Last Updated:
Nishikant Dubey Tweet on Nagarnausa Massacre 1946: भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस के इतिहास को लेकर एक बार फिर बड़ा दावा किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर ‘कांग्रेस का काला अध्याय, चैप्टर 237’ लिखते हुए 8 नवंबर 1946 की घटना का जिक्र किया है. इसके संदर्भ को लेते हुए निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि उस दिन बिहार के पटना जिले के नगरनौसा में सेना और पुलिस ने 400 लोगों को गोली मारकर हत्या कर दी थी. उन्होंने इस घटना के लिए तत्कालीन अंतरिम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार बताया है. पूरी खबर विस्तार से आगे पढ़िए.
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे (फाइल फोटो ANI)
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘#CongressDarkHistory’ कैंपेन के तहत एक बेहद गंभीर ऐतिहासिक घटना का जिक्र कर कांग्रेस पार्टी और जवाहरलाल नेहरू पर तीखा हमला बोला है. निशिकांत दुबे ने दावा किया है कि 8 नवंबर 1946 को बिहार के पटना जिले के नगरनौसा में तत्कालीन अंतरिम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की मौजूदगी में सेना और पुलिस ने फायरिंग की थी, जिसमें सैकड़ों हिंदुओं की जान चली गई थी. उन्होंने जवाहर लाल नेहरू के पद्मजा नायडू को लिखे गए एक विवादित पत्र का हवाला देकर इस घटना को ‘कांग्रेस का काला अध्याय’ करार दिया है.
नोआखली हिंसा का प्रतिशोध और बिहार के दंगे
निशिकांत दुबे ने अपनी पोस्ट में इस पूरी घटना के ऐतिहासिक बैकग्राउंड को सामने रखा है. उनके अनुसार, वर्ष 1946 में जब बंगाल के नोआखली में बड़े पैमाने पर हिंसा भड़की, तो उसके विरोध और प्रतिशोध में 24 अक्टूबर 1946 से बिहार के पटना, हिलसा, नगरनौसा, दियावान और कराई जैसे इलाकों में भी सांप्रदायिक दंगे फैल गए थे. निशिकांत दुबे ने इसी संदर्भ में आरोप लगाते हुए कहा है कि अंतरिम प्रधानमंत्री रहते हुए जवाहर लाल नेहरू कभी पीड़ित हिंदुओं का दर्द बांटने नोआखली नहीं गए, लेकिन जैसे ही महात्मा गांधी 6 नवंबर को नोआखली पहुंचे, उसी दिन नेहरू स्थिति संभालने के नाम पर पटना पहुंच गए.
देखते ही गोली मारने का आदेश और नगरनौसा फायरिंग
भाजपा सांसद ने दावा किया कि पटना पहुंचने के अगले ही दिन, यानी 7 नवंबर 1946 को जवाहरलाल नेहरू ने सेना और पुलिस के आला अधिकारियों की एक हाई-लेवल बैठक बुलाई थी. निशिकांत दुबे का आरोप है कि इस बैठक में नेहरू ने कथित तौर पर दंगाइयों को देखते ही गोली मारने का सख्त आदेश दिया था. इसी आदेश के परिणामस्वरूप, अगले दिन 8 नवंबर 1946 को नगरनौसा में सेना की टुकड़ी (मद्रास रेजिमेंट) ने भीड़ पर भारी गोलीबारी की, जिसे उन्होंने हिंदुओं के एक बड़े नरसंहार का नाम दिया है.
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के सोशल मीडिाय पोस्ट का स्क्रीनशॉट.
पद्मजा नायडू को लिखे पत्र पर घेरा
निशिकांत दुबे ने जवाहरलाल नेहरू के उस ऐतिहासिक पत्र का विशेष रूप से उल्लेख किया है जो उन्होंने अपनी करीबी मित्र पद्मजा नायडू को लिखा था. सांसद दुबे का आरोप है कि नेहरू ने इस खत में बड़े गौरव और राहत के साथ स्वीकार किया था कि ग्रामीण इलाकों में किसानों की भीड़ पर हुई फायरिंग में लगभग 400 लोग मारे गए हैं. उन्होंने पत्र के अंशों का हवाला देते हुए कहा कि नेहरू ने इस घटना पर चिंता जताने के बजाय इसे ‘संतुलन ठीक होने’ जैसी बात कही थी. दुबे ने इस मानसिकता को घोर हिंदू विरोधी बताया है.
राष्ट्रकवि दिनकर और जेपी की घटना का संदर्भ
नगरनौसा की इस दुखद घटना के बाद उपजे जनाक्रोश का जिक्र करते हुए इतिहास के पन्नों से कुछ और तथ्य भी इस विमर्श से जुड़ते हैं. राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर ने अपनी पुस्तक ‘लोकदेव नेहरू’ में लिखा था कि इस सैन्य फायरिंग के कारण बिहार की जनता में नेहरू के प्रति इतनी भारी नाराजगी थी कि जब वे पटना के सीनेट हॉल में भाषण देने पहुंचे, तो आक्रोशित युवाओं ने उनका कुर्ता तक फाड़ डाला था. तब वहां मौजूद लोकनायक जयप्रकाश नारायण (जेपी) ने बड़ी मुश्किल से नेहरू को भीड़ के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला था.
नगरनौसा में आखिर हुआ क्या था?
1946 में बिहार में सांप्रदायिक हिंसा भड़की थी. ऐतिहासिक तथ्यों में यह हिंसा पूर्वी बंगाल के नोआखली में हिंदुओं पर हुए हमलों के बाद प्रतिशोध की घटनाओं से जुड़ी थी. इसी कड़ी में नगरनौसा में हिंदू और मुस्लिम समुदायों के बीच कई दिनों से संघर्ष चल रहा था. इसी दौरान मुस्लिम शरणार्थियों को सुरक्षित निकालने के लिए मद्रास रेजिमेंट के सैनिक पहुंचे. इसी क्रम में भीड़ और सैनिकों के बीच टकराव हुआ तथा कई बार गोलीबारी हुई. जवाहर लाल नेहरू के 8 नवंबर के दस्तावेज के मुताबिक, नगरनौसा में लगभग 1200 मुस्लिम निवासी और शरणार्थी थे और सैनिकों ने उन्हें निकालने के दौरान कई बार गोली चलाई.
(नोट- यह खबर निशिकांत दुबे के सोशल मीडिया पोस्ट में किए गए दावों पर आधारित है. 1946 के बिहार दंगों और उस दौरान हुई कार्रवाई को लेकर इतिहासकारों में अलग-अलग व्याख्याएं हैं. इस घटना के आंकड़ों और आदेशों को लेकर भी मतभेद रहे हैं. ऐसे में निशिकांत दुबे के दावों की पुष्टि न्यूज 18 नहीं करता है. )