आइजेनकोट का भारत से रहा है खास रिश्ता… इजराइल में पीएम चाहे जो बने, पक्का दोस्त रहेगा

आइजेनकोट का भारत से रहा है खास रिश्ता… इजराइल में पीएम चाहे जो बने, पक्का दोस्त रहेगा


इजराइल में नेतन्याहू की कुर्सी डगमगा चुकी है. राष्ट्रपित ने आइजेनकोट को सरकार बनाने का पहला मौका दिया है. फिलहाल गठबंधन राजनीति में जोड़ तोड़ का सिलसिला जारी है. माना जा रहा है कि आइजेनकोट अरब पार्टियों के बाहरी समर्थन से सरकार बना सकते हैं. हालांकि उन्होंने सबसे पहले नेतन्याहू को सरकार में शामिल होने का मौका दिया है. आइजेनकोट के पीएम बनने की संभावना के बीच भारत के साथ इजराइल के रिश्तों को लेकर लोगों के मन में कई सवाल हैं, लेकिन असल में इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला.

यहूदी राष्ट्र की सत्ता में पीएम आते-जाते रहे हैं, मगर भारत के साथ इजराइल की दोस्ती कभी कमजोर नहीं पड़ी. खुद आइजेनकोट ही लंबे समय तक भारत के साथ काम कर चुके हैं. 2015 से लेकर 2019 तक जब आइजेनकोट इजराइली डिफेंस फोर्स के चीफ थे, तब भारत और इजराइल के रक्षा संबंधों ने नई ऊंचाईयों को छुआ था. ये वो दोर था जब दोनों देशों ने रक्षा संबंधों में कई ऊंचे मुकाम हासिल किए थे.

इजराइल में अभी क्या है सत्ता का गणित

इजराइल में इस समय पीएम को लेकर दिलचस्प जंग है. दरअसल 27 अक्टूबर के चुनाव में बेंजामिन नेतन्याहू की पार्टी की हार हुई. 120 सदस्यों वाली संसद में नेतन्याहू का गठबंधन सिर्फ 53 सीटें ही हासिल कर सका, जबकि आइजेनकोट के पास 48 सीटें हैं. चुनाव में तीसरी सबसे बड़ी ताकत अरब पार्टियां बनी हैं जो 19 सीटें लाई हैं.

राष्ट्रपति आइजैक हर्जोग ने फिलहाल आइजेनकोट को सरकार बनाने का मौका दिया है. हालांकि अभी ये तय नहीं कि वे सरकार बना पाएंगे या नहीं. आइजेनकोट या तो नेतन्याहू के सहयोग से सरकार बना सकते हैं, या फिर उन्हें अरब पार्टियों का सहयोग लेना होगा. सरकार बनाने के लिए फिलहाल आइजेनकोट के पास 28 दिनों का मौका है.

IDF चीफ रहे हैं गादी आइजेनकोट

गादी आइजेनकोट कभी नेतन्याहू के मुख्य सिपहलसालार थे. 19 मई 1960 को इजराइल के तिबेरियास में जन्मे नेतन्याहू 1978 में इजराइल की सेना में शामिल हुए और करीब चार दशक तक सेना में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं. 16 फरवरी 2015 को नेतन्याहू ने ही उन्हें आईडीएफ चीफ बनाया था. 2019 में उनका कार्यकाल पूरा हुआ. इसके बाद 2022 में उन्होंने राजनीति में कदम रखा. अक्टूबर 2023 में हमास का हमला हुआ तो नेतन्याहू ने एक युद्ध कैबिनेट बनाई थी. इसमें आइजेनकोट को पर्यवेक्षक के तौर पर शामिल किया गया था. हालांकि 2024 में उन्होंने इस कैबिनेट को छोड़कर अपनी राजनीतिक पार्टी याशर बनाई थी.

भारत से क्या रहा है कनेक्शन?

आइजेनकोट जब इजराइल की सेना के चीफ थे तब भारत और इजराइल के बीच रक्षा सहयोग को गति मिली थी. जून 2017 में भारतीय नौसेना के तत्कालीन प्रमुख और चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी के अध्यक्ष एडमिरल सुनील लांबा इजराइल के दौरे पर गए थे. इस दौरान उनकी मुलाकात गादी आइजेनकोट से हुई थी.

मुलाकात का मकसद आपसी रक्षा सहयोग को बढ़ाना था. इसका असर भी दिखा. 2015 से 2019 तक भारत और इजराइल के बीच रक्षा संबंध नई ऊंचाईयों पर पहुंचे 2015 में भारत और इजराइल ने मिलकर लंबी और मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल बराक-8 पर काम शुरू किया. इसके अलावा 2017 में इजराइल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज ने भारत को लगभग 2 अरब डॉलर के एयर डिफेंस सिस्टम की आपूर्ति के अनुबंध किए. स्पाइक एंटी टैंक मिसाइल का सौदा भी इसी दौरान हुआ था.

इजराइल इतना अहम क्यों है?

भारत और इजराइल के संबंधों के पीछे सिर्फ राजनीतिक दोस्ती नहीं, बल्कि कई रणनीतिक जरूरतें हैं. दरअसल दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण रक्षा संबंध हैं. भारत को आधुनिक मिसाइल, ड्रोन, रडार, निगरानी प्रणाली और एंटी टैंक हथियारों की जरूरत है. जो इजराइल उपलब्ध कराता है. इसके अलावा दोनों देशों के सामने आतंकवाद और सीमा पार से होने वाले सुरक्षा खतरों की चुनौती रही है. ऐसे में खुफिया जानकारी, सुरक्षा तकनीक और आतंकवाद विरोधी सहयोग महत्वपूर्ण हो जाता है.

इजराइल ड्रिप इरिगेशन, कम पानी में खेती और जल संरक्षण की तकनीक में आगे है. भारत में कई राज्यों में इजराइल के सहयोग से कृषि के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित किए गए हैं. भारत के विदेश मंत्रालय के फरवरी 2026 में जारी दसतावेज के मुताबिक दोनों देशों के बीच रक्षा, कृषि, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य, उद्यमिता और उभरती तकनीकों में सहयोग लगातार आगे बढ़ा है.



Source link