वटवृक्ष के तने में विराजमान भोलेनाथ, बिहार के इस शिवालय की अद्भुत है कहानी
Last Updated:
Jehanabad Banyan Tree Shivling: अब तक आपने भगवान को मंदिर, पहाड़ और गुफा में विराजमान देखा होगा. लेकिन क्या पेड़ के तना में भगवान को देखा है? अगर नहीं तो चलिए बिहार का जहानाबाद जिला जहां भगवान भोलेनाथ वट वृक्ष के तना में विराजमान हैं. जानकारी के अनुसार, यह वटवृक्ष बहुत पुराना है.
Jehanabad Banyan Tree Shivling: अब तक आपने भगवान को मंदिर, पहाड़ और गुफा में विराजमान देखा होगा, लेकिन क्या पेड़ के तना में भगवान को देखा है? अगर नहीं तो चलिए बिहार का जहानाबाद जिला, जहां साक्षात भगवान भोले वर के पेड़ की तना में विराजमान हैं. जानकारी के अनुसार, यह वटवृक्ष बहुत पुराना है और यहां भगवान भोले सैंकड़ों साल से निवास कर रहे हैं. स्थानीय इसे मंदिर नहीं, बल्कि भगवान भोले का चमत्कारी अवतार मानते हैं. मुख्यालय से करीब 15 KM दूर विराजमान यह मंदिर लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
वटवृक्ष की तना में मौजूद भगवान भोले का शिवलिंग रतनी प्रखंड के कंटाई बिगहा गांव में है. शकूराबाद से घेजन जाने वाले रास्ते में यह मंदिर है. ग्रामीणों ने वट वृक्ष के चारों ओर चबूतरा का निर्माण करवा दिया है. साथ ही तना के बीच जहां शिवलिंग रखा हुआ है वहां पर मुख्य दरवाजा भी बनवा दिया है. इसके अलावा पेड़ के चारों ओर लाइट भी लगवा दी गई. स्थानीय लोगों का मानना है कि पेड़ों में विराजमान शिवलिंग 7 पीढ़ी से भी ज्यादा पुराना है. इसका आंकलन कर पाना बहुत मुश्किल है.
पेड़ के तना में विराजमान भगवान भोले
कंटाही बिगहा के रहने वाले मधेश्वर दास ने Local 18 से कहा कि इस स्थान की बहुत रोचक कहानी है, जैसा हमलोगों को पूर्वजों से सुनने को मिलता है. गांव के ही रहने वाले ब्राह्मण को एक बार सपने में पेड़ में भगवान भोले दिखाई पड़े. इसके बाद सबसे पहले पश्चिम छोर से खुदाई करवाई गई. हालांकि, उस वक्त कुछ ज्यादा नहीं पता लग पाया. बाद में फिर पूरबी छोर से खुदाई हुई और कुछ तेज आवाज सुनाई दी. इस तरह से पेड़ के तना के बीच से शिवलिंग निकला. इसके बाद पंडित जी पूजा करना शुरू कर दिए. इस तरह से पेड़ के बीच विराजमान भगवान भोले की पूजा शुरू हो गई.
ठनका भी गिरा था इस पेड़ पर
एक स्थानीय नौगढ़ के रहने वाले योगेंद्र शर्मा बताते हैं कि ये मंदिर बिहार का इकलौता मंदिर है. जहां भगवान का शिवलिंग पेड़ के बीच अवस्थित है. यहां की मान्यता ऐसी है कि न सिर्फ इसमें आस पास के लोगों की आस्था बसती है, बल्कि दूर दूर के भक्तजन यहां पहुंचते हैं. हमारे दादा दादी भी पूजा करने यहां आते थे. अब तो लोग यहां आरा, पटना, गयाजी, औरंगाबाद जैसे शहरों से भी पहुंचते हैं. दो बार खुदाई हुई तो अजीबो गरीब आवाज आई. इस तरह से यहां भगवान भोले प्रकट हुए. इस वर का पेड़ पर एक बार ठनका भी गिरा. लेकिन ऊपरी हिस्सा जल गया. हालांकि, उसके नीचे वाले हिस्से को कुछ नहीं हुआ और नीचे से पेड़ घना हो गया.