कोर्ट में दोषी साबित हुए एक्टर रसेल ब्रांड, दुष्कर्म-यौन उत्पीड़न मामले में मिली 10 साल 6 महीने की जेल की सजा

कोर्ट में दोषी साबित हुए एक्टर रसेल ब्रांड, दुष्कर्म-यौन उत्पीड़न मामले में मिली 10 साल 6 महीने की जेल की सजा


Last Updated:

मशहूर ब्रिटिश कॉमेडियन और एक्टर रसेल ब्रांड को अदालत ने सलाखों के पीछे भेज दिया है. साउथवार्क क्राउन कोर्ट ने उन्हें दुष्कर्म और तीन महिलाओं के यौन उत्पीड़न का दोषी करार देते हुए 10 साल और 6 महीने की लंबी कैद की सजा सुनाई है. जज ने कड़े शब्दों में उनकी हरकतों की निंदा की और कहा कि वह उन्होंने महिलाओं को निशाना बनाने के लिए अपने रसूख का गलत इस्तेमाल किया है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

रसेल ब्रांड रेप मामले में दोषी करार. (फोटो साभार : IMDb)

नई दिल्ली.  फेमस ब्रिटिश कॉमेडियन और एक्टर रसेल ब्रांड को अदालत ने दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न के मामलों में 10 साल 6 महीने की कैद की सजा सुनाई है. सोमवार को साउथवार्क क्राउन कोर्ट ने 51 साल के एक्टर को साल 2004 से 2009 के बीच एक महिला के साथ दुष्कर्म और तीन अन्य महिलाओं के यौन उत्पीड़न का दोषी करार दिया. जज ने ब्रांड को सेक्सुअल प्रीडेटर बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी शोहरत और रसूख का इस्तेमाल महिलाओं को निशाना बनाने के लिए किया. सजा के ऐलान के वक्त उनके चेहरे पर कोई भाव नहीं था.

सजा सुनाते हुए जज जोएल बेनाथन ने सख्त लहजे में कहा कि रसेल ब्रांड ने महिलाओं के प्रति बेहद लापरवाह और घमंडी रवैया दिखाया. उन्होंने ब्रांड को एक सेक्सुअल प्रीडेटर करार देते हुए कहा कि उन्होंने अपने नाम, शोहरत और रसूख का इस्तेमाल महिलाओं को शिकार बनाने के लिए किया. जज ने कहा कि करीब 20 साल पहले आप मशहूर हो रहे थे. आप समझदार थे और बहुत से लोगों की नजरों में बेहद मजाकिया और आकर्षक भी थे, लेकिन असलियत में आप एक सेक्सुअल प्रीडेटर बन चुके थे.

सजा मिलने के बाद पत्नी को कहा आई लव यू

सजा के ऐलान के वक्त रसेल ब्रांड के चेहरे पर कोई खास भाव नजर नहीं आए. बीबीसी के कोर्ट रिपोर्टर्स के मुताबिक, सजा सुनाए जाने के बाद जब कोर्ट अफसर उन्हें लॉकअप की तरफ ले जा रहे थे, तो उन्होंने अपनी पत्नी लॉरा ब्रांड को देखते हुए धीरे से आई लव यू कहा. सुनवाई के दौरान अदालत ने दुष्कर्म के मामले में उन्हें 9 साल की सजा सुनाई.

इन मामलों में रसेल ब्रांड को सुनाई गई सजा

इसके अलावा साल 2004 में लंदन के एक बार में महिला के यौन उत्पीड़न के मामले में 9 महीने, 2004 या 2005 में चॉइस एफएम स्टूडियो में असॉल्ट केस में 18 महीने और 2009 में चैनल 4 के एक प्रोजेक्ट पर काम करते वक्त यौन उत्पीड़न के एक अन्य मामले में 8 महीने की सजा दी गई है.

दुष्कर्म मामले में मिली 9 साल की जेल की कैद

अदालत के फैसले के मुताबिक, यौन उत्पीड़न के तीनों मामलों की सजा एक साथ चलेगी, लेकिन दुष्कर्म के 9 साल की सजा के बाद यह सजा क्रमवार रूप से लागू होगी. इस तरह रसेल की कुल जेल की सजा 10 साल और 6 महीने हो गई है. जज ने कहा कि ब्रांड ने पांच साल के दौरान कई महिलाओं के साथ यौन अपराध किए हैं और अगर सभी मामलों की सजा एक साथ चला दी जाती, तो यह उनके अपराध की गंभीरता को पूरी तरह से नहीं दर्शा पाती. इसलिए सजा के मामले में यह फैसला लिया गया है.



Source link