दिल्ली में दिवाली के अगले दिन वायु प्रदूषण के स्तर में कुछ सुधार जरूर दर्ज किया गया, लेकिन इसने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं. पटाखों से निकले धुएं और पड़ोसी राज्य पंजाब में पराली जलाने की घटनाओं में बढ़ोतरी के बावजूद राजधानी की हवा अपेक्षाकृत साफ कैसे हो गई? विशेषज्ञों ने इसके पीछे दो संभावित वजहें बताई हैं. पहली, हवा की अनुकूल रफ्तार, जिसने प्रदूषकों को फैलाने में मदद की. दूसरी, प्रदूषण बढ़ने के दौरान दिल्ली के बड़ी संख्या में एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशनों से पीएम2.5 का डेटा उपलब्ध नहीं होना.
सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (CREA) के एयर क्वालिटी और एनर्जी एनालिस्ट डॉ. मनोज कुमार ने 9 नवंबर की शुरुआती घंटों के दौरान दिल्ली के 59 में से 36 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर पीएम2.5 का डेटा गायब होने पर चिंता जताई है. उनके मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में स्टेशनों से आंकड़े उपलब्ध नहीं होने का असर शहर के औसत प्रदूषण स्तर पर पड़ सकता है और इससे हवा की वास्तविक स्थिति की सही तस्वीर सामने नहीं आ पाएगी.
डॉ. कुमार ने कहा कि 9 नवंबर को रात 1 बजे दिल्ली के 36 मॉनिटरिंग स्टेशनों से प्रति घंटे का पीएम2.5 डेटा उपलब्ध नहीं था. जब इतने सारे स्टेशनों के आंकड़े गायब होते हैं, तो शहर में पीएम2.5 की औसत सांद्रता कम दिखाई दे सकती है. इससे दैनिक औसत और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की गणना भी प्रभावित हो सकती है, क्योंकि उपलब्ध नहीं होने वाले आंकड़ों को औसत में शामिल नहीं किया जाता.
उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में प्रदूषण का दर्ज स्तर वास्तविक स्थिति से कम दिखाई देने की आशंका रहती है. हालांकि, डॉ. कुमार ने यह भी साफ किया कि हवा की गुणवत्ता में सुधार की एकमात्र वजह डेटा का गायब होना नहीं है.
डॉ. मनोज कुमार के मुताबिक, 9 नवंबर की सुबह मौसम की परिस्थितियां काफी अनुकूल थीं. हवा की बेहतर रफ्तार ने दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषकों को फैलाने और उनके जमाव को कम करने में मदद की. यही वजह रही कि केवल दिल्ली ही नहीं, बल्कि पूरे एनसीआर में हवा की गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला.
उन्होंने जोर देकर कहा कि अनुकूल मौसम और मॉनिटरिंग स्टेशनों से डेटा गायब होने के दोनों पहलुओं की अलग-अलग जांच होनी चाहिए. एक तरफ हवा की रफ्तार प्रदूषण को कम करने में मदद कर सकती है, वहीं दूसरी तरफ डेटा की अनुपलब्धता प्रदूषण के वास्तविक स्तर का आकलन प्रभावित कर सकती है.
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, 9 नवंबर को शाम 4 बजकर 53 मिनट पर दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 344 दर्ज किया गया. इससे पहले 8 नवंबर को यह 376, 7 नवंबर को 369 और 6 नवंबर को 382 था. यानी दिवाली के बाद AQI में गिरावट जरूर आई, लेकिन राजधानी की हवा अब भी बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है.
हालांकि, दिवाली 2026 दिल्ली के लिए इस साल के सबसे प्रदूषित दिनों में चौथे स्थान पर रही. CREA के आंकड़ों के मुताबिक, दिवाली के दिन दिल्ली में पीएम2.5 का दैनिक औसत स्तर 257 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर (µg/m³) दर्ज किया गया.
खबरें पढ़ने का बेहतरीन अनुभव
QR स्कैन करें, डाउनलोड करें News18 ऐप या वेबसाइट पर जारी रखने के लिए यहां क्लिक करें
login