भोजपुर: दीपावली की रात खूनी खेल में दो सगे भाइयों की मौत, 7 लोग घायल; स्कॉर्पियो से रौंदने का आरोप

भोजपुर: दीपावली की रात खूनी खेल में दो सगे भाइयों की मौत, 7 लोग घायल; स्कॉर्पियो से रौंदने का आरोप


Last Updated:

Bhojpur Violence: भोजपुर जिले में दीपावली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब रामडीहरा गांव में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट के बाद स्कॉर्पियो से लोगों को कुचलने का आरोप लगा. इस घटना में दो सगे भाई की मौत हो गई और सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.

Zoom

भोजपुर के रामडीहरा में दीपावली की रात हिंसा हुई जिसमें 2 सगे भाइयों की मौत हो गई.

आरा. भोजपुर जिले में दीपावली की रात बड़ी वारदात हो गई जब हिंसा में दो सहोदर भाइयों को जान गंवानी पड़ी. एक तरफ जहां लोग दीपावली का त्योहार मनाने में जुटे हुए थे, वहीं दूसरी तरफ पूर्व के विवाद को लेकर बिहिया थाना क्षेत्र के रामडीहरा गांव में खूनी रंजिश की घटना हो गई. इस में दो लोगों की मौत हो गई और सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घायलों का इलाज आरा के सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी मच गई और दीपावली का त्योहार मातम में तब्दील हो गया.

बताया जा रहा है कि मृतकों में दो सगे भाई कमलेश कुमार यादव एवं दिनेश कुमार यादव शामिल हैं. कमलेश यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं दिनेश यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना में कुल सात लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो से कुल नौ लोगों को रौंद दिया गया था.

मंदिर में गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार, दीपावली की रात गांव के कुछ लोग मंदिर के पास गाना बजा रहे थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध किया. बताया जा रहा है कि इस दौरान शराब पार्टी भी हुई थी और कुछ लोग नशे में थे. गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया. आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों पर भी हमला किया गया. इसी दौरान रितेश यादव पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो से लोगों को रौंदने का आरोप लगा है.

स्कॉर्पियो से कुचलने में दो सगे भाइयों की मौत

जानकारी के अनुसार, हिंसक घटना में कमलेश कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, गंभीर रूप से घायल दिनेश कुमार यादव ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. इसके अतिरिक्त सात लोग घायल हो गए. सभी घायलों को आनन-फानन में आरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. दीपावली की खुशियों की रात अचानक चीख-पुकार में बदल गई और पूरा इलाका दहल उठा.

शराब बरामदगी के पुराने विवाद का भी आरोप

मृतक दिनेश यादव के पुत्र अमित कुमार यादव ने आरोप लगाया कि गांव में पहले पुलिस ने शराब बरामद की थी. इस मामले में उनके परिवार पर शक किया जा रहा था. इसी विवाद को लेकर पहले उनके चाचा की पिटाई की गई. जब उनके पिता दिनेश यादव बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उनके साथ भी मारपीट की गई. अमित कुमार यादव के मुताबिक, बाद में जब परिवार के लोग सड़क पर पहुंचे, तभी रितेश यादव और अन्य लोगों ने स्कॉर्पियो से उन्हें रौंद दिया. इस घटना में उनके चाचा कमलेश यादव की मौके पर मौत हो गई, जबकि पिता ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

गांव में तनाव, पुलिस कर रही आरोपितों की तलाश

घटना की सूचना मिलने के बाद बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. थाना अध्यक्ष विपिन बिहारी ने बताया कि पूर्व विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हुई थी. इसके बाद स्कॉर्पियो से कुल नौ लोगों को रौंदने की घटना सामने आई है. पुलिस के अनुसार, आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. पूरे मामले की जांच जारी है. दीपावली की रात हुई इस वारदात के बाद रामडीहरा गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.



Source link