मार्नस लाबुशेन पर गिरी गाज, खराब फॉर्म के कारण ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम से बाहर

मार्नस लाबुशेन पर गिरी गाज, खराब फॉर्म के कारण ऑस्ट्रेलिया की टेस्ट टीम से बाहर


नई दिल्ली: लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे ऑस्ट्रेलिया के मार्नस लाबुशेन को टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया है. लाबुशेन पिछले 17 महीनों के भीतर दूसरी बार टेस्ट टीम से ड्रॉप किए गए हैं. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की चयन समिति के अध्यक्ष जॉर्ज बेली ने पुष्टि की है कि मौजूदा नंबर-3 बल्लेबाज 9 दिसंबर से पर्थ में न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज में अपनी जगह बरकरार नहीं रख पाएंगे.

बेली ने मीडिया से कहा, “आगामी टेस्ट सीरीज में मार्नस निश्चित रूप से पहले टेस्ट और शायद न्यूजीलैंड के खिलाफ पूरी सीरीज के लिए टीम से बाहर रहेंगे. टीम में उनकी जगह को लेकर बहुत सारी अटकलें लगाई जा रही थीं और इसलिए मुझे लगता है कि यह सबको पता होना चाहिए कि उन्हें लेकर क्या फैसला लिया गया है.”

एशेज 2023 से संघर्ष कर रहे हैं लाबुशेन

मार्नस लाबुशेन एशेज 2023 से संघर्ष कर रहे हैं. यह आखिरी सीरीज थी, जिसमें लाबुशेन के बल्ले से शतक आया था. पिछले साल कैरेबियाई सरजमीं पर वेस्टइंडीज के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से ड्रॉप किए जाने के बाद से उन्होंने 10 टेस्ट मैचों की 19 पारियों में केवल दो अर्धशतकों के साथ 23.66 की औसत से रन बनाए हैं.

पिछले महीने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में मार्नस लाबुशेन का बल्ला शांत रहा था. लाबुशेन सीरीज के तीनों ही मैचों में बुरी तरह फ्लॉप रहे थे. सिर्फ इतना ही नहीं, लाबुशेन पिछले 49 पारियों से शतकीय पारी के लिए तरस रहे हैं.

वापसी के लिए मार्नस लाबुशेन के रास्ते खुले हैं-बेली

लाबुशेन को टेस्ट टीम से ड्रॉप करने के बाद जॉर्ज बेली ने उनकी वापसी पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा, “यह बिल्कुल संभव है और मुझे लगता है कि हम सभी जानते हैं कि मार्नस अपने सर्वश्रेष्ठ रूप में कितने बेहतरीन और प्रभावी हो सकते हैं, लेकिन वह प्रदर्शन देखने को नहीं मिला है.”

जॉर्ज बेली ने आगे कहा, “मुझे लगता है कि डार्विन और यहां तक कि साउथ अफ्रीका में भी उनके पास कुछ बेहतरीन शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने का मौका था, जिसकी हम काफी समय से उम्मीद कर रहे थे, पर ऐसा नहीं हो सका. लेकिन मुझे नहीं लगता कि हमने किसी भी खिलाड़ी के लिए दरवाजे हमेशा के लिए बंद किए हैं और इस मामले में भी ऐसा ही है.”

ऑस्ट्रेलिया बनाम न्यूजीलैंड टेस्ट 2026-27

पहला टेस्ट: 9-13 दिसंबर, पर्थ स्टेडियम

दूसरा टेस्ट: 17-21 दिसंबर, एडिलेड ओवल

तीसरा टेस्ट: 26-30 दिसंबर, एमसीजी, मेलबर्न

चौथा टेस्ट: 4-8 जनवरी, एससीजी, सिडनी



Source link