पटना. बिहार की राजनीति में जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर का ब्राह्मण समाज को लेकर दिया गया बयान चर्चा में है. दरभंगा के महिनाम गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने ब्राह्मण समाज की राजनीतिक सोच, सामाजिक स्थिति और शिक्षा की परंपरा पर खुलकर अपनी बात रखी. इस दौरान उन्होंने मुस्लिम मतदाताओं के साथ ब्राह्मण समाज के पुराने राजनीतिक संबंधों का भी जिक्र किया और कहा कि बीजेपी का झंडा उठाने के बाद मुस्लिम वोटरों का समर्थन उससे दूर हो गया.
प्रशांत किशोर ने ब्राह्मण समाज को उसकी पुरानी पहचान याद दिलाते हुए कहा कि समाज की असली ताकत कलम और किताब है, फरसा नहीं. उन्होंने भगवान परशुराम का जिक्र करते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज को गलत रास्ते पर जाने के बजाय शिक्षा और ज्ञान की परंपरा को मजबूत करना चाहिए. उनके संबोधन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
‘बीजेपी का झंडा उठाया तो मुस्लिम वोट छिटक गए’
प्रशांत किशोर ने अपने संबोधन में ब्राह्मण समाज के राजनीतिक समीकरणों पर बात करते हुए दावा किया कि पहले मुस्लिम समाज के लोग भी ब्राह्मण नेताओं को वोट देते थे और उन्हें गुरुजी कहकर सम्मान देते थे. उन्होंने कहा कि एक समय करीब 18 से 20 प्रतिशत मुस्लिम मतदाताओं का समर्थन ब्राह्मण नेताओं को मिलता था, लेकिन जब समाज के लोग बीजेपी का झंडा लेकर चलने लगे और सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय के खिलाफ टिप्पणी करने लगे तो यह समर्थन उनसे दूर हो गया.
उन्होंने सवाल उठाया कि ब्राह्मण समाज की मुस्लिम समुदाय से आखिर किस बात की लड़ाई है? क्या जमीन या आरक्षण को लेकर कोई विवाद है? प्रशांत किशोर ने कहा कि सोशल मीडिया पर मुसलमानों को गाली देने से समाज आगे नहीं बढ़ेगा. उन्होंने ब्राह्मण समाज से अपने राजनीतिक और सामाजिक व्यवहार पर विचार करने की अपील की.
‘आपकी ताकत कलम है, फरसा चलाना नहीं’
प्रशांत किशोर ने ब्राह्मण समाज की पारंपरिक पहचान और ज्ञान की विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि समाज के पूर्वजों ने कठिन आर्थिक परिस्थितियों में भी बच्चों की पढ़ाई से समझौता नहीं किया. वे खुद कम खाते थे, लेकिन बच्चों को शिक्षित करने पर जोर देते थे. उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज को उसी परंपरा की ओर लौटने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों की ताकत कलम, किताब और सरस्वती की उपासना है. समाज को अपनी पहचान शिक्षा, ज्ञान और संस्कारों से मजबूत करनी चाहिए.
ब्राह्मण विधायक-सांसद होने के बाद भी हालात पर उठाए सवाल
कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति ने जन सुराज की ओर से ब्राह्मण उम्मीदवार को टिकट देने की मांग की थी. इस पर प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया कि जब इलाके में पहले से ब्राह्मण विधायक और सांसद हैं, तो समाज के लोगों की आर्थिक स्थिति में अपेक्षित बदलाव क्यों नहीं आया? उन्होंने कहा कि केवल ब्राह्मण उम्मीदवार को चुनाव जिताने से समाज की समस्याएं दूर नहीं होंगी. प्रशांत किशोर ने ब्राह्मण समाज की राजनीतिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बेनीपुर से लगातार ब्राह्मण विधायक चुने जाते रहे हैं और दरभंगा के सांसद भी ब्राह्मण हैं, लेकिन इससे समाज की सामाजिक और आर्थिक स्थिति में कितना बदलाव आया? उन्होंने कहा कि केवल ब्राह्मण उम्मीदवार को जिताने से समाज की स्थिति नहीं बदलने वाली है, इसके लिए शिक्षा, ज्ञान और आर्थिक मजबूती जरूरी है. उन्होंने आगे कहा कि ब्राह्मण समाज के पास न धनबल है, न जनबल और न बाहुबल. ऐसे में अपनी स्थिति बदलने के लिए समाज को अपने पूर्वजों के रास्ते पर चलना होगा.
प्रशांत किशोर ने दरभंगा और मधुबनी की विद्वता की पुरानी पहचान का जिक्र करते हुए कहा कि आज यह इलाका मजदूरों का क्षेत्र बनता जा रहा है. उन्होंने लोगों से किसी की बंधुआ मजदूरी करने के बजाय अपनी पहचान और संस्कार बचाने की अपील की. प्रशांत किशोर के इस बयान के बाद ब्राह्मण समाज की राजनीतिक सोच, जातीय समीकरण और शिक्षा बनाम जातीय राजनीति को लेकर बहस तेज हो गई है. सोशल मीडिया पर भी उनके बयान की खूब चर्चा हो रही है.