के संपर्क में नहीं आएगा और खुजली होने की आशंका कम होगी. अगर दस्ताने नहीं हैं तो हाथों पर थोड़ा नारियल तेल लगा सकते हैं, लेकिन इसे दस्तानों का विकल्प न समझें.

चाकू से ऐसे छीलें और काटें सूरन

सूरन को छीलने के लिए तेज चाकू का इस्तेमाल करें. पहले इसका बाहरी छिलका सावधानी से हटाएं और फिर अपनी जरूरत के हिसाब से छोटे-छोटे टुकड़े कर लें. इस दौरान हाथों से आंखों और चेहरे को छूने से बचें. सूरन काटने के बाद चाकू, चॉपिंग बोर्ड और इस्तेमाल किए गए बर्तनों को भी अच्छी तरह धो लें.

इमली के पानी में भिगोकर रखें

सूरन काटने के बाद इसे इमली के पानी में कुछ देर भिगोकर रख सकते हैं. इसके लिए एक बर्तन में पानी लें और उसमें इमली का गूदा मिलाएं. अब सूरन के टुकड़ों को करीब 15-30 मिनट तक इसमें रहने दें. यह पारंपरिक तरीका सूरन की खुजली पैदा करने वाली प्रकृति को कम करने में मदद कर सकता है.

ऐसे पकाएं सूरन की सब्जी

सूरन को पकाने से पहले अच्छी तरह उबालना जरूरी है. इसके लिए एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें सूरन के टुकड़े डालकर अच्छी तरह पकाएं. इसके बाद पानी छानकर अलग कर दें. अब कड़ाही में तेल गर्म करके जीरा, प्याज, टमाटर और अपने पसंदीदा मसाले डालें. इसमें उबले हुए सूरन के टुकड़े मिलाएं और कुछ देर तक पकाएं. आप चाहें तो इसे उबालने के बाद हल्का फ्राई भी कर सकते हैं. ध्यान रखें कि सूरन को कभी भी कच्चा या अधपका न खाएं.

काटते समय हाथों में खुजली हो तो क्या करें?

अगर सूरन काटते समय हाथों में खुजली या जलन होने लगे तो तुरंत काम रोक दें. हाथों को साबुन और साफ बहते पानी से अच्छी तरह धोएं. खुजली के दौरान त्वचा को रगड़ने से बचें. अगर जलन, सूजन या खुजली लंबे समय तक बनी रहती है तो डॉक्टर से सलाह लें.



Source link