Last Updated:
Shahdol News: मध्यप्रदेश के शहडोल में चौपाटी के पीछे स्थित तालाब के पास खड़े 4 युवकों ने पुलिस का गश्त वाहन देखकर पानी में छलांग लगा दी. हादसे में 3 युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि 1 का इलाज जारी है. एसडीईआरएफ ने रेस्क्यू कर शव निकाले। पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रेस्क्यू अभियान चलाती एसडीआरएफ की टीम.
Shahdol News: मध्यप्रदेश के शहडोल से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां शहर के बीचोंबीच चौपाटी के पीछे स्थित तालाब में पुलिस का गश्त वाहन देखकर चार युवकों ने अचानक छलांग लगा दी. इस हादसे में तीन युवकों की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस वाहन देख लगाई छलांग
यह घटना शहडोल के चौपाटी क्षेत्र की है. सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे चौपाटी के पीछे स्थित तालाब के पास चारों युवक मौजूद थे. इसी दौरान वहां से पुलिस का गश्त वाहन गुजरा. पुलिस वाहन को देखते ही चारों युवकों ने बिना सोचे-समझे तालाब में छलांग लगा दी. इनमें से एक युवक किसी तरह तैरकर पानी से बाहर निकल आया, लेकिन तीन अन्य युवक गहरे पानी में समा गए.
एक घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली और सोहागपुर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. इसके बाद एसडीईआरएफ की टीम को राहत और बचाव कार्य के लिए बुलाया गया. एसडीईआरएफ की टीम ने करीब एक घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और तीनों युवकों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला. तीनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतकों और घायल की पहचान
तालाब में डूबने से जान गंवाने वाले तीनों मृतक घरौला मोहल्ला के निवासी थे. मृतकों की पहचान समीर बंशकार, गौरव बंशकार और दुर्गेश बंशकार के रूप में हुई है. वहीं, चौथे युवक पुष्पेंद्र उर्फ पंकज को इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है.
अस्पताल में हंगामा, अतिरिक्त बल तैनात
हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने डॉक्टरों की अनुपस्थिति का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. वहीं घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. स्थिति को बिगड़ता देख प्रशासन को मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा.
जांच में जुटी पुलिस
सीएसपी राजेंद्र मोहन दुबे ने बताया कि युवकों के तालाब में कूदने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस का वाहन देखते ही युवकों ने तालाब में छलांग क्यों लगाई? अपनी जान जोखिम में डालने के पीछे क्या वजह थी? इन सभी अनसुलझे सवालों के जवाब पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही सामने आ सकेंगे.