बेगूसराय. बिहार की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं. इसी क्रम में खेल के मैदान से ऐसी ही एक गौरवशाली कहानी बेगूसराय की बेटी रिया कुमारी की है, जिन्होंने कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर देश और बिहार का नाम रोशन किया है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड जीतकर घर लौटीं रिया का बेगूसराय में जोरदार स्वागत किया गया. उनकी सफलता के पीछे करीब 10 साल का संघर्ष, कड़ी मेहनत और पिता का अटूट भरोसा है. पिता सिकंदर कुमार सिंह उस समय पशुओं को चारा दे रहे थे, जब उन्हें बेटी के गोल्ड मेडल जीतने की खबर मिली.
स्कूल से शुरू हुआ कबड्डी का सफर
LOCAL18 से बातचीत में रिया कुमारी ने बताया कि कबड्डी खेलने की शुरुआत स्कूल के दिनों में हुई थी. साल 2015-16 के आसपास स्कूल की कुछ दोस्तों ने उन्हें खेलने के लिए प्रेरित किया. इसके बाद उन्होंने कबड्डी की प्रैक्टिस शुरू कर दी. शुरुआत में सफलता आसानी से नहीं मिली. पहले टूर्नामेंट में गोल्ड नहीं, बल्कि ब्रॉन्ज मेडल मिला. इसके बाद वह लगातार प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती रहीं और कई बार सिल्वर मेडल भी हासिल किया.
रिया बताती हैं कि शुरुआती दिनों में उन्हें गोल्ड मेडल काफी कम मिले. इसके बावजूद उन्होंने लगातार मेहनत और अभ्यास जारी रखा. अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतने के बाद उनका सपना पूरा हुआ है. रिया कहती हैं कि इंटरनेशनल गोल्ड जीतकर उन्हें बेहद खुशी हो रही है.
बेटी कबड्डी खेले, इस बात से डरते थे माता-पिता
रिया के पिता सिकंदर कुमार सिंह ने बताया कि बेटी के लिए कबड्डी का सफर इतना आसान नहीं था. शुरुआत में उन्हें यह खेल काफी कठिन लगता था. उन्हें डर था कि कबड्डी खेलने के दौरान बेटी के हाथ-पैर में चोट लग सकती है. घर में खेलने पर भी कई बार कहा जाता था कि इतना मत खेलो, कम खेलो.
हालांकि, धीरे-धीरे परिवार का नजरिया बदला और उन्हें खेलने की अनुमति मिल गई. पिता सिकंदर कुमार सिंह ने समाज की बातों को नजरअंदाज करते हुए बेटी का हौसला बढ़ाया. उन्होंने रिया को आगे बढ़ने और अपने सपने को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया.
एक साल तक चला तैयारी का कठिन दौर
LOCAL18 से बातचीत में रिया ने बताया कि कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप की तैयारी के लिए टीम का लगातार कैंप लगता था. करीब एक साल तक अलग-अलग चरणों में तैयारी चली. एक कैंप लगभग डेढ़ महीने का होता था.
इस दौरान सुबह तीन घंटे और शाम को तीन घंटे अभ्यास करना पड़ता था. इसके अलावा दोपहर में भी एक्स्ट्रा प्रैक्टिस करनी होती थी. यानी दिन का बड़ा हिस्सा कबड्डी की तैयारी में ही गुजरता था.
रिया के मुताबिक, कबड्डी में गोल्ड मेडल जीतने के लिए सिर्फ ताकत और फुर्ती ही काफी नहीं है, बल्कि खेल के नियमों और रेगुलेशन पर भी विशेष ध्यान देना पड़ता है. मैदान में छोटी-सी गलती भी टीम को भारी पड़ सकती है.
14 सदस्यीय टीम में बिहार की इकलौती खिलाड़ी थीं रिया
कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय महिला कबड्डी टीम में कुल 14 खिलाड़ी शामिल थीं. इस टीम में रिया कुमारी बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाली एकमात्र खिलाड़ी थीं. रिया की मजबूत डिफेंस ने टीम को मैदान में मजबूती से टिकाए रखने में अहम भूमिका निभाई. भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया.
रिया के पिता सिकंदर कुमार सिंह बताते हैं कि बेटी की इस उपलब्धि के पीछे करीब 10 साल का संघर्ष है. आज जब बेटी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर लौटी है, तो उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया है.
10 साल की मेहनत ने रिया को बनाया चैंपियन
स्कूल में दोस्तों के कहने पर शुरू हुआ कबड्डी का सफर आज अंतरराष्ट्रीय पहचान तक पहुंच चुका है. शुरुआती ब्रॉन्ज और सिल्वर मेडल से लेकर कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप के गोल्ड मेडल तक का यह सफर आसान नहीं था. इसमें रिया की मेहनत, अनुशासन, लगातार अभ्यास और परिवार का सहयोग शामिल रहा.
बेगूसराय पहुंचने पर लोगों ने रिया का जोरदार स्वागत किया. उनकी सफलता उन बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती हैं और जिन्हें शुरुआत में परिवार या समाज की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है.