चेहरे पर घूंघट, गोद में बिटिया और सड़क किनारे दुकान… राजस्थान से रांची पहुंची सपना की कहानी

चेहरे पर घूंघट, गोद में बिटिया और सड़क किनारे दुकान… राजस्थान से रांची पहुंची सपना की कहानी


Last Updated:

Jharkhand News: राजस्थान के जोधपुर से रांची पहुंची 25 साल की सपना की जिंदगी शहर-दर-शहर सफर में गुजरती है. चेहरे पर घूंघट, गोद में चार महीने की बिटिया और सामने सड़क किनारे रसोई के सामान की दुकान. हरमू चौक पर सपना अपने पति बलराम के साथ दुकान चला रही है. कारोबार के साथ उसे अपनी नन्ही बेटी की देखभाल भी करनी पड़ती है. कभी बच्ची को गोद में लेकर तो कभी झूले में सुलाकर वह ग्राहकों से मोलभाव करती है. राजस्थान से करीब 25 लोगों का समूह अलग-अलग राज्यों में घूमकर सामान बेचता है. रांची में उन्हें अच्छे कारोबार की उम्मीद है.

Zoom

राजस्थान के जोधपुर से रांची पहुंची 25 साल की सपना की जिंदगी शहर-दर-शहर सफर में गुजरती है.

रांची. 25 साल की सपना की जिंदगी में चौराहे, सड़कें और शहर बदलते रहते हैं. यह सब उसने बचपन से ही देखा है. यह कहानी सिर्फ सपना की नहीं, बल्कि राजस्थान के अलग-अलग शहरों से निकलकर देश के अलग-अलग राज्यों में पहुंचने वाली ऐसी अनगिनत महिलाओं की है, जो पलायन कर सड़क किनारे अपनी दुकान लगाती हैं और इसी के सहारे अपना जीवन गुजारती हैं. इन्हीं में से एक सपना भी है, जो अब रांची पहुंची है और यहां रसोई के सामान की दुकान लगाकर अपनी रोजी-रोटी चला रही है.

कारोबार के अलग-अलग रंग ही शहर की सड़कों को गुलजार बनाते हैं. राजधानी रांची की सड़कों पर पिछले कुछ दिनों से ऐसी ही तस्वीरें देखने को मिल रही हैं. शहर के हरमू चौक पर राजस्थान के जोधपुर से पहुंची सपना सड़क किनारे सामान लेकर बिक्री के लिए बैठी है. उसकी गोद में चार महीने की एक बेटी है, पास में एक झूला और सामने बेचने के लिए रसोई के ढेर सारे सामान. आठ दिन पहले राजस्थान से रांची पहुंचे सपना और उसके पति बलराम को उम्मीद है कि इस बार यहां उनके सामान की अच्छी बिक्री होगी.

सड़क किनारे पति-पत्नी लगाते हैं दुकान

हरमू चौक पर सड़क किनारे दोनों पति-पत्नी थोड़ी दूरी पर अलग-अलग दुकान लगाकर बैठे हैं. राजस्थान के रीति-रिवाजों और परंपराओं के अनुसार सपना हमेशा घूंघट में रहती है. घूंघट के अंदर से ही ग्राहकों के साथ सामान की खरीद-बिक्री और मोलभाव चलता रहता है. सपना ने बताया कि उसकी जिंदगी में हर पल चौराहे, सड़क और शहर बदलते रहते हैं. यह सब उसने बचपन से ही देखा है. जमीन पर लगी उसकी दुकान में रसोई में इस्तेमाल होने वाले तवा, कढ़ाई समेत लोहे के कई दूसरे सामान मौजूद हैं.

नन्ही बिटिया का भी रखना होता है ध्यान

सपना के लिए सामान बेचने के साथ-साथ अपनी बेटी को संभालना भी एक बड़ी जिम्मेदारी है. उसे दुकानदारी भी करनी है और रोती-भूखी बच्ची का भी ख्याल रखना है. तीखी धूप के बीच पेड़ की छांव में बैठी सपना ने बेटी के लिए एक झूला लगा रखा है. जब तक चार महीने की बच्ची जागती है, मां की गोद ही उसकी दुनिया होती है. लेकिन सो जाने के बाद उसे झूले में सुलाकर सपना को थोड़ी राहत मिलती है. इस दौरान भी एक महिला कारोबारी और मां के रूप में उसकी जिम्मेदारियां साथ-साथ चलती रहती हैं. ग्राहकों से बातचीत और सामान के मोलभाव के बीच वह बेटी का भी ध्यान रखती है.

राजस्थान से चला है 25 लोगों का ग्रुप

सपना के पति बलराम ने बताया कि उनके साथ करीब 25 लोगों का एक समूह है, जो राजस्थान से अलग-अलग प्रदेशों में सामान बेचने के लिए निकला है. इसी सिलसिले में वे रांची पहुंचे हैं. समूह के लोग जिस शहर के जिस हिस्से में सबसे ज्यादा बिक्री देखते हैं, वहां अधिक समय तक ठहरते हैं. बिक्री कम होने पर पूरा समूह उस शहर से दूसरी जगह के लिए रवाना हो जाता है.

फिलहाल सपना और बलराम को रांची पसंद आ रहा है. उनका कहना है कि यहां का मौसम और यहां के लोग काफी अच्छे हैं. उन्हें उम्मीद है कि रांची में उनका कारोबार अच्छा चलेगा.



Source link