राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 साल के इतिहास में कई ऐसे किस्से हैं, जिनके बारे में बहुत कम चर्चा होती है. ऐसा ही एक दिलचस्प प्रसंग संघ प्रमुख मोहन भागवत ने सुनाया है. उन्होंने 1930 के दशक की उस घटना का जिक्र किया, जब सेंट्रल प्रोविंसेज लेजिस्लेटिव असेंबली में आरएसएस पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश की जा रही थी. उस समय संघ के समर्थन में न तो कोई स्वयंसेवक सामने आया था और न ही उसकी विचारधारा का समर्थक. लेकिन इसी बीच इब्राहिम नाम के एक मुस्लिम व्यक्ति ने विधानसभा में खड़े होकर संघ का बचाव किया था.
जब RSS के समर्थन में विधानसभा में खड़े हुए इब्राहिम
मोहन भागवत ने नागपुर नागरिक सहकारी बैंक लिमिटेड के मुख्यालय में नवनिर्मित सभागार के उद्घाटन समारोह में यह पुराना किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि संघ के शुरुआती दौर में जब उस पर प्रतिबंध लगाने की कोशिश हो रही थी, तब इब्राहिम नाम के व्यक्ति ने इसके विरोध में आवाज उठाई थी.
भागवत के मुताबिक, इब्राहिम ने विधानसभा में कहा था कि इस संगठन को बंद नहीं किया जाना चाहिए, क्योंकि यह सांप्रदायिक नहीं है. उन्होंने अपने संबोधन में डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का भी जिक्र किया था.
बकौल भागवत इब्राहिम ने तब कहा था, ‘मेरा मानना है कि जो लोग कहते हैं कि हिंदुस्तान एक ‘हिंदू राष्ट्र’ है, उन्हें पागलखाने भेज देना चाहिए. लेकिन मैं डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार को व्यक्तिगत रूप से जानता हूं. वे पागल नहीं हैं, वे एक अच्छे इंसान हैं. इसलिए संघ कभी भी सांप्रदायिक नहीं हो सकता.’
इस तरह इब्राहिम ने उस दौर में आरएसएस का बचाव किया, जब संगठन को लेकर सार्वजनिक पहचान और समर्थन आज की तुलना में काफी सीमित था.
100 साल बाद भी स्वयंसेवक ही RSS की असली पहचान
भागवत ने कहा कि 1930 के दशक में भले ही बहुत कम लोग संघ के बारे में जानते थे, लेकिन डॉ. हेडगेवार का समाज में काफी सम्मान था. संघ की पहचान शुरुआत से ही उसके स्वयंसेवकों से बनी है और 100 साल बाद भी उसकी असली ताकत यही स्वयंसेवक हैं.
उन्होंने कहा कि संगठन की यात्रा किसी बाहरी मदद या कृपा का नतीजा नहीं है. पिछले 100 वर्षों में संघ ने जो प्रगति की है, उसके पीछे कार्यकर्ताओं का समर्पण, निस्वार्थ सेवा और उनका चरित्र है.
70-75 लाख स्वयंसेवक, करीब 4 हजार पूर्णकालिक प्रचारक
आरएसएस प्रमुख ने संगठन के पूर्णकालिक कार्यकर्ताओं यानी प्रचारकों की जीवनशैली पर भी बात की. उन्होंने कहा कि लोग अलग-अलग क्षमताओं, कौशल और मानवीय गुणों के साथ संघ से जुड़ते हैं, लेकिन उन्हें एक सूत्र में बांधने वाली चीज उनका पूर्ण समर्पण है.
भागवत ने कहा, ‘मैं खुद एक प्रचारक हूं. मैंने इतने वर्षों में प्रचारकों को बहुत करीब से देखा है और उनकी जीवनशैली अब मेरे स्वभाव का हिस्सा बन गई है.’
उन्होंने बताया कि आज स्वयंसेवक के रूप में पहचाने जाने वाले करीब 70 से 75 लाख लोगों में लगभग 4,000 पूर्णकालिक कार्यकर्ता ऐसे हैं, जिन्होंने राष्ट्र के भविष्य के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है. उनके मुताबिक, प्रचारकों के बारे में लोग निजी लाभ के लिए नहीं, बल्कि उनके प्रति सच्चे स्नेह और सम्मान के कारण लिखते हैं. संघ के काम से कोई भौतिक लाभ नहीं जुड़ा होता.
‘स्वयंसेवक का जीवन धारा के विपरीत तैरने जैसा’
भागवत ने स्वयंसेवक के जीवन को धारा के विपरीत तैरने जैसा बताया. उन्होंने कहा कि एक सच्चा स्वयंसेवक अहंकार, स्वार्थ और व्यक्तिगत अपेक्षाओं से मुक्त होकर जीवन जीने का प्रयास करता है. उसका ध्यान इस बात पर रहता है कि वह समाज के लिए कितना सकारात्मक योगदान दे सकता है.
उन्होंने कहा कि आमतौर पर विवाह संस्कार, उपनयन संस्कार के बाद होते हैं, लेकिन स्वयंसेवक के जीवन में त्याग का क्रम सबसे पहले आता है. भागवत के मुताबिक, दुनिया भारत के निस्वार्थ सेवा और सामाजिक समर्पण के मॉडल को करीब से देख रही है.
दुनिया की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए मजबूत समाज जरूरी
आरएसएस प्रमुख ने बदलती वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया आज भारत की ओर बड़ी उम्मीदों से देख रही है. इन उम्मीदों को जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के लिए एक मजबूत, अनुशासित और एकजुट समाज की जरूरत है.
उन्होंने जोर देकर कहा कि संगठन की 100 साल की यात्रा उसके कार्यकर्ताओं के समर्पण और निस्वार्थ सेवा से बनी है. उनके मुताबिक, स्वयंसेवकों का चरित्र और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता ही संघ की सबसे बड़ी पहचान है.