पंजाब यूनिवर्सिटी को 103 दिन बाद मिले रेगुलर वाइस चांसलर, तीन साल का होगा कार्यकाल

पंजाब यूनिवर्सिटी को 103 दिन बाद मिले रेगुलर वाइस चांसलर, तीन साल का होगा कार्यकाल


Last Updated:

Punjab University : पंजाब यूनिवर्सिटी को 103 दिनों के इंतजार के बाद नियमित वाइस चांसलर मिल गया है। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने प्रो. तंकेश्वर कुमार को तीन साल के लिए नया कुलपति नियुक्त किया है। वह पहले सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा और गुरु जम्भेश्वर यूनिवर्सिटी में अहम जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।

Zoom

Punjab University : प्रो. तंकेश्वर अभी सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के वीसी हैं

Punjab University : पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ को 3 महीने 13 दिन बाद नियमित वाइस चांसलर मिल गया है। भारत के उपराष्ट्रपति और चांसलर सीपी राधाकृष्णन ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के मौजूदा वाइस चांसलर प्रो. तंकेश्वर कुमार को तीन साल के कार्यकाल के लिए इस पद पर नियुक्त किया है। उपराष्ट्रपति सचिवालय की ओर से 9 नवंबर को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि पंजाब यूनिवर्सिटी अधिनियम, 1947 की धारा 10 के तहत प्राप्त शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए यह नियुक्ति की गई है। प्रो. कुमार का कार्यकाल उस दिन से शुरू होगा, जिस दिन वह वाइस चांसलर का पदभार संभालेंगे।

इस नियुक्ति के साथ ही यूनिवर्सिटी में लंबे समय से चल रहा अस्थायी नेतृत्व का दौर समाप्त हो गया है। निवर्तमान वाइस चांसलर का कार्यकाल खत्म होने से पहले ही चयन प्रक्रिया इंटरव्यू के चरण तक पहुंच गई थी। प्रो. रेनू छीमा विग का कार्यकाल 28 जुलाई को समाप्त हुआ था। उन्हें मार्च में चांसलर की ओर से चार महीने का सेवा विस्तार दिया गया था। उनके कार्यकाल के बाद 29 जुलाई से विश्वविद्यालय के डीन ऑफ यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शन प्रो. मीनाक्षी गोयल को वाइस चांसलर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था।

मार्च में चांसलर की ओर से गठित सर्च-कम-सिलेक्शन कमेटी की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) माधुरी कानिटकर ने की थी। वह महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज की वाइस चांसलर हैं।

पंजाब यूनिवर्सिटी के लिए नए नहीं हैं प्रो. कुमार

प्रो. कुमार पंजाब यूनिवर्सिटी के लिए नए नहीं हैं। वह पहले यूनिवर्सिटी में फिजिक्स के प्रोफेसर रह चुके हैं। इसके अलावा, उन्होंने 2015 से 2021 तक हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर के रूप में भी काम किया है। 2021 से वह सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा के प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पंजाब यूनिवर्सिटी के साथ उनका शैक्षणिक और प्रशासनिक जुड़ाव रहा है। वह पहले यहां के फिजिक्स विभाग में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

कई चुनौतियों के बीच संभालेंगे जिम्मेदारी

उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है, जब यूनिवर्सिटी प्रशासन से जुड़ी कई बड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है। 4 अक्टूबर को चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद नई सीनेट का गठन अब तक लंबित है। पिछली सीनेट का कार्यकाल 31 अक्टूबर 2024 को समाप्त हो गया था। इसके बाद से विश्वविद्यालय में निर्वाचित संचालन निकाय नहीं है। नए वाइस चांसलर को कई ऐसे प्रशासनिक और संस्थागत मुद्दों का भी सामना करना होगा, जो लंबे समय से लंबित हैं।



Source link